बंगाल में अनादि काल से हिन्दू संस्कृति फल-फूल रही थी किंतु दिल्ली सल्तनत के काल में बंगाल में मुस्लिम जनसंख्या का प्रसार हो गया तथा बंगाल की जनसंख्या को तलवार के बल पर इस्लाम के अधीन ले जाया गया।
बलबन ने बंगाल के सुल्तान तुगरिल खाँ को मारकर अपने पुत्र बुगरा खाँ को बंगाल का गवर्नर बनाया किंतु ई.1282 में बलबन की मृत्यु के बाद बुगरा खाँ ने बंगाल में एक अगल राज्य की स्थापना की जो दिल्ली से स्वतंत्र होकर शासन करता रहा। खिलजियों के समय में बंगाल स्वतंत्र राज्य बना रहा। इस काल में बंगाल में मुस्लिम जनसंख्या का तेजी से प्रसार हुआ। अल्लाउद्दीन खलजी ने बंगाल पर कोई चढ़ाई नहीं की।
गयासुद्दीन तुगलक के समय में बंगाल में शम्सुद्दीन के तीन पुत्रों- शिहाबुद्दीन, गयासुद्दीन बहादुर तथा नासिरूद्दीन में उत्तराधिकार का युद्ध हुआ। इस झगड़े में गयासुद्दीन बहादुर को सफलता प्राप्त हुई। उसने अपने भाइयों शिहाबुद्दीन तथा नासिरूद्दीन को लखनौती से मार भगाया और स्वयं को बंगाल का सुल्तान घोषित कर दिया।
शिहाबुद्दीन तथा नासिरूद्दीन ने सुल्तान गयासुद्दीन तुगलक से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। गयासुद्दीन ने उनका अनुरोध स्वीकार करके बंगाल पर आक्रमण किया। बंगाल के सुल्तान गयासुद्दीन बहादुर ने दिल्ली के सुल्तान गयासुद्दीन तुगलक का सामना किया परन्तु परास्त हो गया और कैद कर लिया गया। गयासुद्दीन तुगलक ने नासिरूद्दीन को लखनौती का शासक बना दिया। इस प्रकार बंगाल पर फिर से दिल्ली सल्तनत का अधिकार स्थापित हो गया। बंगाल में मुस्लिम जनसंख्या एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगी।
दिल्ली के सुल्तान मुहम्मद बिन तुगलक के समय पूर्वी बंगाल में बहराम खाँ शासन कर रहा था। उसके अंगरक्षक फखरूद्दीन ने ई.1337 में उसकी हत्या कर दी और स्वयं पूर्वी बंगाल का शासक बन गया। दिल्ली साम्राज्य की दशा को देखकर उसने स्वयं को बंगाल का स्वतन्त्र शासक घोषित कर दिया और अपने नाम की मुद्राएँ चलाने लगा। मुहम्मद बिन तुगलक की असमर्थता के कारण बंगाल स्वतंत्र हो गया।
ई.1345 में हाजी इलियास ‘शम्सुद्दीन इलियास’ के नाम से बंगाल का शासक बना। उसके काल में फीरोजशाह तुगलक ने बंगाल को पुनः अधीन करने का प्रयास किया किन्तु वह बंगाल को जीतने के बाद मुस्लिम स्त्रियों का करुण क्रंदन सुनकर बंगाल पर अपना अधिकार किये बिना ही दिल्ली लौट गया। इस घटना से स्पष्ट हो जाता है कि इस समय तक बंगाल में मुस्लिम जनसंख्या का काफी प्रसार हो चुका था।
ई.1357 में इलियास की मृत्यु के बाद उसका पुत्र सिकन्दरशाह बंगाल का सुल्तान बना। उसके समय में भी फीरोजशाह तुगलक ने बंगाल पर आक्रमण किया परन्तु इस बार भी फिरोज को निराश होकर वापस दिल्ली लौटना पड़ा। सिकन्दरशाह ने अपनी नई राजधानी पंडुवा में अनेक भव्य भवनों का निर्माण करवाया।
सिकन्दरशाह के बाद गियासुद्दीन आजम बंगाल का सुल्तान बना। वह एक योग्य शासक था। तैमूर लंग के भारत-आक्रमण के समय यही गियासुद्दीन आजम बंगाल का सुल्तान था। ई.1410 में उसकी मृत्यु के बाद सैफुद्दीन इम्जाशाह सुल्तान बना। वह एक निर्बल शासक सिद्ध हुआ।
To purchase this book, please click on photo.
पंद्रहवीं शताब्दी के आरम्भ में हिन्दू राजा गणेश ने बंगाल के तख्त पर अधिकार कर लिया। गणेश के पुत्र जादू ने इस्लाम स्वीकार करके जलालुद्दीन मुहम्मदशाह की उपाधि धारण की। उसने ई.1431 तक शासन किया। उसके बाद तीन-चार निर्बल शासकों ने बंगाल पर शासन किया। गणेश के निर्बल वंशजों के बाद नसिरूद्दीन नामक एक तेज-तर्रार योद्धा बंगाल का स्वतंत्र सुल्तान बना जिसने 17 वर्षों तक बंगाल पर शासन किया। ई.1460 में उसकी मृत्यु के बाद बारबकशाह सुल्तान बना। बारबकशाह के बाद शम्मसुद्दीन युसुफशाह ने ई.1481 तक बंगाल पर शासन किया। शम्मसुद्दीन युसुफशाह के उत्तराधिकारी सिकन्दर (द्वितीय) को पदच्युत करके जलाजुद्दीन फतेहशाह नया सुल्तान बना परन्तु ई.1486 में उसके हब्शी गुलामों के नेता बारबकशाह ने उसे मौत के घाट उतार कर तख्त पर कब्जा कर लिया। इसी प्रकार, ई.1490 में एक अन्य हब्शी सिद्दी बद्र ने सुल्तान महमूदशाह (द्वितीय) को मौत के घाट उतार कर बंगाल के तख्त पर अधिकार कर लिया। ई.1493 में अल्लाउद्दीन हुसैनशाह बंगाल का सुल्तान बना। उसके वंशजों ने लगभग 50 वर्ष तक बंगाल पर शासन किया।
ई.1494 में अल्लाउद्दीन ने जौनपुर के भगोड़े शासक हुसैन को अपने यहाँ आश्रय प्रदान किया। इस कारण उसका दिल्ली के सुल्तान सिकन्दर लोदी से संघर्ष हो गया परन्तु अंत में दोनों पक्षों के मध्य सन्धि हो गई जिसके अनुसार बिहार की पूर्वी सीमा दिल्ली सल्तनत तथा बंगाल सल्तनत के बीच, सीमा निश्चित कर दी गई।
अल्लाउद्दीन हुसैनशाह ने उड़ीसा तक अपने राज्य की सीमाओं का विस्तार किया। उसने मगध तथा कूच बिहार में स्थित कामतपुर पर आक्रमण करके उसे जीत लिया। उसके काल में बंगाल में मुस्लिम जनसंख्या तेजी से बढ़ी, साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी मुसलमानों को बसाया गया।
ई.1518 में अल्लाउद्दीन हुसैनशाह की मृत्यु के उपरान्त उसका पुत्र नासिरूद्दीन नुसरतशाह के नाम से तख्त पर बैठा। वह भी अपने पिता की भाँति भला तथा सफल शासक हुआ। उसने तिरहुत राज्य को जीतकर अपने राज्य में सम्मिलित कर लिया। नुसरतशाह को बंगला साहित्य और भवन-निर्माण में गहरी रुचि थी। उसने बड़ी सोना मस्जिद और जामा मस्जिद का निर्माण करवाया और महाभारत का बंगला भाषा में अनुवाद करवाया।
बाबरनामा के अनुसार बंगाल का यह मुसलमानी राज्य तत्कालीन हिन्दुस्तान में बड़ा शक्तिशाली और सम्मानित गिना जाता था।
वी. ए. स्मिथ ने लिखा है- ‘नुसरतशाह नाम अब भी समस्त बंगाल में सुपरिचित है। उसके चौबीस वर्ष के शासनकाल में कोई विद्रोह अथवा उपद्रव नहीं हुआ। उसका शासन शान्तिपूर्ण तथा सुखमय रहा, प्रजा उससे प्रेम करती थी तथा पड़ौसी उसका सम्मान करते थे।’
बाबर के आक्रमण के समय यही नुसरतशाह बंगाल का सुल्तान था। इस प्रकार ई.1205 में इख्तियारुद्दीन के बंगाल पर अधिकार करने से लेकर ई.1526 में बाबर के दिल्ली का शासक बनने तक तीन सौ इक्कीस साल की अवधि में बंगाली सुल्तानों की छत्रच्छाया में बंगाल में इस्लाम का जोरों से प्रचार हुआ तथा बंगाल में लाखों व्यक्तियों को हिन्दू धर्म छोड़कर मुसलमान हो जाना पड़ा।
भारत के अन्य प्रदेशों की तरह गुजरात में भी अनादि काल से हिन्दू सभ्यता एवं संस्कृति विकसित थी किंतु जब दिल्ली सल्तनत के सुल्तानों ने गुजरात को अपने अधीन किया तब गुजरात में मुस्लिम जनसंख्या का प्रसार होने लगा।
पाठकों को स्मरण होगा कि महमूद गजनवी ने सोमनाथ के मन्दिर को लूटकर अथाह सम्पत्ति प्राप्त की थी। तब से प्रत्येक मुसलमान शासक एवं विदेशी आक्रांता गुजरात को लूटने के लिए लालायित रहता था।
मुहम्मद गौरी, इल्तुतमिश, बलबन तथा अल्लाउद्दीन खिलजी आदि द्वारा गुजरात पर कई आक्रमण किये गए किंतु मुहम्मद गौरी, इल्तुतमिश एवं बलबन द्वारा किए गए आक्रमण गुजरात के चौलुक्य शासकों द्वारा विफल कर दिए गए। इन्हें इतिहास में सोलंकी भी कहा जाता है। जालौर, जैसलमेर तथा चित्तौड़ के राजपूतों ने भी इस अवधि में गुजरात के लिए रक्षापंक्ति का कार्य किया।
ई.1297 में अल्लाउद्दीन खिलजी की सेनाओं को गुजरात में पहली बार सफलता प्राप्त हुई। उस समय गुजरात में बघेला राज्य कर रहे थे। अल्लाउद्दीन खिलजी ने गुजरात को दल्ली सल्तनत में मिला लिया। उसने गुजरात की सम्पदा को लूटने में महमूद गजनवी से भी अधिक सफलता प्राप्त की। इसके बाद एक शताब्दी तक गुजरात दिल्ली सल्तनत के अधीन बना रहा।
दिल्ली के सुल्तानों समस्या यह थी कि यदि वे गुजरात के मुस्लिम प्रांतपति को मजबूत बनाने का प्रयास करते थे तो वह प्रांतपति स्वतंत्र होकर अलग सल्तनत की स्थापना का प्रयास करने लगते थे और यदि दिल्ली के सुल्तान गुजरात के प्रांतपति को कमजोर बनाए रखने का प्रयास करते थे तो उस क्षेत्र की हिन्दू शक्तियां इन प्रांतों में अपने खोए हुए राज्य की पुनर्स्थापना के लिए प्रयास करने लगती थीं।
इस रोचक इतिहास का वीडियो देखें-
इस दुविधा के कारण गुजरात जब तक दिल्ली सल्तनत के अधीन रहा, गुजरात के मुस्लिम सूबेदार गुजरात पर अपनी पकड़ मजबूत नहीं कर सके। इस काल में गुजरात में मुस्लिम जनसंख्या एवं मुस्लिम संस्कृति का प्रसार तो हुआ किंतु वह अधिक जोर नहीं पकड़ सका।
ई.1391 में दिल्ली के सुल्तान नासिरुद्दीन मुहम्मद तुगलक ने जफर खाँ नामक एक अमीर को गुजरात का सूबेदार नियुक्त किया। तैमूर के आक्रमण के समय जफर खाँ ने स्वयं को दिल्ली के प्रभुत्व से मुक्त कर लिया तथा मुजफ्फरशाह के नाम से गुजरात का स्वतंत्र शासक बन बैठा। मध्ययुगीन हिन्दू राजवंशों की भाँति गुजरात के नये मुस्लिम राजवंश का इतिहास भी पड़ौसी राज्यों के विरुद्ध हिंसा एवं संघर्षों से भरा पड़ा है।
मालवा एवं गुजरात में स्वतंत्र मुस्लिम राज्यों की स्थापना के बाद राजपूताने का प्रबल मेवाड़ राज्य तीन ओर से मुस्लिम राज्यों से घिर गया- उत्तर में दिल्ली सल्तनत, पश्चिम में गुजरात तथा दक्षिण में मालवा। ये तीनों मुस्लिम शक्तियां, मेवाड़ के जगमगाते हुए हिन्दू राज्य पर झपटने के लिये लालायित रहती थीं।
To purchase this book, please click on photo.
ई.1411 में मुजफ्फरशाह के नाती अहमदशाह ने अपने नाना मुजफ्फरशाह को विष देकर मार डाला और स्वयं गुजरात का सुल्तान बन गया। उसने ई.1442 तक गुजरात पर शासन किया। अहमदशाह ने मालवा, असीरगढ़, राजपूताना तथा अन्य पड़ौसी राज्यों के विरुद्ध कई युद्ध लड़े और अपने राज्य की सीमाओं का विस्तार किया। इतिहासकारों ने लिखा है कि अहमदशाह ने अहमदाबाद नामक प्रसिद्ध नगर की नींव डाली किंतु यह बात सही नहीं है। इस स्थान पर अत्यंत प्राचीन काल से भीलों का राज्य था जिसे अशवाल कहा जाता था। चौलुक्य राजा कर्णदेव (प्रथम) ने अशवाल के स्थान पर कर्णावती नामक नगर बसाया। अहमदशाह ने कर्णावती का नाम बदलकर अहमदाबाद कर दिया। गुजरात में स्वतंत्र मुस्लिम राज्य की स्थापना होने पर गुजरात में मुस्लिम जनसंख्या तेजी से बढ़ने लगी तथा मुस्लिम संस्कृति का भी विस्तार होने लगा। बड़ी संख्या में गुजरात के हिन्दू मुसलमान बनने लगे। जिन मंदिरों की रक्षा के लिए गुजरात के लोग अपने प्राणों की आहुति दिया करते थे, अब वे मुसलमान बनकर उन्हीं मंदिरों को तोड़ने लगे। मुसलमान बनने वाले गुजरातियों को गुजरात के सुल्तान अपनी सेना में बड़े पदों पर नियुक्त करते थे।
कुछ इतिहासकारों ने लिखा है कि गुजरात के सुल्तान अहमदशाह ने अपने सम्पूर्ण राज्यकाल में कभी हार नहीं खाई किंतु यह बात गलत है। मेवाड़ के महाराणा मोकल ने अहमदशाह को युद्ध में करारी मात दी जिसके कारण अहमदशाह को युद्ध का मैदान छोड़कर भाग जाना पड़ा। महाराणा मोकल की तरफ से इस युद्ध का नेतृत्व मारवाड़ का राजा रणमल्ल कर रहा था।
महाराणा मोकल के बाद महाराणा कुंभा मेवाड़ का स्वामी हुआ। उसके शिलालेखों के अनुसार महाराणा कुंभा के प्रबल पराक्रम के कारण दिल्ली और गुजरात के मुस्लिम शासकों ने महाराणा को छत्र भेंट करके उसे ‘हिन्दुसुरत्राण’ का विरुद प्रदान किया था। उस समय दिल्ली पर सैय्यद मुहम्मदशाह का तथा गुजरात पर अहमदशाह का शासन था। इस घटना के सम्बन्ध में अधिक विवरण प्राप्त नहीं होता।
डॉ. आशीर्वादी लाल श्रीवास्तव अहमदशाह की गणना गुजरात के महानतम शासकों में करते हैं किंतु यह बात सही नहीं है। अहमदशाह एक धर्मान्ध शासक था और अपनी गैर-मुस्लिम प्रजा के साथ उसका व्यवहार असहिष्णुतापूर्ण था। हिन्दुओं के धार्मिक स्थलों एवं मूर्तियों को नष्ट करना अहमदशाह के लिए सामान्य बात थी। उसकी मृत्यु के बाद गुजरात में तीन-चार निर्बल सुल्तान हुए।
ई.1456 में मेवाड़ के शासक महाराणा कुंभा ने नागौर पर अभियान किया। महाराणा के भय से नागौर के मुस्लिम सुल्तान शम्स खाँ ने गुजरात के सुल्तान कुतुबुद्दीन से अपनी पुत्री का विवाह करके गुजरात की सेना प्राप्त कर ली। गुजरात की सेना नागौर दुर्ग के चारों ओर सुरक्षा-घेरा बनाकर बैठ गई।
महाराणा कुंभकर्ण ने गुजरात के सुल्तान का उपहास करते हुए नागौर पर अधिकार कर लिया तथा नागौर में फीरोज द्वारा निर्मित ऊँची मस्जिद को जलाकर राख कर दिया। महाराणा की सेना ने नागौर दुर्ग को तोड़ डाला तथा उसके चारों ओर बनी खाई को मिट्टी से भर दिया। महाराणा ने गुजरात तथा नागौर की सेनाओं के हाथियों को छीन लिया, असंख्य यवनों को दण्ड दिया तथा उनकी यवनियों को कैद कर लिया।
इस अपमानजनक पराजय से तिलमिला कर गुजरात के सुल्तान कुतुबुद्दीन ने महाराणा के अधिकार वाले कुम्भलगढ़ तथा आबू पर आक्रमण किया। दोनों ही स्थानों पर गुजरात की सेनाओं की करारी पराजय हुई और सुल्तान कुतुबुद्दीन महाराणा कुंभा से संधि करके गुजरात लौट गया।
गुजरात के सुल्तान महमूद बेगड़ा को डर था कि उसे छल से विष देकर मारा जा सकता है, इसलिए वह स्वयं ही प्रतिदिन थोड़ा सा जहर खाता था ताकि उसका शरीर जहर सेवन का आदी हो जाए।
तैमूर लंग के आक्रमण के बाद दिल्ली सल्तन का शिकंजा ढीला पड़ गया तथा गुजरात, मालवा एवं नागौर में मुसलमानों के स्वतंत्र राज्यों की स्थापना हो गई। इन राज्यों के सुल्तान वैसे तो आपस में लड़ते रहते थे किंतु मेवाड़ के हिन्दू राज्य को निगलने के लिए एक हो जाया करते थे। उन्होंने महाराणा कुंभा पर बार-बार आक्रमण किए किंतु महाराणा कुंभा इन सब पर भारी पड़ता था और उनमें कसकर मार लगाता था।
ई.1460 में माण्डू के सुल्तान महमूद खिलजी ने तथा गुजरात के सुल्तान कुतुबुद्दीन ने एकराय होकर दो तरफ से मेवाड़ राज्य पर आक्रमण किया। महाराणा कुंभा के शिलालेखों में कहा गया है कि कुंभा ने गुजरात और मालवा के सुलतानों के सैन्य-समुद्र का मथन किया।
सुप्रसिद्ध इतिहासकार गौरीशंकर हीराचंद ओझा ने लिखा है कि नागौर के मुसलमानों ने हिन्दुओं को पीड़ा पहुंचाने के लिए नागौर में गौवध करना आरम्भ किया। महाराणा कुंभा ने नागौर के मुसलमानों द्वारा किए जा रहे इस अनाचार का समाचार प्राप्त होने पर पचास हजार घुड़सवार लेकर नागौर पर चढ़ाई की और नागौर दुर्ग पर अधिकार कर लिया। इस अभियान में नागौर के हजारों मुसलमान मारे गये।
महाराणा कुंभा के शिलालेखों में लिखा है कि कुंभा ने नागौर में काटने के लिए बांधी गई हजारों गौओं को छुड़ा लिया। कुंभा ने नागौर नगर को नष्ट करके वहाँ पशुओं के लिए गोचर बना दिया। महाराणा ने नागौर शहर को मस्जिदों सहित जला दिया और शम्स खाँ के खजाने से विपुल रत्न-संचय छीन लिया। उस काल की हिन्दू पुस्तकों में उल्लेख मिलता है कि नागौर में एक गाय को कष्ट में देखकर महाराणा इतना विचलित हो गया कि उसे पागलपन के दौरे पड़ने लगे।
ई.1458 में गुजरात के सुल्तान अहमदशाह का एक पौत्र अब्दुल फतेह खाँ ‘महमूदशाह’ की उपाधि धारण करके गुजरात के तख्त पर बैठा। इतिहास में उसे ‘महमूद बेगड़ा’ के नाम से जाना जाता है। वह 12 वर्ष की आयु में सुल्तान बना तथा 65 वर्ष की आयु तक जीवित रहा। उसने 53 वर्ष की दीर्घ अवधि तक गुजरात पर शासन किया और चम्पानेर, बड़ौदा, जूनागढ़, कच्छ आदि अनेक हिन्दू राज्यों पर अधिकार जमा लिया।
कहा जाता है कि महमूदशाह ने अपने जीवन में दो दुर्ग जीते थे- जूनागढ़ तथा चाम्पानेर। इसलिए उसे दो दुर्गों का स्वामी कहा गया। गुजराती भाषा में उसे बे-गढ़ा कहा गया जिसका अर्थ ‘दो दुर्ग वाला’ होता है। यही बे-गढ़ा आगे चलकर बेगड़ा हो गया। जूनागढ़ का वास्तविक नाम गिरिनार है।
To purchase this book, please click on photo.
महमूद बेगड़ा ने ई.1454 में चम्पानेर दुर्ग पर आक्रमण किया। जब चाम्पानेर के हिन्दू राजा को अपनी पराजय निश्चित जान पड़ने लगी तो दुर्ग में रह रही औरतों ने जौहर किया तथा हिन्दू वीरों ने अंतिम व्यक्ति के जीवित रहने तक युद्ध किया। महमूद ने चम्पानेर के निकट मुहम्मदाबाद नामक शहर बसाया। अपने शासन के अंतिम वर्षों में महमूद बेगड़ा ने हिन्दुओं के प्रसिद्ध तीर्थ द्वारिका पर आक्रमण किया तथा वहाँ के कई प्रसिद्ध हिन्दू मन्दिरों को गिरा दिया। महमूद ने द्वारिका के निकट लूटपाट करने वाले समुद्री समूहों का भी दमन किया जो भारत से मक्का जाने वाले हजयात्रियों को लूटते थे। महमूदशाह बेगड़ा के काल में भारत में पुर्तगालियों की गतिविधियां आरम्भ हो गई थीं। महमूद बेगड़ा ने उनकी बढ़ती हुई शक्ति को रोकने के लिए एक नौसेना का निर्माण किया तथा कालीकट के हिन्दू राजा के साथ मिलकर ई.1507 में चौल बन्दरगाह के निकट पुर्तगालियों को पराजित किया। ई.1509 में पुर्तगालियों ने ड्यू अथवा दीव के निकट गुजरात और कालीकट की संयुक्त सेनाओं को परास्त करके भारतीय समुद्र पर पुनः प्रभाव स्थापित कर लिया। उसी वर्ष अर्थात् ई.1509 में महमूद बेगड़ा की मृत्यु हो गई।
एक मुस्लिम इतिहासकार ने लिखा है- ‘महमूद बेगड़ा ने गुजरात राज्य के प्रताप तथा ऐश्वर्य की वृद्धि की, वह अपने से पहले और बाद के समस्त सुल्तानों में श्रेष्ठ है।’
महमूद बेगड़ा के बारे में कही गई यह बात सही प्रतीत नहीं होती। वास्तविकता यह है कि महमूद बेगड़ा ने गुजरात की नहीं, अपितु अपने ऐश्वर्य की वृद्धि की, इसमें श्रेष्ठता जैसी कोई बात नहीं है। वह एक धर्मांध शासक था तथा उसने हिन्दू प्रजा की उन्नति पर कोई ध्यान नहीं दिया।
महमूद बेगड़ा को डर था कि उसे छल से विष देकर मारा जा सकता है, इसलिए वह स्वयं ही प्रतिदिन थोड़ा सा जहर खाता था ताकि उसका शरीर जहर सेवन का आदी हो जाए। इस जहर के कुप्रभाव को रोकने के लिए महमूद को प्रतिदिन बहुत सारा भोजन करना पड़ता था जिसमें शहद और केले प्रमुख थे। उस काल के पुर्तगालियों ने अपनी पुस्तकों में महमूद बेगड़ा के भोजन का रोचक वर्णन किया है। उनके वर्णन अतिरंजना से भरे पड़े हैं। उन्होंने लिखा है कि महमूद बेगड़ा का व्यक्तित्व आकर्षक था। उसकी दाढ़ी कमर तक पहुँचती थी और मूंछें इतनी लम्बी थीं कि वह उन्हें सिर के ऊपर बाँधता था।
एक विदेशी यात्री ‘बरबोसा’ के अनुसार महमूद बेगड़ा को बचपन से ही किसी ज़हर का सेवन कराया गया था। अतः उसके हाथ पर यदि कोई मक्खी बैठ जाती थी, तो वह फूलकर तुरन्त मर जाती थी। महमूद पेटू के रूप में भी प्रसिद्ध था। कहा जाता है कि वह नाश्ते में एक कटोरा शहद, एक कटोरा मक्खन और सौ से डेढ़ सौ केले खाता था। वह दिन भर में 10 से 15 किलो भोजन खाता था। रात के समय उसके तकिए के दोनों ओर मांस के समोसों से भरी तश्तरियाँ रखी जाती थीं, ताकि भूख लगने पर वह तुरन्त खा सके।
महमूद बेगड़ा के विषय में गुजरात में तरह-तरह की कपोल कथाएँ प्रचलित थीं। एक इतालवी यात्री ‘लुडोविको डी वारदेमा’ महमूद बेगड़ा के राज्य में आया था, उसने भी इन कथाओं का उल्लेख किया है। महमूद बेगड़ा की मृत्यु के बाद उसका पुत्र मुजफ्फरशाह (द्वितीय) गुजरात का सुल्तान बना। उसने मालवा के हिन्दू शासक मेदिनीराय को परास्त करके महमूद खलजी को मालवा के तख्त पर बैठाया। इसलिए मुजफ्फरशाह को मेवाड़ के महाराणा संग्रामसिंह से युद्ध करना पड़ा जिसे इतिहास में सांगा के नाम से जाना जाता है। राणा सांगा से हुए युद्ध में मुजफ्फरशाह परास्त हुआ। अप्रैल 1526 में मुजफ्फरशाह की मृत्यु हो गई।
मुजफ्फरशाह (द्वितीय) के बाद सिकन्दर तथा सिकंदर के बाद महमूद (द्वितीय) गुजरात के शासक हुए जो अयोग्य एवं निर्बल थे। वे बहुत कम समय के लिए गुजरात के तख्त पर बैठ सके। जुलाई 1526 में मुजफ्फरशाह (द्वितीय) का एक पुत्र बहादुरशाह गुजरात का सुल्तान बना। वह योग्य तथा महत्त्वाकांक्षी शासक था। उसने गुजरात के मुस्लिम राज्य को फिर से ताकतवर बनाया तथा देश की तत्कालीन राजनीति में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उसी वर्ष अर्थात् ई.1526 में समरकंद के पदच्युत मुगल शासक बाबर ने भारत पर आक्रमण करके दिल्ली सल्तनत पर अधिकार कर लिया। बाबर के भारत-आक्रमण के समय यही बहादुरशाह गुजरात पर शासन कर रहा था। गुजरात के सुल्तानों के समय में गुजरात के हिन्दुओं को मुसलमान बनाने की जो प्रक्रिया आरम्भ हुई वह सैंकड़ों साल तक चलती रही। एक उदाहरण से इस बात को समझा जा सकता है कि पाकिस्तान के जनक मुहम्मद अली जिन्ना का दादा गुजराती हिन्दू था। उसने भारत की आजादी से कुछ दशक पहले ही इस्लाम अंगीकार किया था।
गोरियों एवं खिलजियों ने मालवा में मुस्लिम जनसंख्या का प्रसार किया!
मालवा अत्यंत प्राचीन काल से मालव गण द्वारा शासित हिन्दू क्षेत्र था। मालव वीरों ने सिकंदर से भी युद्ध किया था। जब इस क्षेत्र पर मुसलमानों का शासन हो गया तब गोरियों एवं खिलजियों ने मालवा में मुस्लिम जनसंख्या का प्रसार किया!
मालवा भारत का एक समृद्ध एवं हरा-भरा प्रदेश है। ई.1310 में अल्लाउद्दीन खिलजी ने मालवा को जीतकर दिल्ली सल्तनत में सम्मिलित किया था। तैमूर लंग के आक्रमण के समय यह प्रदेश दिल्ली सल्तनत से स्वतन्त्र हो गया और मालवा का सूबेदार दिलावर खाँ गौरी मालवा का स्वतन्त्र शासक बन गया।
दिलावर खाँ गौरी तथा उसके वंशजों ने ई.1401 से ई.1436 तक मालवा पर शासन किया। उसका वंश गौरी वंश कहलाता है। ई.1406 में दिलावर खाँ की मृत्यु के बाद उसका पुत्र अलपखाँ, हुसंगशाह के नाम से मालवा का सुल्तान बना। उसने उड़ीसा, दिल्ली, गुजरात, जौनपुर तथा बहमनी राज्यों के विरुद्ध युद्ध किये परन्तु इन युद्धों से मालवा को विशेष लाभ नहीं हुआ।
हुसंगशाह ने माण्डू को अपनी राजधानी बनाया। माण्डू दुर्ग-रक्षित नगर था एवं एक ऊँची पहाड़ी पर बना हुआ था। अब उसके केवल भग्नावशेष ही बचे हैं, जो जामी मस्जिद, हिंडोला महल, जहाज महल, हुसंग का मकबरा, बाजबहादुर तथा रूपमती के महल एवं अन्य भवनों के लिए विख्यात हैं।
ई.1435 में हुसंगशाह की मृत्यु के बाद उसका पुत्र गाजी खाँ ‘महमूदशाह’ के नाम से मालवा का सुल्तान हुआ। वह एक अयोग्य शासक था। उसमें अपने प्रतिद्वंद्वियों का सामना करने की शक्ति नहीं थी। ई.1436 में सुल्तान महमूदशाह गौरी को उसके वजीर महमूद खाँ खिलजी ने जहर देकर मार डाला और मालवा के तख्त पर अधिकार कर लिया।
महमूद खाँ खिलजी ने 33 वर्ष तक शासन किया। उसका वंश खिलजी वंश कहलाता है। उसके वंशज ई.1531 तक मालवा पर शासन करने में सफल रहे। महमूद खाँ खिलजी का अधिकांश समय गुजरात, दिल्ली, बहमनी और मेवाड़ के शासकों से लड़ने में व्यतीत हुआ।
इतिहासकार श्रीराम शर्मा ने लिखा है- ‘शायद ही कोई ऐसा वर्ष बीता हो जब महमूद खाँ खिलजी युद्धक्षेत्र में न उतरा हो। इसलिए उसका शिविर उसका घर तथा युद्धभूमि उसका विश्रामगृह बन गई।’
इन युद्धों के परिणामस्वरूप महमूद खाँ खिलजी के राज्य की सीमाएँ दक्षिण में सतपुड़ा तक, पश्चिम में गुजरात की सीमाओं तक, पूर्व में बुन्देलखण्ड तक और उत्तर में मेवाड़ तथा बून्दी राज्य की सीमाओं तक जा पहुँची। तत्कालीन मुस्लिम इतिहासकारों ने लिखा है कि सुल्तान महमूद विनम्र, वीर, न्यायप्रिय तथा विद्वान शासक था। उसके शासनकाल में हिन्दू तथा मुसलमान समस्त जनता सुखी थी और एक-दूसरे के साथ मित्रतापूर्ण व्यवहार करती थी।
To purchase this book, please click on photo.
मुस्लिम लेखकों ने महमूद खाँ की प्रशंसा तो की है किंतु महमूद खाँ खिलजी की उदारता एवं प्रजावत्सलता के कार्यों का कोई उल्लेख नहीं किया है। उन्होंने महमूद खाँ खिलजी की इतनी प्रशंसा संभवतः इसलिए की क्योंकि उसके बाद के तीन सुल्तान अत्यंत क्रूर एवं प्रजापीड़क सिद्ध हुए। ई.1469 में सुल्तान महमूद की मृत्यु के बाद उसका पुत्र गियासुद्दीन के नाम से मालवा के तख्त पर बैठा। वह अत्यधिक भोग-विलासी था। उसके हरम में लगभग 15,000 स्त्रियाँ थी। ई.1500 में गियासुद्दीन के पुत्र नासिरूद्दीन ने उसे जहर देकर मार डाला और तख्त पर अधिकार कर लिया। नासिरूद्दीन भी अपने पिता की तरह व्याभिचारी तथा प्रजा-पीड़क था। ई.1510 में एक दिन मदिरा के नशे में एक झील में गिर जाने से उसकी मृत्यु हो गई। उसके बाद उसका पुत्र महमूद (द्वितीय) मालवा का सुल्तान बना। उसके समय में मालवा शीघ्रता से पतन की ओर अग्रसर हुआ। महमूद (द्वितीय) ने एक योग्य हिन्दू सरदार को मालवा राज्य का प्रधानमंत्री बनाया किंतु मालवा के मुस्लिम अमीरों को सुल्तान का यह कार्य अच्छा नहीं लगा तथा अमीरों ने षड़यंत्र करके हिन्दू प्रधानमंत्री को मार डाला।
इस पर महमूद (द्वितीय) ने मुहाफिज खाँ को प्रधानमंत्री बनाया जो खाण्डू का सूबेदार भी था। मुहाफिज खाँ अत्यंत अत्याचारी व्यक्ति था। इस कारण सल्तनत में चारों ओर से विद्रोह फूट पड़े। शीघ्र ही मालवा में तीन सुल्तान हो गए जिन्होंने एक-दूसरे को चुनौती दी।
अन्त में, चन्देरी के शासक मेदिनीराय की सहायता से महमूद (द्वितीय) को अपने प्रतिद्वन्द्वियों को मार भगाने में सफलता मिली परन्तु महमूद (द्वितीय) को इसका भारी मूल्य चुकाना पड़ा। अब शासन पर मेदिनीराय का अधिकार हो गया। मेदिनीराय ने राज्य के महत्त्वपूर्ण पदों पर अपने विश्वस्त हिन्दुओं को नियुक्त किया जिसके कारण मालवा के मुस्लिम सरदारों में जबरदस्त असंतोष उत्पन्न हुआ।
उन्होंने गुजरात के मुस्लिम सुलतान से साँठ-गाँठ करके मेदिनीराय को उखाड़ फेंकने का निश्चय किया परन्तु मेदिनीराय ने मेवाड़ के महाराणा सांगा से सहयोग लेकर गुजरात एवं मालवा के विद्रोही मुस्लिम सरदारों की सेनाओं को परास्त कर दिया।
महाराणा सांगा द्वारा मालवा का सुल्तान बन्दी बना लिया गया किंतु महाराणा सांगा ने उदारता दिखाते हुए कुछ दिनों बाद सुल्तान महमूद (द्वितीय) को रिहा कर दिया तथा उसका राज्य भी उसे वापस लौटा दिया। ई.1531 में गुजरात के सुल्तान बहादुरशाह ने मालवा को जीतकर अपने राज्य में मिला लिया।
बहादुरशाह ने मालवा के पूर्व सुल्तान महमूद (द्वितीय) तथा उसके पुत्रों को चम्पानेर के दुर्ग में बंदी बनाकर रखने का आदेश दिया गया परन्तु मार्ग में ही उनकी हत्या कर दी गई। इस प्रकार मालवा की स्वतंत्र सत्ता का अंत हो गया और वह गुजरात राज्य का हिस्सा बन गया।
गुजरात और मालवा की सल्तनतें अब कुछ ही दिनों तक जीवित रहने वाली थीं क्योंकि समरकंद के मुगलों का विजय-रथ काबुल और पानीपत से होकर दिल्ली एवं आगरा तक पहुंच चुका था। इस काल तक मालवा में मुस्लिम जनसंख्या का बेतहाशा प्रसार हो चुका था।
बुढ़िया का चश्मा डॉ. मोहनलाल गुप्ता द्वारा लिखित भारतीय राजनीति तथा भारत में फैले भ्रष्टाचार पर एक करारा व्यंग्य है जो लघुनाटक के रूप में लिखा गया है। हिन्दी साहित्य में व्यंग्य नाटक लिखे जाने की परम्परा बहुत पुरानी है।
स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद लोगों की आकांक्षाएं जिस प्रकार बढ़ी हैं, संवेदनाएं भी उतनी ही तेजी से मरी हैं। लोग गांधी का नाम लेकर अपना उल्लू सीधा करने में तनिक भी नहीं हिचकिचाते। धर्म के नाम पर पापाचार का बोलबाला हो गया। शिक्षा के नाम पर दुकानें खुल गईं और न्यायालयों में मुकदमों के ढेर लग गये। भारत का आम आदमी आजादी के बाद स्वयं को ठगा सा महसूस करता है। साक्ष्यों के अपराध में बड़े-बड़े अपराधी छूट रहे हैं और आम आदमी न्याय के लिये दर-दर भटक रहा है।
अपराधियों के हौंसले इस कदर बढ़े हुए हैं कि पशुओं की चर्बी को घी में मिलाकर बेचा जा रह है। लोगों की किडनियां निकालकर बेची जा रही हैं। लाखों की संख्या में कन्या भू्रण हत्याएं हुई हैं। आधुनिकता के नाम पर अमीरों में पब और मॉल संस्कृति पनप गई है तो गरीब जनता को दो समय का चूल्हा जलाना भी कठिन है।
देश की जनता के मन में यह सवाल रह-रहकर उठना स्वाभाविक है कि क्या यही आजादी है? क्या इसी आजादी की प्राप्ति के लिये लाखों लोगों ने लाठी, गोली, जेल और मौत की यातनाएं झेलीं? इस नाटक में बुढ़िया दो भूमिकाओं में है। एक ओर वह अपने ही पुत्रों द्वारा छली गई भारत माता का प्रतीक है तो दूसरी ओर भ्रष्टाचार और निर्धनता के जबड़े में पिस रही आम जनता के रूप में भी है।
विरोध का स्वर मुखर करने वालों को विद्रोही समझा जाता है। इससे बड़ी विदू्रपता और क्या होगी कि गांधी के नाम पर लोगों को ठगने वाले दिन रात तरक्की कर रहे हैं और उन ठगों का विरोध करने वाले गांधी के दुश्मन ठहरा दिये जाते हैं।
यह लघु नाटिका इक्कसवीं सदी में प्रवेश कर चुके भारत की वास्तविक तस्वीर है जो किसी भी संवेदनशील व्यक्ति को भीतर तक झकझोर देने के लिये पर्याप्त है।
इस कुहासे के बीच आशा की एक किरण शेष है। वह है इस देश का शिक्षक। यदि शिक्षक चाहे तो इस देश को फिर से उसी ऊँचाई पर ले जा सकता है जिस ऊँचाई के लिये यह देश सदियों से विख्यात है। रामबाबू उसी शिक्षक की भूमिका में हैं।
पात्र परिचय
बुढ़िया, रामबाबू, कन्हैया, ढोंगी बाबा, अन्य पात्र।
समय
अभी सुबह के दस नहीं बजे हैं।
स्थान
बीच बाजार से गुजरने वाली सड़क।
मंच सज्जा
परदा उठता है। मंच पर पूरी तरह उजाला है। सड़क पर कुछ लोग आ-जा रहे हैं। हर कोई अपने काम-धंधे पर जाने की शीघ्रता में है। मंच पर एक ओर पान की छोटी सी थड़ी है जिस पर बैठा कन्हैया पान लगा रहा है। थड़ी पर जल रही धूपबत्तियों से धुंआ उठ रहा है। पास रखे टेपरिकॉर्डर से गीत बज रहा है- तेरे द्वार खड़ा भगवान भगत भर दे रे झोली।
मंच पर एक तरफ एक बुढ़िया बैठी हुई है। उसके कपड़े फटे हुए हैं और हाथ में भीख मांगने का कटोरा है। कुछ लोग पान की थड़ी पर पान खाने रुकते हैं और कुछ लोग बुढ़िया पर सरसरी दृष्टि डालकर आगे बढ़ जाते हैं। बुढ़िया की आँखों पर चश्मा लगा हुआ है। वह बार-बार चश्मा ठीक करके आते-जाते लोगों को देखती है।
बुढ़िया का चश्मा
रामबाबू तेजी से कदम बढ़ाते हुए मंच पर प्रवेश करते हैं। उन्होंने सफेद पैण्ट-शर्ट पहन रखी है। शर्ट की जेब में दो पैन रखे हुए हैं तथा आँखों पर मोटा सा चश्मा लगा है। रामबाबू पान की थड़ी के पास खड़े लोगों पर उड़ती हुई दृष्टि डालते हैं और सधे हुए कदमों से चलते हुए बुढ़िया के सामने से होकर आगे निकल जाते हैं। बुढ़िया अपने हाथ का कटोरा ऊँचा करके उन्हें आवाज लगाती है। जब बुढ़िया आवाज लगाती है तो कन्हैया टेपरिकॉर्डर बंद कर देता है।
बुढ़िया : बाबूजी, ओ ऽ ऽ ऽ बाबूजी! बच कर कहाँ जा रहे हैं ? इस बुढ़िया को कुछ देते जाइये।
रामबाबू : (झुंझलाकर पीछे की ओर मुड़ते हैं) ओफ्फओह! क्या मुसीबत है। जाने क्यों तू इतने सारे लोगों को छोड़कर केवल मुझी से पैसे मांगती है! यहाँ सड़क पर इतने सारे लोग आते-जाते हैं, किसी और से भी तो कुछ मांगा कर। जो लोग यहाँ पान खाने रुकते हैं, उन्हीं से कुछ मांग लिया कर। जब देखो तब (मुँह बिगाड़कर) बाबूजी, ओ ऽ ऽ ऽ बाबूजी! इस बुढ़िया को कुछ देते जाइये।
बुढ़िया : (हैरान होकर) कमाल करता है बेटा, तुझसे नहीं मांगूं तो और किससे मांगूं ?
रामबाबू : पहले तो तू सबसे पैसे मांगती थी!
बुढ़िया : हाँ मांगती थी किंतु अब केवल तुझसे ही मांगती हूँ और आगे भी तुझसे ही मांगूंगी।
रामबाबू : (खीझकर) मुझसे ही क्यों, क्या मैं तुझे करोड़पति दिखाई देता हूँ ?
बुढ़िया : (स्नेह से) करोड़पतियों के रुपये नहीं चाहिये रे, मुझे तो केवल तेरे रुपये चाहिये।
रामबाबू : (रुष्ट होकर) केवल मेरे रुपये चाहिये! क्यों? तू मेरे ही रुपयों की दुश्मन क्यों है? क्या मेरे रुपये हराम के हैं?
बुढ़िया : तेरे रुपये हराम के क्यों होंगे बेटा, तू ही तो एक इन्सान है जो इस सड़क से होकर निकलता है।
रामबाबू : तो क्या इस सड़क पर मैं अकेला ही इंसान हूँ ? बाकी के सब लोग क्या जानवर हैं ?
बुढ़िया : (हैरान होकर) बाकी के सब लोग ?
रामबाबू : (और भी अधिक हैरानी से) क्यों क्या हुआ ? यहाँ आदमी दिखाई नहीं दे रहे तुझे ?
बुढ़िया : होना क्या है, बात क्यों बढ़ाता है, मुझे कुछ पैसे दे और अपना रास्ता नाप।
रामबाबू : (स्वगत) बुढ़िया कुछ रहस्यमयी लगती है। (प्रकट में) मैंने क्या बात बढ़ाई तुझसे ?
बुढ़िया : (रुष्ट होकर) मैंने कहा ना, बात मत बढ़ा, रहस्यों पर पर्दा पड़ा रहने दे, मुझे कुछ पैसे दे और आगे बढ़ जा।
रामबाबू : (चारों ओर देखकर) क्या बात है, कौनसे रहस्य की बात कर रही है तू ?
बुढ़िया : कोई रहस्य नहीं है बेटा, मेरा चश्मा, (आँखों पर से चश्मा उतार कर हाथ में ले लेती है) यह सारा चक्कर इसी का चलाया हुआ है।
रामबाबू : चश्मे का चक्कर चलाया हुआ है ! क्या चक्कर चलाया हुआ है इस चश्मे ने ? देखूं तो !
बुढ़िया : इंसान का दिमाग खराब हो जाता है इस चश्मे को लगाकर, इसलिये तू न ही देखे तो अच्छा। मैं ही इस चश्मे के चक्कर में पड़कर भुगत रही हूँ ……. भूखी मर रही हूँ।
रामबाबू : तेरी अटपटी बातें मेरी समझ में नहीं आतीं। दिखा तो अपना चश्मा।
बुढ़िया : यही तो ऽ ऽ ऽ……, यही तो डर था मुझे। मांग लिया ना तूने चश्मा ! अब देखना तेरा भी दिमाग खराब हो जायेगा।
रामबाबू : जल्दी कर मुझे देर हो रही है, यदि चश्मा नहीं दिखाया तो मैं तुझे पैसे दिया बिना ही यहाँ से चला जाउंगा।
बुढ़िया : देख बेटा! मैं तुझे इस चश्मे के बारे में बताना तो नहीं चाहती थी किंतु तूने ज़िद ही पकड़ ली है तो मुझे बताना पड़ेगा। (चश्मा रामबाबू को देती है) जिसने मुझे यह चश्मा दिया था, उसने कहा था कि इस चश्मे के बारे में किसी को मत बताना किंतु तू ज़िद करता है तो ले यह, लगा कर देख।
रामबाबू : (बुढ़िया से चश्मा लेकर आँखों पर रखते हैं और फिर पूरा जोर लगाकर चीख पड़ते हैं) यह मुझे क्या दिखाई दे रहा है ?
बुढ़िया : (नाराज होकर) मैंने मना किया था न तुझे, किंतु तू मानता कहाँ है ? अब भुगत।
बुढ़िया : (उत्सुकता से) कौन-कौन से जानवर देखे तूने ?
रामबाबू : (उत्तेजित स्वर में) मैंने उस चौराहे पर बहुत से घड़ियाल, मगरमच्छ और गैण्डे देखे जो शोर मचाते हुए भागे चले जा रहे थे। यहाँ ठीक मेरे पास से एक बंदर बहुत तेजी से साइकिल चलाता हुआ भागा। थोड़ी दूरी पर कुछ चिम्पैंजी कार चला रहे थे। उनमें से कई चिम्पैंजियों के कानों पर मोबाइल लगा हुआ था और वे तेजी से चौराहे पर मुड़ रहे थे। उन्हें इस बात की परवाह नहीं थी कि उनकी कार के नीचे आकर कोई कुचला जा सकता है। यहाँ पान की थड़ी पर कुछ भेड़िये, लक्कड़बग्घे और लोमड़े पान खा रहे थे। हे भगवान! (सिर पकड़ लेते हैं।) यह कैसा जादू है ! (बुढ़िया के पास धरती पर बैठ जाते हैं और हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हैं) सच बता तू कौन है ?
बुढ़िया : मैं तो वही रोज वाली बुढ़िया हूँ बेटा जो केवल तुझसे पैसे मांगती हूँ। (शिकायत के स्वर में) तू भी तो मुझे रोज पैसे नहीं देता, आजकल मुझे भूखे ही सोना पड़ता है।
रामबाबू : (मुलायम स्वर में) मैं तुझे खूब सारे पैसे दूंगा। मेरी जेब में जितने पैसे हैं, सारे दे दूंगा। पहले बता तू कौन है ? कोई चमत्कारी साधवी है ? योगिनी है ? महान आत्मा है या बुढ़िया के वेश में कोई देवी है ? जादूगरनी है तू ?
बुढ़िया : पड़ गया न तू फालतू के सवालों में ! इसी से कहती थी बात मत बढ़ा, पैसे दे और आगे चल।
रामबाबू : (जेब से दो रुपये निकालकर बुढ़िया को देते हैं) ऐ माई बता ना, कौन है तू और तूने मुझे यह कौन सा चमत्कार दिखाया?
बुढ़िया : मैंने नहीं रे! जो कुछ दिखाया इस चश्मे ने दिखाया।
रामबाबू : चश्मे ने! (फिर से चश्मा आँखों पर रखते हैं और उत्तेजित होकर चीख पड़ते हैं) हाँ-हाँ मुझे फिर से कुछ भालू मोटर साइकिल चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं जिन्होंने एक लोमड़े को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया है। सड़क पर गिरे लोमड़े के सिर से खून बह रहा है। जो भेड़िये और लक्कड़बग्घे यहाँ पान की थड़ी पर लोमड़े के साथ खड़े हुए पान खा रहे थे, वे उस घायल लोमड़े की सहायता करने की बजाय उस पर हँस रहे हैं।
बुढ़िया : (तेज आवाज में) उतार दे, उतार दे, यह चश्मा अपनी आँखों से उतार दे, नहीं तो पागल हो जायेगा।
रामबाबू : (चश्मा उतारकर) कहाँ से मिला तुझे यह चश्मा ?
बुढ़िया : (फुसफुसा कर) एक साधु बाबा ने दिया था।
रामबाबू : क्यों दिया था ?
बुढ़िया : अरे कुछ दिन पहले की बात है। मैं यहाँ बैठकर भीख मांग रही थी। मैंने एक सूट-बूट और चश्मा पहने हुए आदमी से पैसे मांगे तो उसने मुझे पैसे देने की बजाय कसकर लात मारी।
कन्हैया : (पान लगाना छोड़कर) पूरी बात बता माई। (पास खड़े आदमी को एक ओर हटाता है) ऐ ऽ ऽ ऽ………. साइड में हट।
बुढ़िया : तू बता दे ना, मुझे तो समझ में नहीं आया कि उसने क्या कहा ? अंग्रेजी में गिटर-पिटर कर रहा था।
कन्हैया : मास्टरजी ! उसने माई से कहा कि इण्डिया के हर सिटी में बैगर्स की क्यू लगी हुई है। इनके कारण देश कितना अगली दिखाई देता है। फोरेनर्स इनकी फोटो खींचते हैं, इनकी फिल्में उतारकर अपने देशों में दिखाते हैं जिससे इण्डिया डीफे़म होती है। इन्हें तो एक साथ हैंग कर देना चाहिये।
रामबाबू : (हैरानी से) आगे क्या हुआ ?
बुढ़िया : आगे क्या होना था, उसने मुझे कसकर लात मारी तो मैं गिर पड़ी और घबराकर जोर-जोर से रोने लगी।
रामबाबू : (सहानुभूति दिखाते हुए) वो आदमी था कि कसाई !
बुढ़िया : मैं तो उसे आदमी ही समझी थी किंतु वह तो गैण्डा था।
रामबाबू : (हैरान होकर) गैण्डा था ! तुझे कैसे पता चला!
बुढ़िया : जैसे ही मैं घबराकर चीखी, एक साधु महात्मा यहाँ से निकले। मुझे रोते हुए देखा तो उन्हें मुझ पर बड़ी दया आई। वे बोले चुप हो जा माई। गलती तेरी ही है। मैंने पूछा मेरी क्या गलती है ? मेरे दो हट्टे-कट्टे और खाते-पीते बेटे हैं जिन्होंने अपनी बहुओं के कहने पर मुझे घर से धक्के मारकर निकाल दिया। अब मैं भीख मांगकर गुजारा करती हूँ तो इसमें मेरी क्या गलती है ? (रुककर) मैं फिर से रोने लगी तो साधु बाबा ने मुझे यह चश्मा दिया और बोले, रो मत माई! यह चश्मा लगाकर देख, तुझे अपनी गलती समझ में आ जायेगी। मैंने यह चश्मा लगाकर देखा तो मुझे सूट-बूट पहनकर खड़े हुए आदमी के स्थान पर एक गैण्डा दिखाई दिया। साधु बाबा बोले, अब समझ में आया कि इसने तुझे लात क्यों मारी!
रामबाबू : क्या मतलब ?
कन्हैया : मतलब साफ है। वह आदमी की देह में गैण्डा था। उसकी चमड़ी बहुत मोटी थी। वह यह तो सोचता था कि भिखारियों के कारण देश बदसूरत दिखाई देता है किंतु यह नहीं सोचता था कि लोग आखिर भिखारी क्यों बनते हैं ? न यह सोचता था कि भिखारी भी इंसान हैं, उन्हें लात नहीं मारनी चाहिये।
बुढ़िया : उसी दिन मुझे मालूम हुआ कि उस आदमी की तरह बहुत से लोग दिखने में तो आदमी होते हैं किंतु वास्तव में वे आदमी नहीं होते, वे तो गैण्डे, भेड़िये, बंदर और चिम्पैंजी होते हैं। उनके भीतर दूसरों के लिये कोई संवदेना नहीं होती। इसलिये वे मुझे पैसे देने के स्थान पर गालियां देते हैं, कुछ लोग धक्का देते हैं और कुछ लोग तो लात भी मार देते हैं।
रामबाबू : (हैरानी से) अच्छा, ऐसा क्या ! (फिर से खड़े होकर चश्मा लगाते हैं) अरे ऽ ऽ ऽ …..। सच कह रही है तू (इधर-उधर देखकर) मुझे फिर से कोट पैण्ट पहने हुए बंदर, भालू चिम्पैंजी और गैण्डे दिखाई दे रहे हैं। कुछ घड़ियाल भी हैं। (अचानक चश्मा उतारकर) लेकिन इस चश्मे से यह कैसे मालूम पड़ा कि तू मुझसे ही पैसे मांगे ? (आवेश में आकरं) मुझे बेवकूफ बनाती है ?
बुढ़िया : (हँसकर) मैं जानती थी, तू यही कहेगा। अरे भोले मानुस, जब मुझे यह चश्मा मिला तो मैं इसे पहनकर भीख मांगने लगी ताकि मैं किसी जानवर से भीख न मांग बैठूं, केवल इंसान से ही भीख मांगूं और मुझे गालियां, धक्के या लात नहीं खाने पड़ें लेकिन क्या करूं (उदास होकर) मैं कई दिनों से चश्मा लगाकर देख रही हूँ किंतु पूरी सड़क पर एक तू ही मुझे इंसान के रूप में दिखाई देता है। तेरे अतिरिक्त और कोई इंसान इस सड़क से होकर नहीं गुजरता।
रामबाबू : (हैरानी से) यह क्या कह रही है तू ? मैं तो एक साधारण स्कूल मास्टर हूँ। दिन में स्कूल के बच्चों को पढ़ाता हूँ और रात में पेटभर खाकर सो जाता हूँ। मैंने तो आज तक कोई पुण्य का काम भी नहीं किया। इस सड़क से होकर नित्य ही बहुत से ज्ञानी-ध्यानी, धनी-मानी, त्यागी और तपस्वी लोग निकलते होंगे। वे समाज के जाने-माने लोग हैं, लाखों रुपये का दान पुण्य करते हैं। नेत्रहीनों, विधवाओं और विकलांगों की संस्थाओं को चंदा देते हैं। मैं उनका मुकाबला थोड़े ही कर सकता हूँ।
बुढ़िया : पहले मैं भी तेरी तरह सोचती थी। (सड़क की ओर संकेत करके) लोगों की चमचमाती गाड़ियां, इस्तरी करे हुए सूट, माथे पर लगे हुए तिलक और कंधों पर पड़े हुए दुशाले देखकर मेरे मन में उनके त्यागी-तपस्वी और धर्मात्मा होने के बारे में विश्वास जगता था और मैं उनसे भीख मांगती थी। उनमें से बहुत से लोग मुझे भीख भी देते थे किंतु अब मैं उन लोगों को इस चश्मे से देखती हूँ तो मुझे इंसान की जगह तरह-तरह के जानवर दिखाई देते हैं।
रामबाबू : (आवेश में आकर जोर से चिल्लाते हैं) लेकिन इस देश में इतने सारे जानवर कहाँ से आये ? यह देश तो ऋषियों-मुनियों का देश है। इस धरती पर वेद प्रकट हुए, इसी धरती पर भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के उपदेश दिये। इस धरती पर गौतम बुद्ध ने विहार किया और इसी धरती पर भगवान महावीर ने तपस्या करके इन्द्रियों को जीतने का मार्ग सुझाया। इस देश को नानक और कबीर ने सच्चाई का मार्ग दिखाया। सूर, तुलसी, रहीम और रसखान के पद आज भी इस देश की हवाओं में घुले हुए हैं। गंगा और यमुना आज भी इस देश में बहती हैं। फिर इस देश में आदमियों के स्थान पर इतने सारे जानवर कहाँ से आये? (सुबकने लगते हैं।)
कन्हैया : गांधीजी को तो भूल गये मास्टरजी !
रामबाबू : हाँ, मैं गांधी को भूल गया। मैं क्या पूरा देश गांधी को भूल गया। और भी अच्छा होता कि यह देश गांधी को आज से साठ साल पहले भूल गया होता। कम से कम इस देश के सफेद पोश लुटेरे, गांधी का नाम ले-लेकर इस देश को लूट तो न पाते।
कन्हैया : वो कैसे मास्टरजी ?
रामबाबू : तुमने एक कहावत सुनी होगी, मुँह में राम, बगल में छुरी। मैं कहता हूँ अब उस कहावत को ऐसे कर देना चाहिये, मुंह में गांधी, बगल में छुरी। आज हर सरकारी कार्यालय में गांधी का चित्र लगा हुआ है और लोग उसके नीचे बैठकर घूस खा रहे हैं, काम चोरी कर रहे हैं, लोगों के साथ बुरा व्यवहार कर रहे हैं और उनका हिस्सा मार रहे हैं।
बुढ़िया : दुखी मत हो मेरे लाल।
रामबाबू : (कमीज की आस्तीन से आँखें पौंछते हैं) पहले तो तू मुझे दुखी करती है और फिर…….।
बात अधूरी रह जाती है। कन्हैया पान की थड़ी पर रखे टेपरिकॉर्डर को ऑन कर देता है। तेज आवाज में गीत बजने लगता है- दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल।
रामबाबू : (जोर से चीखकर) गलत बात है यह ! (कन्हैया टेपरिकॉर्डर बंद कर देता है) बिना खड्ग और बिना ढाल के कभी आजादी नहीं मिलती। यदि खड्ग और ढाल इतनी बुरी चीजें हैं तो इस देश में झांसी की रानी लक्ष्मी बाई, चंद्र शेखर आजाद, सुभाषचंद्र बोस और भगतसिंह के गीत गाने का क्या मतलब है ? बच्चों की किताबों में महाराणा प्रताप के होने का क्या मतलब है ? उन्नीस सौ बांसठ, पैंसठ और इकहत्तर की लड़ाइयाँ जीतने का क्या मतलब है ?
कन्हैया : (हँसकर) आज तो गांधी बाबा के खिलाफ बोल रहे हो मास्टरजी।
रामबाबू : (आवेश में) गांधी के खिलाफ नहीं बोल रहा मैं। मैं तो उन लोगों के खिलाफ बोल रहा हूँ जिन्होंने गांधी के नाम को भुनाने के लिये इस देश में कितनी तरह के भ्रम फैला दिये। क्या गांधी ने करो या मरो का नारा नहीं दिया ? क्या गांधी ने अंग्रजों भारत छोड़ो का नारा नहीं दिया ? क्या गांधी ने अंग्रेजों को उनके अपने देश में जाकर, भारत खाली करने के लिये नहीं ललकारा। और तुम कह रहे हो कि मैं गांधी के खिलाफ बोल रहा हूँ !
कन्हैया फिर से टेपरिकॉर्डर चलाता है। तेज आवाज में गीत बजता है- सारे जहां से अच्छा, हिन्दुस्तां हमारा, हम बुलबुलें हैं इसकी……।
रामबाबू : (कन्हैया की ओर देखकर चिल्लाते हैं) अबे बंद कर इस गाने को।
कन्हैया : (टेपरिकॉर्डर बंद करके) ये लो बाबूजी। बंद कर दिया, चिल्लाते क्यों हो ?
रामबाबू : (गुस्से में कांपते हुए) सारे जहां से अच्छा है यह देश ? सारे जहां से ? अरे इस देश के नगर-नगर में नकली घी बनाने के कारखाने हैं। कहीं पशुओं की चर्बी निकालकर घी में मिलाई जा रही है तो कहीं आदमियों की हड्डियों में से चर्बी निकाली जा रही है। अस्पतालों में लोगों को आदमी के स्थान पर जानवरों का खून चढ़ाया जा रहा है। कचरे के ढेरों में कन्याओं के भू्रण पड़े हैं। लोगों की किडनियां चुराई जा रही हैं। निठारी के नाले मासूम बच्चों के शवों से भरे पड़े हैं और सारा देश गीत गाते नहीं थकता (व्यंग्य से) सारे जहां से अच्छा, हिन्दुस्तां हमारा, हम बुलबुलें हैं इसकी………..। अरे हम वो बुलबुलें हैं जो इस देश का दाना तो खाती हैं किंतु इस देश को अपनी बीटों से गंदा भी करती हैं।
बुढ़िया : इस चश्मे में यही बुराई है। जो भी इसे लगाता है, पागल हो जाता है।
रामबाबू : (दर्शकों की ओर देखकर चिल्लाते हैं) ये बुढ़िया कहती है कि मैं पागल हो गया हूँ ? अरे ऽ ऽ ऽ ! मैं कहता हूँ कि इस देश के हालात को देखकर जो लोग पागल नहीं होते, वे पागल हो गये हैं। जिस देश के लोगों ने अपने ही देश के पच्चीस लाख करोड़ रुपये चुराकर स्विस बैंकों में छिपा दिये हों, जिस देश में एक लाख सत्तर हजार करोड़ रुपये की नकली मुद्रा चलती हो, जिस देश में खेलों के आयोजन पर चालीस लाख करोड़ रुपये का घोटाला होता हो, जिस देश में एक कर्णधार पौने दो लाख करोड़ रुपये डकारने के जुर्म में जेल में बंद हो, जिस देश के एक प्रदेश का मुखिया चार हजार करोड़ रुपये ठोकने के जुर्म में जेल में पड़ा हो, उस देश में भी यदि लोग पागल नहीं होते तो……….पागल नहीं होते तो……….। (बोलते-बोलते हांफ जाते हैं आगे कुछ सूझता नहीं है।)
कन्हैया : अच्छा मास्टरजी! आप पागल मत बनो। अरे जिन्होंने चोरी की है, वे जेल में पड़े हैं ना ! कौनसा सुख भोग रहे हैं! आप तो ये दूसरा गीत सुनो !
कन्हैया फिर से टेपरिकॉर्डर चला देता है। टेप से गीत बजता है- जो जिससे मिला सीखा हमने। गैरों को भी अपनाया हमने। मतलब के लिये अंधे होकर रोटी को नहीं पूजा हमने। दो लाइन बजाकर टेपरिकॉर्डर बंद कर देता है।
रामबाबू : (व्यंग्य से) बहुत ठीक सुना रहे हो! जो जिससे मिला सीखा हमने! इस देश के लोगों ने दूसरों से इतना सीखा कि देश के लोगों की भाषा बदल गई। इतना सीखा कि देश के लोगों की वेषभूषा बदल गई। खानपान बदल गया, चिंतन बदल गया, जीवन शैली बदल गई। हमने दूसरों से इतना सीखा कि इस देश की औरतें माताजी और बहिनजी से मैडम हो गईं तथा आदमी काका और भाईसाहब से सर हो गये।
कन्हैया : (खीझकर) तो फिर कौनसा गीत सुनाऊं आपको ! लो ये वाला सुनो।
कन्हैया फिर से टेपरिकॉर्डर चलाता है- ये देश है वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का, इस देश का यारों क्या कहना, ये देश है दुनिया का गहना।
रामबाबू : (और भी ज्यादा भड़क जाते हैं) सचमुच ये देश वीर जवानों का है। तभी तो इस देश में रात को कोई अकेली लड़की घर से नहीं निकल सकती। सफेद पोश लोग लड़कियों को तंदूर में झौंक देते हैं। चलती हुई रेलगाड़ियों और सड़क पर दौड़ती हुई कारों में बलात्कार होते हैं। अरे दूर क्यों जाते हो, इस देश में प्रशासकों के अपहरण होते हैं और आंदोलनकारी जनता, पुलिस वालों के हाथ पैर काटकर सड़कों पर डाल देती है।
कन्हैया : ओफ्फोह! ये भी नहीं ! तो फिर ये सुनो, ये गाना आपको जरूर पसंद आयेगा।
कन्हैया फिर से टेप रिकॉर्डर चालू करता है। गीत बजता है- जहाँ सत्य अहिंसा और धर्म का पग-पग लगता डेरा, वो भारत देश है मेरा। रामबाबू कन्हैया को घूर कर देखते हैं, कन्हैया सहम कर टेपरिकॉर्डर बंद कर देता है।
रामबाबू : बजाओ-बजाओ, बंद क्यों कर दिया। शायद पग-पग पर धर्म, अहिंसा और धर्म के डेरे देखने वालों को दिखाई नहीं देता कि इस देश के कितने पबों में बैठी लड़कियां शराब पी रही हैं। स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले लड़के-लड़कियां एक दूसरे की कमर में हाथ डालकर मॉल और रेलवे स्टेशनों पर घूम रहे हैं। देश में किशोरियों के गर्भपातों की संख्या नित नये रिकॉर्ड बना रही है।
कन्हैया रामबाबू की बात अनसुनी करके फिर से टेपरिकॉर्डर चालू कर देता है। गीत बजता है- मेरा रंग दे बसंती चोला, माँ ए ऽ रंग दे बसंती चोला।
रामबाबू : बंद कर, बंद कर। भगवान के लिये अब तू कोई और गीत न बजा। इन गीतों को सुनकर मेरा मन अशांत होता है।
लम्बी दाढ़ी और सफेद धोती-कुर्ते वाला ढोंगी बाबा प्रवेश करता है। गले में मोटे-मोटे रुद्राक्षों की मालायें लटक रही हैं।
ढोंगी बाबा : क्यों अशांत हो पुत्र! यदि शांति चाहते हो तो मेरे आश्रम में आओ। एक हजार एकड़ में फैले मेरे दिव्य आश्रम की बहिनें तुम्हें सहज शांति की प्राप्ति के लिये मार्ग बतायेंगी। तुम्हंे प्रेम और शांति की बांसुरी सुनायेंगी।
रामबाबू : (चौंककर) अरे बाबा, आप कब आये ?
ढोंगी बाबा : जहाँ मेरी आवश्यकता होती है, वहाँ मैं कभी भी पहुँच जाता हूँ पुत्र। बताओ तुम्हारा चित्त क्यों अशांत है ?
रामबाबू : मेरा चित्त इस कन्हैया ने अशांत कर दिया है। नहीं-नहीं कन्हैया ने नहीं, इस माई ने अशांत कर दिया है ? (बाबा के पैरों में गिरकर) मुझे शांति दो बाबा।
ढोंगी बाबा : (हँसकर) इस फरेबी बुढ़िया के फेर में मत पड़ो पुत्र। तुम कुछ दिन मेरे आश्रम में ज्ञान और अध्यात्म की प्राप्ति करो। बड़े-बड़े सरकारी अफसर, नेता, बिजनिस टाइकून, मंत्री और मीडिया के लोग मेरे आश्रम में आते हैं। उन्हें बहुत लाभ हुआ है।
रामबाबू क्षण भर के लिये कुछ सोचते हैं और फिर अपनी आँखों पर चश्मा रखकर ढोंगी बाबा की ओर देखते हैं।
रामबाबू : (चीखकर) अरे हरामखोर तू ! तू तो वही है न जिसके आश्रम में वेश्यावृत्ति का अड्डा चलता है। धर्म के नाम पर भोली-भाली लड़कियों को फंसाकर तू उन्हें समाज के शक्तिशाली सफेदपोशों को सप्लाई करता है। यही है तेरा शांति का मार्ग? नीच ! ढोंगी ! पाखण्डी !
ढोंगी बाबा अपनी नकली दाढ़ी मूंछ निकाल कर फैंक देता है।
ढोंगी बाबा : (हैरान होकर) कमाल है। आज तक मुझे किसी ने नहीं पहचाना। तू पहला व्यक्ति है जिसने बिना कोई समय गंवाये मेरा सारा धंधा उजागर कर दिया।
रामबाबू : (क्रोध से) हरामखोर पाखण्डी ! तेरे जैसे लोगों के कारण इस देश में साधु महात्मा बदनाम हो गये, लोगों का धर्माचरण से विश्वास उठ गया। भाग जा यहाँ से वरना……..।
ढोंगी बाबा : वरना क्या ?
रामबाबू : यदि तू नहीं गया तो मैं तुझे जान से मार डालूंगा।
ढोंगी बाबा : (हैरान होकर) इतना समझदार होकर भी गैर कानूनी काम करेगा !
रामबाबू : (दुखी होकर) यही तो, यही तो दुख है। इस देश की कानूनी व्यवस्था का लाभ तुझ जैसे अपराधी उठा रहे हैं।
ढोंगी बाबा : (हँसकर) देश की कानूनी व्यवस्था पर अंगुली उठाना अपराध है बच्चा। अदालत की मानहानि के जुर्म में पकड़ लिये जाओगे।
रामबाबू : मानहानि ! कैसी मानहानि ! यदि तुम लोग पाप से कमाये हुए पैसे के बल पर महंगे से महंगे वकीलों की फौज खड़ी करके कोर्ट में तथ्यों को बदल डालते हो, गवाहों को खरीद लेते हो, मुकदमों का फैसला होने नहीं देते, तारीखें पर तारीखें डलवाते हो तो इसमें अदालतें क्या करें ! यदि तुम लोग जांच ऐजेंसियों का मुँह बंद करके सच को सामने आने ही नहीं देते तो इसमें अदालतें क्या करें ! (हांफने लगते हैं।)
ढोंगी बाबा : क्या हुआ बच्चा ! रुक क्यों गया ?
रामबाबू : यदि देश के उच्च न्यायालयों में जजों के आठ सौ बारह में से दो सौ अस्सी पद खाली पड़े हैं और पाँच सौ बत्तीस जजों के सामने बयालीस लाख मुकदमों का ढेर पड़े हैं तो इसमें अदालतें क्या करें ! मैंने यदि देश की कानून व्यवस्था पर प्रश्न उठाया तो मैंने किसी अदालत की मानहानि नहीं की। तू मुझे फंसाने की कोशिश क्यों कर रहा है ?
ढोंगी बाबा : (व्यंग्य से) तो क्या देश की इस कानून व्यवस्था में मेरा कोई दोष है ?
रामबाबू : नहीं दोष किसी एक या कुछ लोगों का नहीं, दोष तो पूरे देश का है। इस देश की प्राथमिकताएं बदल गई हैं। न्याय पाना अब इस देश के लोगों की प्राथमिकताओं में नहीं रहा।
ढोंगी बाबा : तुझे तो इस देश में हर जगह बुराई दिखाई देती है, इतने सारे लोग बुरे नहीं सकते। अवश्य ही तू स्वयं बुरा है। कबीरदासजी ने कहा है- बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय। जो मन खोजा आपना, मुझसा बुरा न कोय। तू बुरा है, इसीलिये तू इतना दुखी भी है। लोगों की ओर देख, लोग कितने सुखी हैं !
रामबाबू : हाँ-हाँ मैं बुरा हूँ और इसीलिये दुखी भी हूँ किंतु तू भी सुन ले, कबीरदासजी ने यह भी कहा है, सुखिया सब संसार है, खावै और सोवै, दुखिया दास कबीर है, जागै और रोवै। कबीर भी दुखी थे, इसलिये तेरे हिसाब से वे भी अवश्य ही बुरे थे !
ढोंगी बाबा : मैं तुझसे बहस नहीं करता, तू तो स्कूल मास्टर है। मास्टर लोग बहस बहुत करते हैं।
रामबाबू : (दर्शकों की तरफ देखकर) ठीक कह रहा है ये। क्योंकि ये जानता है कि जिस दिन इस देश का स्कूल-मास्टर, बहस करनी बंद कर देगा, उस दिन इसके जैसे धूर्त लोग अपने उद्देश्यों में पूरी तरह सफल हो जायेंगे और इस देश को जल्दी ही लूट खसोट कर पूरी तरह बर्बाद कर देंगे। ले माई ! अपना चश्मा ले, कितनी देर हो गई। ये दो रुपये और ले। (जेब से निकाल कर दो रुपये और देते हैं।) माई तूने मुझे यह चश्मा दिखाकर अच्छा नहीं किया। दिल का दर्द दिल में ही छुपा रहता तो अच्छा था।
मंच पर प्रकाश कम होने लगता है। कन्हैया फिर से टेप रिकॉर्डर चालू कर देता है। गीत बजता है- पिंजरे के पंछी रे ऽ ऽ ऽ। तेरा दरद न जाने कोय। बाहर से तो खामोश रहे तू, भीतर-भीतर रोय। तेरा दरद न जाने कोय।
परदा गिरता है।
-डॉ. मोहनलाल गुप्ता, 63, सरदार क्लब योजना, वायुसेना क्षेत्र, जोधपुर
चन्द्रमा ने देवगुरु बृहस्पति की पत्नी का हरण कर लिया!
भगवान श्रीहरि विष्णु के नाभि-सरोवर के कमल से प्रजापति ब्रह्मा की उत्पत्ति हुई। विष्णु पुराण तथा हरिवंश पुराण सहित अनेक ग्रंथों में आई एक कथा के अनुसार ब्रह्मा के पुत्र हुए अत्रि और अत्रि के पुत्र हुए चंद्रमा। उन्हीं अत्रि के नेत्रों से अमृतमय चन्द्रमा का जन्म हुआ।
प्रजापति ब्रह्मा ने चन्द्रमा को ब्राह्मण, औषधि और नक्षत्रों का अधिपति बना दिया। एक बार चंद्रमा ने राजसूय यज्ञ का आयोजन किया। इस यज्ञ के पूर्ण हो जाने से चन्द्रमा की कीर्ति चारों दिशाओं में फैल गई। इसस चंद्रमा पर राजमद छा गया।
राजमद से युक्त चन्द्रमा ने देवगुरु बृहस्पति की पत्नी तारा का हरण कर लिया। देवगुरु ने चंद्रमा से, अपनी पत्नी को लौटा देने के लिये बार-बार याचना की परन्तु चंद्रमा ने देवगुरु की बात नहीं मानी। दानवों के गुरु शुक्राचार्य ने चन्द्रमा का पक्ष लिया। इस कारण जम्भ तथा कुंभ नामक अनेक दैत्य भी चंद्रमा के पक्ष में आ गए।
देवगुरु बृहस्पति को अकेला देखकर भवगान शिव एवं समस्त देवता देवगुरु बृहस्पति के पक्ष में आ गए। विष्णु पुराण के अनुसार देवगुरु बृहस्पति अंगिरा के पुत्र हैं तथा भगवान शिव ने अंगिरा से शिक्षा प्राप्त की थी। इसलिए भगवान शिव ने बृहस्पति का पक्ष लिया। भगवान शिव ने आजगव नामक धनुष लेकर ब्रह्मशिर नामक श्रेष्ठ शर दैत्यों को लक्ष्य करके छोड़ दिया। इससे दैत्यों का समस्त यश समाप्त हो गया।
इस प्रकार देव एवं दानव एक बार पुनः एक दूसरे के समक्ष आ खड़े हुए और देखते ही देखते घनघोर संग्राम छिड़ गया। चूंकि यह युद्ध देवगुरु बृहस्पति तारा को लेकर हुआ, इसलिए इस युद्ध को तारकामय संग्राम कहा गया।
इस रोचक कथा का वीडियो देखें-
इस संग्राम के कारण समस्त संसार क्षुब्ध होने लगा। इस पर तुषितगण आदि देव, प्रजापति ब्रह्मा की शरण में पहुंचे। ब्रह्माजी ने शुक्राचार्य एवं शिवजी को समझा कर देवताओं एवं दानवों को युद्ध से निवृत्त कर दिया तथा देवगुरु बृहस्पति को उनकी पत्नी तारा पुनः दिलवा दी। जब तारा बृहस्पति के पास आई तो उन्होंने देखा कि तारा गर्भवती है।
बृहस्पति ने तारा से पूछा- ‘यह बालक किसका है?’
जब तारा ने बृहस्पति के प्रश्न का उत्तर नहीं दिया तो बृहस्पति ने कहा- ‘डर मत, तू स्त्री है, इसलिए मैं तुझे दण्डित नहीं करूंगा। देवी होने के कारण तू निर्दाेष भी है। अतः बता कि यह पुत्र किसका है।’
अपने पति की बात सुनकर तारा अत्यन्त लज्जित हुई किंतु उसने कोई उत्तर नहीं दिया। इस पर देवगुरु बृहस्पति ने कहा- ‘मेरे क्षेत्र में किसी दूसरे का पुत्र धारण करना उचित नहीं है। इसे दूर कर, अधिक धृष्टता करना उचित नहीं है।’
बृहस्पति के ऐसा कहने पर पतिव्रता तारा ने वह गर्भ ‘इषीकास्तम्ब’ अर्थात् सींक की झाड़ी में रख दिया। कुछ समय के पश्चात् उस तेजस्वी गर्भ से एक अत्यंत तेजस्वी बालक उत्पन्न हुआ जिसने अपने तेज से समस्त देवताओं का तेज भी मलिन कर दिया।
बालक की सुंदरता को देखकर बृहस्पति और चंद्रमा दोनों ही उस बालक को लेने के लिए उत्सुक हुए। इस पर देवताओं ने तारा से पूछा- ‘यह बालक किसका है?’
देवताओं के बार-बार पूछे जाने पर भी लज्जावती तारा ने लज्जावश कुछ भी उत्तर नहीं दिया। वह बालक भी यह सारा वार्तालाप सुन रहा था तथा अपनी माँ के आचरण को देखकर क्रोधित हो रहा था।
उस बालक ने अत्यंत क्रुद्ध होकर कहा- ‘अरी दुष्टा माँ! तू मेरे पिता का नाम क्यों नहीं बताती! तुझ व्यर्थ लज्जावती की मैं ऐसी दुर्गति करूंगा जिससे तू बोलना ही भू जाएगी!’
देवताओं के बीच मचे इस कलह को देखकर पितामह ब्रह्मा ने तारा को अपने पास बुलाया और उससे पूछा- ‘पुत्री! ठीक-ठीक बता यह पुत्र किसका है, बृहस्पति का या चंद्रमा का?’
इस पर तारा ने अत्यंत लज्जित होकर उत्तर दिया- ‘चंद्रमा का।’
इस पर नक्षत्रपति भगवान चंद्रमा ने उस बालक को हृदय से लगाकर कहा- ‘बहुत ठीक बेटा, बहुत ठीक। तुम बड़े बुद्धिमान हो, इसलिए मैं तुम्हारा नाम बुध रखता हूँ।’
To purchase this book, please click on photo.
विष्णु पुराण के साथ-साथ यह कथा अन्य पुराणों में भी थोड़े-बहुत अंतर के साथ मिलती है। वस्तुतः इस कथा में आए पात्रों के नामों से ही यह अनुमान हो जाता है कि यह किसी खगोलीय घटना का मानवीकरण करके रूपक खड़ा किया गया है। बृहस्पति, चंद्रमा, तारा एवं बुध आदि नामों से आज भी खगोलीय पिण्ड स्थित हैं। इस कथा को पढ़ने से आभास होता है कि बृहस्पति एवं चंद्रमा नामक दो नक्षत्रों का गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र अथवा चुम्बकीय प्रभाव किसी तारे पर था। इस गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र अथवा चुम्बकीय प्रभाव के कारण उस तारे से कुछ पदार्थ अलग हुआ जिससे एक अन्य खगोलीय पिण्ड की उत्पत्ति हुई और उसे बुध नाम दिया गया।
चूंकि जिस तारे से बुध उत्पन्न हुआ, उस तारे पर बृहस्पति एवं चंद्रमा दोनों का ही प्रभाव था, इसलिए यह संदेह उत्पन्न हुआ कि बुध का जन्म किस खगोलीय पिण्ड के प्रभाव के कारण हुआ है। इसलिए बृहस्पति एवं चंद्रमा के बीच विवाद की एवं उसके कारण हुए देवासुर संग्राम की कल्पना की गई। अंत में सृष्टि बनाने वाले ब्रह्माजी ने ही देवताओं को बताया कि इस नए नक्षत्र का जन्म चंद्रमा के प्रभाव से हुआ है।
यहाँ हम पाठकों से कहना चाहेंगे कि वे चन्द्रमा के नाम से यह न समझें कि इस समय जो चंद्रमा धरती का उपग्रह है, उस काल में यह चंद्रमा इसी स्थिति में रहा होगा। पर्याप्त संभव है कि चंद्रमा की स्थिति आज की स्थिति से भिन्न रही हो तथा कालांतर में नक्षत्रों की स्थितियों में आए परिवर्तनों के कारण चंद्रमा किसी और स्थान से खिसक कर वर्तमान स्थिति में पहुंचा हो!
पुराणों के अनुसार इसी बुध के द्वारा इला के गर्भ से पुरूरवा का जन्म हुआ। हम जानते हैं कि इला धरती को कहते हैं। अतः बुध द्वारा इला के गर्भ से पुरूरवा को उत्पन्न करने का आख्यान पुनः एक खगोलीय घटना की ओर संकेत करता है।
वाल्मीकि रामायण के उत्तरकाण्ड में राजा इल की अद्भुत एवं विस्मयकारी कथा मिलती है। इस कथा का उल्लेख अन्य पुराणों में भी किया गया है। इस कथा के अनुसार प्रजापति कर्दम के पुत्र इल बाल्हिक देश के राजा थे। वे बड़े धर्मात्मा नरेश थे तथा अपनी प्रजा का पालन पुत्र की भांति करते थे। देव, दानव, नाग, राक्षस, गंधर्व और महामनस्वी यक्ष राजा इल की स्तुति किया करते थे।
एक बार राजा इल अपनी सेना को लेकर एक सुंदर वन में शिकार खेलने के लिए गए। राजा ने उस वन में दस हजार हिंसक जंतुओं का वध किया। तत्पश्चात् वे उस प्रदेश में गए जहाँ महासेन स्वामि कार्तिकेय का जन्म हुआ था। उस वन में भगवान् शिव अपने सेवकों के सथ रहकर गिरिराजकुमारी उमा का मनोरंजन करते थे।
जिस समय राजा इल उस वन में पहुंचा, उस समय भगवान शिव स्त्री रूप धरकर उमा के साथ विचरण कर रहे थे। उन्होंने उमा का मनोरंजन करने के लिए उस वन में समस्त पुरुष वाचक संज्ञाओं को स्त्री-वाचक संज्ञाओं में बदल दिया था। इसलिए राजा इल एवं उनकी सेना के समस्त सिपाही भी अपने आप स्त्री बन गए।
जिस समय राजा इल उस वन में पहुंचा, उस समय भगवान शिव स्त्री रूप धरकर उमा के साथ विचरण कर रहे थे। उन्होंने उमा का मनोरंजन करने के लिए उस वन में समस्त पुरुष वाचक संज्ञाओं को स्त्री-वाचक संज्ञाओं में बदल दिया था। इसलिए राजा इल एवं उनकी सेना के समस्त सिपाही भी अपने आप स्त्री बन गए।
पूरे आलेख के लिए देखें, यह वी-ब्लाॅग-
राजा इल तथा उनके सैनिकों ने देखा कि वन में विचरण कर रहे समस्त पशु, पक्षी, सर्प एवं मनुष्य स्त्री रूप में परिवर्तित हो गए हैं। उन्होंने स्वयं को तथा अपने सैनिकों को स्त्री रूप में देखकर अत्यंत दुख का अनुभव किया। वनवासी लोगों ने राजा को बताया कि ऐसा भगवान महेश्वर की इच्छा से हुआ है। यह जानकर राजा इल भगवान महेश्वर को ढूंढते हुए उनकी शरण में पहुंचे।
राजा ने एक स्थान पर महेश्वर को पार्वती के साथ विराजमान देखा। उन्होंने राजा को देखते ही हंसकर कहा कि हे राजन् पुरुषत्व के अतिरिक्त और जो चाहे मांग लो। भगवान की यह बात सुनकर राजा बड़ा दुखी हुआ किंतु उसने भगवान शिव से कुछ नहीं मांगा और वे माता पार्वती की शरण में गए।
राजा ने कहा कि माता आपके दर्शन कभी निष्फल नहीं होते! आप समस्त लोकों को वर देने वाली हैं। अतः आप अपनी सौम्य दृष्टि से मुझ पर अनुग्रह कीजिए!
माता पार्वती ने महान् शोक से ग्रस्त राजा इल को करुणा भरी दृष्टि से देखकर कहा कि हे राजन् आप पुरुषत्व-प्राप्ति का जो वर चाहते हैं, उसके आधे भाग के दाता तो महादेव हैं और आधा वर मैं दे सकती हूँ। अतः आप अपने जीवन के शेष बचे हुए भाग में से आधा भाग स्त्री के रूप में तथा आधा भाग पुरुष के रूप में प्राप्त कर सकते हैं। आप सोचकर बताएं कि आप आधा जीवन पुरुष के रूप में किस प्रकार प्राप्त करना चाहेंगे!
To purchase this book, please click on photo.
इस पर राजा ने कहा कि माता मुझे एक माह के लिए अत्यंत वीरव्रती पुरुष के रूप में और एक माह के लिए अत्यंत रूपवती स्त्री के रूप में जीवन प्रदान करें। माता पार्वती ने राजा को उसकी इच्छा पूरी होने का वरदान दे दिया किंतु साथ ही यह भी कहा कि जब आप पुरुष रूप में हांेगे तो आपको अपने स्त्री-जीवन की कोई बात स्मरण नहीं रहेगी। इसी प्रकार जब आप स्त्री रूप में रहेंगे तो आपको अपने पुरुष-जीवन की कोई बात स्मरण नहीं रहेगी। इस वर को पाकर राजा बड़ा प्रसन्न हुआ तथा भगवान शिव एवं पार्वती को प्रणाम करके वहाँ से चल दिया। राजा को अब एक मास तक स्त्री रूप में ही रहना था, इसलिए उसने वह अवधि वन में ही व्यतीत करने का निश्चय किया तथा वह अपने स्त्री रूपी सैनिकों के साथ वन में विहार करने लगी। उसने अपना नाम इला रख लिया।
एक दिन जब इला पर्वतामालाओं के मध्य में स्थित एक वन में विहार कर रही थी, तब उसने एक सुंदर सरोवर देखा। उस सरोवर में चंद्रमा का पुत्र राजा बुध मुनि रूप में तपस्या कर रहा था। तपस्या के कारण बुध की देह अत्यंत कांतिमय होकर प्रकाशित हो रही थी। इस कारण इला मुनि बुध की तरफ सम्मोहित हुई और उनके निकट चली गई।
चूंकि यह सरोवर उस वन की सीमा से बाहर था जिस वन में भगवान शिव ने समस्त पुरुष वाचक संज्ञाओं को स्त्री-वाचक बना दिया था, इसलिए राजा बुध स्त्री बनने से बच गया था। वह तपस्या में इतना लीन था कि उसे कुछ ज्ञात ही नहीं था कि उसके आसपास क्या हो रहा है।
इला ने अपनी सखियों सहित उस सरोवर में उतरकर उस सरोवर का जल क्षुब्ध कर दिया। इससे इला का ध्यान भंग हुआ और उसने अत्यंत रूपवती स्त्री इला को देखा। इला को देखते ही राजा को तन-मन की सुधि नहीं रही और वह इला में आसक्त हो गया। वह सोचने लगा कि अप्सराओं से भी सुंदर यह स्त्री कौन है! न देववनिताओं में, न नागवधुओं में, न असुरनारियों में और न अप्सराओं में ही मैंने इससे पहले कभी कोई ऐसे मनोहर रूप से सुशोभित होने वाली स्त्री देखी है। यदि यह किसी और को न ब्याही गई हेा तो यह मेरी पत्नी बनने योग्य है।
ऐसा विचार करके राजा बुध जल से बाहर आ गया और सरोवर के तट पर बने आश्रम में चला गया। उसने उन समस्त स्त्रियों को अपने आश्रम में बुलाकर पूछा कि यह त्रिलोकसुंदरी नारी किसकी पत्नी है और किसलिए यहाँ आई है?
इस पर इला की सखियों ने उत्तर दिया कि यह सुंदरी हमारी सदा की स्वामिनी है। इसका कोई पति नहीं है। यह हम लोगों के साथ अपनी इच्छा से वनप्रांतर में विचरण करती है।
उन स्त्रियों का उत्तर सुनकर राजा बुध ने पुण्यमयी आवर्तनी विद्या का स्मरण किया तथा उसने इला के सम्बन्ध में समस्त बातें जान लीं। बुध ने उन सभी स्त्रियों से कहा कि तुम सब किंपुरुष अर्थात् किन्नरी होकर पर्वत के किनारे पर निवास करो और अपने लिए वहीं निवास बना लो।
तुम्हें पत्र और फल-फूल से ही अपना निर्वाह करना होगा। कुछ समय बाद तुम सब किंपुरुष नामक पतियों को प्राप्त कर लोगी। बुध की बात सुनकर समस्त इला की समस्त सखियां उस पर्वत के किनारे पर चली गईं। इस प्रकार संसार में किन्नर जाति अस्तित्व में आई। अगली कथा में देखिए- ऋषियों ने राजा इल को भगवान शिव से पुरुषत्व दिलवाया!
जब देवी पार्वती के श्राप से राजा इल स्त्री बन गया तो वह बड़ा दुखी हुआ। इस पर ऋषियों को राजा इल पर बड़ी दया आई और उन्होंने भगवान शिव से राजा इल को पुरुषत्व दिलवाया।
जब समस्त किन्नरियां पर्वत के किनारे चली गईं तो मुनि के रूप में रह रहे राजा बुध ने इला से हँसते हुए कहा- हे सुंदरी! मैं सोम देवता का परम प्रिय पुत्र बुध हूँ। हे वरारोहे! मुझे अनुराग ओर स्नेह भरी दृष्टि से देखकर अपनाओ।
बुध की बात सुनकर इला बोली- हे सौम्य सोम कुमार! मैं अपनी इच्छा के अनुसार विचरने वाली स्वतंत्र स्त्री हूँ किंतु इस समय आपकी आशा के अधीन हो रही हूँ। अतः मुझे उचित सेवा के लिए आदेश दीजिए और जैसी आपकी इच्छा हो वैसा कीजिए।
इला का यह अद्भुत वचन सुनकर कामासक्त सोमपुत्र को बड़ा हर्ष हुआ। वे इला के साथ रमण करने लगे। मनोहर मुख वाली इला के साथ अतिशय रमण करने वाले कामसाक्त बुध का वैशाख मास एक क्षण के समान बीत गया। जैसे ही एक मास पूर्ण हुआ तो पूर्ण चंद्रमा के समान मनोहर मुख वाले प्रजापति पुत्र श्रीमान् इल अपनी शय्या पर जाग उठे। उन्होंने देखा कि सोमपुत्र बुध वहाँ जलाशय में तप कर रहे हैं। उनकी भुजाएं ऊपर की ओर उठी हुई हैं और वे निराधार खड़े हैं।
राजा इल ने बुध के निकट जाकर उससे पूछा- ‘भगवन् मैं अपने सेवकों के साथ दुर्गम पर्वत पर आ गया था किंतु मुझे अपनी वह सेना कहीं दिखाई नहीं दे रही है। पता नहीं वे मेरे सैनिक कहाँ चले गए!’
पूरे आलेख के लिए देखें, यह वी-ब्लाॅग-
माता पार्वती के वचनानुसार राजर्षि इल की स्त्रीत्व प्राप्ति विषयक समस्त स्मृति नष्ट हो गई थी। उसकी बात सुनकर बुध ने इल को सांत्वना देते हुए कहा कि राजन्! आपके सारे सेवक ओलों की भारी वर्षा से मारे गए! आप भी आंधी-पानी के भय से पीड़ित होकर अस आश्रम में आकर सो गए थे। अब आप धैर्य धारण करें तथा निर्भय एवं निश्चिंत होकर फल-मूल का आहार करते हुए यहाँ सुखपूर्वक निवास कीजिए।
बुध के वचनों से राजा इल को बड़ी सांत्वना मिली किंतु अपने सेवकों एवं सेना के नष्ट हो जाने पर उन्हें दुख हुआ। इसलिए राजा इल ने बुध से कहा- हे ब्राह्मण! मैं सेवकों से रहित हो जाने पर भी अपने राज्य का परित्याग नहीं करूंगा। अब क्षण भर भी मुझसे यहाँ नहीं रुका जाएगा। इसलिए मुझे आज्ञा दीजिए। मेर धर्मपरायण ज्येष्ठ पुत्र बड़े यशस्वी हैं। उनका नाम शतबिंदु है।
अब मैं वहाँ जाकर उनका अभिषेक करूंगा, तभी वे मेरा राज्य ग्रहण करेंगे। देश में जो मेरे सेवक ओर स्त्री, पुत्र आदि परिवार के लोग सुख से रह रहे हैं, उन्हें छोड़कर मैं यहाँ नहीं रहूंगा। अतः मुझसे ऐसी कोई अशुभ बात आप न कहें जिससे मुझे अपने स्वजनों को छोड़कर यहाँ ओर अधिक रहना पड़े।
राजा इल के इतना कहने पर राजा बुध ने उसे सांत्वना देते हुए कहा- कर्दम के महाबली पुत्र! तुम्हें संताप नहीं करना चाहिए! जब तुम एक वर्ष तक यहाँ निवास कर लोगे, तब मैं तुम्हारा हित साधन करूंगा।
To purchase this book, please click on photo.
पुण्यकर्मा बुध का यह वचन सुनकर उस ब्रह्मवादी महात्मा के कथनानुसार राजा ने वहाँ रहने का निश्चय किया। वे एक मास तक स्त्री होकर निरंतर बुध के साथ रमण करते और एक मास तक पुरुष होकर धर्मानुष्ठान में मन लगाते थे। तदनंतर नवें मास में इला ने सोमपुत्र बुध से एक पुत्र को जन्म दिया जो बड़ा ही तेजस्वी और बलवान था। उसका नाम था- पुरुरवा। पुरुरवा की अंगकांति अपने महाबलि पिता बुध के समान थी। वह जन्म लेते ही उपनयन के योग्य अवस्था का बालक हो गया। इस प्रकार एक वर्ष स्त्री तथा एक वर्ष पुरुष रूप में उस वन में निवास करते हुए राजा इल को एक वर्ष पूरा हो गया। तब महायशस्वी बुध ने परम उदार महात्मा संवर्त को बुलाया। भृगुपुत्र च्यवन मुनि, अरिष्टनेमि, प्रमोदन, मोदकर और दुर्वासा ऋषि को भी आमंत्रित किया। राजा बुध ने ऋषियों से कहा- ये महाबाहु राजा इल प्रजापति कर्दम के पुत्र हैं। इनकी जैसी स्थिति है, आप सब लोग जानते हैं। अतः इस विषय में कोई ऐसा उपाय कीजिए जिससे इनका कल्याण हो। उसी समय महात्मा कर्दम भी वहीं पर आ पहुंचे। उनके साथ पुलस्त्य, क्रतु, वषट्कार तथा महातेजस्वी ओंकार भी उस आश्रम पर पधारे। समस्त ऋषियों ने एक दूसरे को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा वे महाबली राजा इल के कल्याण के लिए अपनी-अपनी राय देने लगे।
कर्दर्म ऋषि ने कहा- ‘आप सब लोग ध्यान देकर मेरी बात सुनें जो इस राजा के लिए कल्याणकारिणी होगी। मैं भगवान शिव के अतिरिक्त और किसी को ऐसा नहीं देखता जो इस रोग की औषधि कर सके। राजा इल को पुरुषत्व भगवान शिव ही दे सकते हैं। अश्वमेध यज्ञ से बढ़कर और कोई यज्ञ नहीं है जो महादेव को प्रसन्न कर सके। इसलिए हम सब लोग राजा इल के हित के लिए उस दुष्कर यज्ञ का अनुष्ठान करें।’
समस्त ऋषि गण मुनि कर्दम की बात से सहमत हो गए। संवर्त के शिष्य राजर्षि मरुत्त ने उस यज्ञ का आयोजन किया। इस प्रकार बुध के आश्रम के निकट वह महान् यज्ञ सम्पन्न हुआ जिससे महादेव को बड़ा संतोष हुआ। भगवान महादेव ने इल तथा समस्त ऋषियों से कहा- हे द्विजश्रेष्ठगण! मैं आपके द्वारा किए गए इस अश्वमेध यज्ञ के अनुष्ठान से बहुत प्रसन्न हूँ। बताइये मैं बाल्हीक नरेश इल का कौनसा प्रिय कार्य करूं?
इस पर समस्त ऋषियों ने भगवान शिव से प्रार्थना की कि वे कृपा करके राजा इल को सदा के लिए पुरुषत्व प्रदान कर दें। भगवान शिव ने ऋषियों की बात मान ली और राजा को सदा के लिए पुरुषत्व प्राप्त हो गया। यह देखकर समस्त ऋषिगण भी अत्यंत प्रसन्नता के साथ अपने आश्रमों को लौट गए।
राजा इल ने बाल्हीक देश को छोड़ दिया तथा गंगा एवं यमुना के संगम पर एक नया नगर बसाया जिसका नाम प्रतिष्ठानपुर रखा। यही प्रतिष्ठानपुर आगे चलकर प्रयागराज कहलाने लगा। समय आने पर राजा इल शरीर छोड़कर परम उत्तम लोक को प्राप्त हुए तथा इला एवं बुघ के पुत्र पुरुरवा ने प्रतिष्ठानपुर का राज्य प्राप्त किया।
अगली कथा में देखिए- भरत मुनि ने उर्वशी को श्राप देकर धरती पर भेज दिया!
भरत मुनि ने उर्वशी को श्राप देकर धरती पर भेज दिया!
श्रीहरिवंश पुराण सहित अनेक पुराणों में आए एक कथानक के अनुसार बुध एवं इला का पुत्र पुरुरवा हुआ। यही पुरुरवा चंद्रवंशी राजाओं का मूल पुरुष था।
राजा पुरुरवा और उर्वशी का उल्लेख वेदों में भी मिलता है। वही पुरुरवा और उर्वशी पुराणों की कथाओं में अलग-अलग प्रकार से विस्तार प्राप्त करते हुए एक अलौकिक कथा के पात्र बन जाते हैं। वेदों में जिस पुरुरवा का वर्णन मिलता है, वह सूर्य का प्रतीक है, उर्वशी उसकी एक किरण है तथा वे दोनों मिलकर आयु नामक अग्नि का निर्माण करते हैं। सरल शब्दों में कहा जाए तो वेदों में पुरुरवा, उर्वशी और आयु को अंतरिक्ष में व्याप्त रहने वाली तीन प्रकार की अग्नि माना गया है।
पुराणों में पुरुरवा को धरती का राजा, उर्वशी को स्वर्ग की अप्सरा तथा आयु को राजा पुरुरवा तथा उर्वशी का पुत्र बताया गया है। कुछ पुराणों में कहा गया है कि पहले अग्नि एक ही था, पुरुरवा ने उसे तीन बनाया।
विभिन्न पुराणों में आई इस कथा के अनुसार चंद्रमा का पौत्र एवं बुध का पुत्र राजा पुरुरवा प्रयागराज में राज्य करता था। वह तेजस्वी, दानशील, यज्ञकर्ता, ब्रह्मवादी, सत्यभाषी, रूपवान एवं अत्यंत शक्तिशाली था जिसके कारण उसका यश तीनों लोकों में विस्तृत हो गया।
पूरे आलेख के लिए देखें, यह वी-ब्लाॅग-
एक दिन अप्सरा उर्वशी अपनी सखियों के साथ धरती पर भ्रमण करने आई। उसे एक राक्षस ने देख लिया तथा उसका अपहरण कर लिया। उसी समय राजा पुरुरवा भी वहाँ से निकल रहा था। राजा ने राक्षस को मारकर अप्सरा को राक्षस के बंधन से मुक्त कर दिया। जब राजा ने अप्सरा को राक्षस के बंधन से मुक्त करवाया तो उर्वशी ने जीवन में पहली बार धरती के किसी पुरुष का स्पर्ष किया जिससे वह राजा पुरुरवा के प्रति सम्मोहित हो गई।
एक बार स्वर्ग में एक नाटिका का आयोजन किया गया। इस नाटिका में अप्सरा उर्वशी को देवी लक्ष्मी का अभिनय करना था। अभिनय के दौरान अप्सरा ने अपने प्रियतम के रूप में भगवान विष्णु के स्थान पर राजा पुरुरवा का नाम ले लिया। यह देखकर नाट्यकार भरत मुनि को क्रोध आ गया और उन्होंने उर्वशी को शाप दिया कि स्वर्ग की एक अप्सरा होने पर भी एक मानव की तरफ आकर्षित होने के कारण तू पृथ्वीलोक पर चली जा और मानवों की तरह संतान उत्पन्न कर।
एक अन्य पुराण में आई कथा के अनुसार एक बार इन्द्र की सभा में उर्वशी के नृत्य के समय राजा पुरुरवा उसके प्रति आकृष्ट हो गए जिसके चलते उर्वशी की ताल बिगड़ गई। इन्द्र ने रुष्ट होकर दोनों को मर्त्यलोक में जाकर रहने का शाप दिया।
To purchase this book, please click on photo.
इस श्रााप के कारण उर्वशी पृथ्वीलोक पर आकर राजा पुरुरवा से मिली। राजा पुरुरवा ने उसे अपनी पत्नी बनाने का प्रस्ताव दिया। अप्सरा ने राजा पुरुरवा के समक्ष कुछ शर्तें रखीं कि मैं कभी भी आपको निर्वस्त्र न देखूं। मेरे सकाम होने पर ही आप मेरे साथ सहवास करें। मेरे पलंग के पास सदा दो भेड़ बंधे रहें। उन भेड़ों की रक्षा आप करेंगे। मैं दिन में केवल घृत मात्र भोजन करूंगी। जब तक आप इन प्रतिज्ञाओं का पालन करते रहेंगे, मैं आपके साथ रहूंगी। अन्यथा मैं आपको छोड़कर स्वर्ग चली जाउंगी। राजा पुरुरवा ने अप्सरा की समस्त शर्तें स्वीकार कर लीं। इसके बाद उर्वशी राजा पुरुरवा के साथ दस वर्ष तक रमणीय चैत्ररथ वन में, पांच वर्ष तक मंदाकिनी के तट पर बसी हुई अलकापुरी में, पांच वर्षों तक बदरीनारायण के वन में, छः वर्ष तक नंदनवन में, सात वर्ष तक उत्तरकुरु देश में, आठ वर्षों तक गंधमादन पर्वत के शिखरों पर, दस वर्षों तक मेरुपर्वत पर एवं आठ वर्ष तक उत्तराचल पर विहार करती रही। इस विहार के दौरान राजा को अप्सरा के गर्भ से आयु, अमावसु, विष्वायु, श्रुतायु, दृढ़ायु, वनायु और शतायु नामक सात पुत्र प्राप्त हुए। ये सभी पुत्र स्वर्ग के देवपुत्रों के समान महान् आत्मबल से सम्पन्न थे।
जब उर्वशी को धरती पर निवास करते हुए उनसठ वर्ष बीत गए तब गंधर्वों को अप्सरा की चिंता हुई और वे उर्वशी को फिर से स्वर्ग में लाने का उपाय सोचने लगे। विश्वावसु नामक एक गंधर्व ने समस्त गंधर्वों से कहा कि यदि राजा की प्रतिज्ञा भंग हो जाए तो उर्वशी श्रापमुक्त हो जाएगी तथा राजा को छोड़कर स्वर्ग में चली आएगी। अतः मैं राजा की प्रतिज्ञा भंग करवाता हूँ। इतना कहकर विश्वावसु नामक गंधर्व स्वर्गलोक छोड़कर धरती पर आया तथा राजा पुरुरवा की राजधानी प्रयाग पहुंचा। उसने उर्वशी के पलंग के पास बंधे हुए एक भेड़ को चुरा लिया।
जब उर्वशी ने गंधर्वों के आने की आहट सुनी तो उसने विचार किया कि अब मेरे श्राप होने का समय आ गया है। उर्वशी ने राजा से कहा कि राजन् किसी ने मेरे एक बच्चे को चुरा लिया है। उर्वशी उन भेड़ों से मातृवत् स्नेह करती थी तथा उन्हें अपने बच्चे कहती थी।
उस समय राजा निर्वस्त्र था इसलिए वह प्रतिज्ञा भंग के भय से अपने पलंग पर सोया रहा किंतु जब उर्वशी ने फिर से कहा कि राजन् अनाथ स्त्री के समान मेरे पुत्रों को छीन लिया गया। अब राजा को उठना पड़ा। उसने सोचा कि रात के अंधेरे में उर्वशी उसे देख नहीं पाएगी किंतु जब राजा भेड़ को पकड़ने के लिए दौड़ा तो गंधर्वों ने बिजली चमका दी जिससे राजा का विशाल भवन प्रकाशित हो गया तथा राजा भी दिखाई देने लगा। जैसे ही उर्वशी ने निर्वस्त्र राजा को देखा, वह अंतर्धान हो गई।
जब राजा भेड़ को पकड़कर अपने महल में लौटा तो उसने उर्वशी को कहीं भी नहीं पाया। राजा शोक से कातर होकर उर्वशी को ढूंढने लगा। एक दिन दिन उसने कुरुक्षेत्र के प्लक्षतीर्थ की हैमवती पुष्करिणी में उर्वशी को देखा जो अपनी पांच सखियों सहित स्नान कर रही थी।
तब राजा ने उर्वशी को देखकर उसे फिर से अपने पास लौट आने को कहा। इस पर उर्वशी ने कहा कि है राजन्! मैं आपके द्वारा गर्भवती हूँ जिससे आपको पुत्र प्राप्त होगा। उसके बाद हर साल एक रात्रि के लिए मैं आपके पास आया करूंगी तथा मुझसे प्रतिवर्ष आपको एक पुत्र प्राप्त होगा।
उर्वशी के प्रति राजा की निष्ठा देखकर गंधर्व भी राजा पुरुरवा से प्रसन्न हो गए। तब उर्वशी ने राजा से कहा कि तुम गंधर्वों से कहा कि वे तुम्हें अपने लोक में ले लें। राजा ने गंधर्वों से वही वरदान मांग लिया। इस पर गंधर्वों ने राजा को एक थाली में अग्नि रखकर दी तथा राजा से कहा कि आप इस अग्नि से यज्ञ करें जिससे आप हमारे लोक में आ जाएंगे। राजा ने वैसा ही किया और वह गंधर्वों के लोक में पहुंच गया।
राजा ने वैसा ही किया और वह गंधर्वों के लोक में पहुंच गया। कुछ पुराणकारों का कहना है कि इस यज्ञ के बाद विश्व में व्याप्त रहने वाला ‘एक अग्नि’ तीन अग्नियों में बदल गया। विभिन्न पुराणों में यह कथा थोड़े-बहुत अंतर के साथ मिलती है।
राजा नहुष ने इंद्राणी की यह बात स्वीकार कर ली तथा इंद्राणी पुनः देवगुरु बृहस्पति के घर आ गई। इन्द्राणी की बात सुनकर समस्त देवता एवं ऋषि इन्द्र के बारे में विचार करने लगे।
चंद्रवंशी राजा पुरुरवा को स्वर्ग की अप्सरा उर्वशी से आयु, वनायु, क्षतायु, दृढ़ायु, धीमंत और अमावसु नामक कई पुत्र प्राप्त हुए। पण्डित रघुनंदन शर्मा ने अपने ग्रंथ वैदिक सम्पत्ति में लिखा है कि जिस प्रकार पुरुरवा और उर्वशी सूर्य तथा सूर्य की किरण हैं, उसी प्रकार आयु को भी सूर्य से उत्पन्न अग्नि मानना चाहिए। ऋग्वेद में उल्लेख मिलता है कि हे अग्नि! पहले तूने आयु को बनाया और फिर आयु से ऊषा आदि देवता बनाए।
पुराणों में उल्लेख आया है कि पुरुरवा के पुत्र आयु का विवाह स्वरभानु की पुत्री प्रभा से हुआ जिनसे उसके पांच पुत्र हुए- नहुष, क्षत्रवृत राजभ, रजि और अनेना। समस्त पुराण राजा नहुष की कथाओं से भरे पड़े हैं किंतु पण्डित रघुनंदन शर्मा ने ऋग्वैदिक ऋचाओं के आधार पर यह सिद्ध किया है कि नहुष भी एक प्रकार की अग्नि है तथा यह सूर्य का एक नाम है। रघुनंदन शर्मा के अनुसार नहुष कोई मनुष्य नहीं है अपितु आकाशीय शक्ति का नाम है।
ऋग्वेद में आए भिन्न-भिन्न मंत्रों के आधार पर नहुष को सूर्य, अग्नि, बादल, इंद और अंतरिक्ष सिद्ध किया जा सकता है। विभिन्न पुराणों एवं महाभारत में यह कथा आती है कि नहुष ने एक बार इंद्र पद प्राप्त किया। चूंकि इंद्र पद किसी भी मनुष्य को नहीं दिया जा सकता इसलिए नहुष को मनुष्य मानना भूल होगी। फिर भी पुराणों ने नहुष को मनुष्य माना है। महाभारत में नहुष की कथा इस प्रकार कही गई है-
जब देवराज इंद्र ने वृत्रासुर का वध करने के लिए असत्य का सहारा लिया तो इंद्र को अत्यंत ग्लानि हुई। इंद्र पर त्रिशिरा नामक ब्राह्मण के वध के कारण ब्रह्महत्या का पाप पहले से ही था और अब वृत्रासुर वध में भी असत्य का सहारा लेने से इंन्द्र अपनी ही दृष्टि से गिर गया। इसलिए वह जल में जाकर छिप गया।
पूरे आलेख के लिए देखें, यह वी-ब्लाॅग-
इंद्र के छिप जाने से संसार में वर्षा होनी बंद हो गई जिससे वन सूख गए एवं नदियों में जल का बहना बंद हो गया। धरती के समस्त जीव हाहाकार करने लगे। इस पर समस्त देवताओं एवं ऋषियों ने मिलकर विचार किया कि इस समय राजा नहुष बड़ा प्रतापी है, उसी को देवताओं के राजपद पर अभिषिक्त करना चाहिए। वह बड़ा ही तेजस्वी यशस्वी और धर्म-परायण है।
जब देवताओं एवं ऋषियों ने नहुष के पास जाकर उससे इंद्रपद ग्रहण करने को कहा तो नहुष ने कहा- ‘मैं तो अत्यंत दुर्बल मनुष्य हूँ। आप लोगों की रक्षा करने योग्य शक्ति मुझमें नहीं है।’
इस पर ऋषियों एव देवताओं ने कहा- ‘हे राजन्! आपके इन्द्र बनने पर देव, दानव, यक्ष, ऋषि, राक्षस, पितृगण और भूतगण आपकी दृष्टि के सामने खड़े रहेंगे। आप इन्हें देखकर ही इनका तेज लेकर बलवान् हो जाएंगे। आप धर्म को आगे रखकर सम्पूर्ण लोकों के स्वामी बन जाइए और स्वर्गलोक में रहकर ब्रह्मर्षियों एवं देवताओं की रक्षा कीजिए।’
To purchase this book please click on photo.
ऐसा कहकर देवताओं एवं ऋषियों ने राजा नहुष का स्वर्गलोक में राज्याभिषेक कर दिया। समस्त लोकों का स्वामी बनने के कुछ समय पश्चात् नहुष को अपनी शक्तियों का मद हो गया। वह समस्त देवोद्यानों, नंदनवन, कैलास तथा हिमालय आदि पर्वतों के शिखरों पर तरह-तरह की क्रीड़ाएं करने लगा। इससे उसका मन दूषित हो गया। एक दिन नहुष की दृष्टि इन्द्राणी पर पड़ी। उसने अपने सभासदों को आदेश दिया- ‘मैं स्वर्ग का राजा हूँ फिर भी शची मेरी सेवा के लिए क्यों नहीं आती! उसे तुरंत मेरी सेवा में उपस्थित करो।’ नहुष की यह बात सुनकर इन्द्राणी को बहुत दुःख हुआ और उसने देवगुरु बृहस्पति से कहा- ‘हे ब्रह्मन्! मैं आपकी शरण में हूँ। आप नहुष से मेरी रक्षा करें। आपने मुझे कई बार अखण्ड सौभाग्यवती एवं पतिव्रता होने का आशीर्वाद दिया है। अतः आप अपनी वाणी सत्य करें।’ देवगुरु बृहस्पति ने कहा- ‘देवी! मैंने जो-जो कहा है, वह सब सत्य सिद्ध होगा। तुम नहुष से मत डरो, मैं तुम्हें इन्द्र से मिलवा दूंगा।’ इधर जब नहुष को ज्ञात हुआ कि शची बृहस्पति की शरण में गई है तो नहुष अत्यधिक क्रोधित हुआ। इस पर देवताओं एवं ऋषियों ने नहुष को सलाह दी- ‘आप क्रोधित मत होइए! सत्पुरुष क्रोधित नहीं हुआ करते। इन्द्राणी परस्त्री है, आप उसे क्षमा करें। आप देवराज हैं, इसलिए धर्मपूर्वक अपनी प्रजा का पालन करें।’
नहुष ने देवताओं एवं ऋषियों की कोई बात नहीं सुनी। इस पर देवगण तथा ऋषिगण देवगुरु बृहस्पति के पास जाकर कहने लगे- ‘हमने सुना है कि इन्द्राणी आपकी शरण में आई है तथा आपने उसे अभयदान दिया है किंतु हम आपसे प्रार्थना करते हैं कि आप इंद्राणी नहुष को दे दीजिए।’
देवताओं एवं ऋषियों की बात सुनकर इन्द्राणी विलाप करने लगी तथा देवगुरु से बोली- ‘हे ब्रह्मन्! इस महान् भय से मेरी रक्षा कीजिए! मैं नहुष को अपना पति नहीं बना सकती।’
इस पर देवगुरु ने कहा- ‘इन्द्राणी, मैं शरणागत का त्याग नहीं कर सकता! अतः आप निश्चिंत रहें।’ इसके बाद देवगुरु ने देवताओं एवं ऋषियों से कहा- ‘मैं ब्राह्मण हूँ, इसलिए मैं कोई भी धर्म-विरुद्ध कार्य नहीं करूंगा। आप लोग ऐसा उपाय करें जिससे मेरा और इन्द्राणी का कल्याण हो!’
इस पर देवताओं एवं ऋषियों ने इन्द्राणी से कहा- ‘हे देवी! आप पतिव्रता और सत्यनिष्ठा हैं। यह स्थावर जंगम सारा जगत् आपके आधार से टिका हुआ है। आप एक बार नहुष के पास चलें। आपके संकल्प मात्र से वह पापी शीघ्र नष्ट हो जाएगा तथा देवराज शक्र को फिर से अपना खोया हुआ ऐश्वर्य प्राप्त हो जाएगा।’
शची ने देवताओं एवं ऋषियों की यह सलाह मान ली तथा वह अत्यंत संकोच के साथ नहुष के पास गई। नहुष शची को आया देखकर बहुत प्रसन्न हुआ और कहने लगा- ‘शुचिस्मिते! मैं तीनों लोकों का स्वामी हूँ। इसलिए सुंदरी तुम मुझे पति रूप से स्वीकार कर लो।’
नहुष के ऐसा कहने पर इंद्राणी भय से कांपने लगी। उसने हाथ जोड़कर ब्रह्माजी को नमस्कार किया तथा देवराज नहुष से कहा- ‘हे सुरेश्वर! मैं आपसे कुछ अवधि मांगती हूँ। अभी यह ज्ञात नहीं है कि देवराज शक्र कहाँ पर हैं तथा वे लौट कर आएंगे अथवा नहीं! इसकी ठीक-ठीक खोज करने पर यदि उनका पता नहीं लगा तो मैं आपकी सेवा करने लगूंगी।’
राजा नहुष ने इंद्राणी की यह बात स्वीकार कर ली तथा इंद्राणी पुनः देवगुरु बृहस्पति के घर आ गई। इन्द्राणी की बात सुनकर समस्त देवता एवं ऋषि इन्द्र के बारे में विचार करने लगे। वे लोग देवाधिदेव भगवान विष्णु से मिले तथा उनसे कहा- ‘वृत्रासुर का वध करने के बाद इन्द्र को ब्रह्महत्या ने घेर लिया है। इसलिए आप इन्द्र की इस पाप से मुक्ति का उपाय बताएं।’
देवताओं की यह बात सुनकर भगवान श्री हरि विष्णु ने कहा- ‘इन्द्र अश्वमेध यज्ञ का आयोजन करके मेरा ही पूजन करे, मैं उसे ब्रह्महत्या से मुक्त कर दूंगा। इससे वह सब प्रकार के भय से छूटकर फिर से देवताओं का राजा हो जाएगा और दुष्टबुद्धि नहुष अपने कुकर्म से नष्ट हो जाएगा।’
वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट एक ऐसी पहेली, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दिग्गज कोड-ब्रेकर्स से लेकर आज के सबसे एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सुपर कंप्यूटर्स...