Home Blog Page 91

कामरान हुमायूँ को चकमा देकर भाग गया (74)

0
कामरान - www.bharatkaitihas.com
कामरान हुमायूँ को चकमा देकर भाग गया

कामरान की सेना के बहुत से अमीर और बेग कामरान को छोड़ भागे और अपनी-अपनी सेनाएं लेकर हुमायूँ की सेवा में आ गए। इनमें से बहुतों के पास घोड़े और हथियार नहीं थे। हुमायूँ ने तुर्कमान लोगों से एक हजार घोड़े खरीदे तथा घोड़ों के व्यापारियों से कहा कि जब काबुल विजय हो जाएगी, तब इन घोड़ों का मूल्य चुकाया जाएगा।

जब हुमायूँ कांधार पर अधिकार करने के बाद काबुल के लिए रवाना हुआ तो मार्ग में हुमायूँ की बुआ खानजादः बेगम का निधन हो गया। इससे हुमायूँ तथा उसके भाइयों के बीच की अंतिम योजक-कड़ी भी टूट गई। अब हुमायूँ तथा उसके भाइयों के बीच समझौता करवाने वाला कोई प्रभावशाली व्यक्ति मुगलिया खानदान में जीवित नहीं बचा था।

कामरान भी एक सेना लेकर हुमायूँ की ओर बढ़ रहा था। इधर हुमायूँ तीपा घाटी में पहुंच गया और उधर कामरान गुजरगार के पास पहुंच गया। इन दोनों स्थानों के लगभग बीच में बाबर का बाग स्थित था जहाँ बाबर का मकबरा बना हुआ है। यह कैसी विडम्बना थी कि एक ओर बाबर का सबसे बड़ा और सबसे छोटा बेटा तलवार उठाए हुए था तो दूसरी ओर बाबर के दोनों मंझले बेटों ने खंजर तान रखे थे। अपने चारों बेटों के बीच में बाबर का शव धरती के नीचे लेटा हुआ इस हैरतअंगेज दृश्य का साक्षी बन रहा था।

लगभग इसी स्थान पर कामरान की सेना के बहुत से अमीर और बेग कामरान को छोड़ भागे और अपनी-अपनी सेनाएं लेकर हुमायूँ की सेवा में आ गए। इनमें से बहुतों के पास घोड़े और हथियार नहीं थे। इस पर हुमायूँ ने तुर्कमान लोगों से एक हजार घोड़े खरीदे तथा घोड़ों के व्यापारियों से कहा कि जब काबुल विजय हो जाएगी, तब इन घोड़ों का मूल्य चुकाया जाएगा। तुर्कमान लोगों ने हुमायूँ की यह बात मान ली। हुमायूँ की तरफ से इन व्यापारियों को लिखित में वचन दिया गया कि इन घोड़ों का मूल्य चुकाने की जिम्मेदारी हुमायूँ बादशाह की है।

तुर्कमान लोगों से खरीदे गए घोड़ों में से अच्छे घोड़े शाही तबेले में ले लिए गए तथा शेष घोड़े मुगल अधिकारियों में बांट दिए गए। जब ये लोग तीरी नामक स्थान पर पहुंचे तो वहाँ के मुखिया ने कुछ भेड़ें तथा घोड़े हुमायूँ को भेंट किए।

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

हुमायूँ के दुर्भाग्य से इन दिनों गर्मी तेज हो गई और उसके बहुत से सैनिक हैजे से मर गए। इस कारण मिर्जा हिंदाल ने हुमायूँ को सुझाव दिया कि इस समय काबुल जाने की बजाय, कांधार लौटना उचित होगा। इस पर हुमायूँ ने हिंदाल से कहा कि यदि तू चाहे तो कांधार जा सकता है, मैं तो अब काबुल पहुंचकर ही विश्राम करूंगा। इस पर हिंदाल को बड़ी लज्जा आई और उसने बादशाह से निवेदन किया कि मुझे आपकी सेना के हरावल अर्थात् अग्रिम भाग में तैनात किया जाए। एक रात कामरान के सबसे विश्वस्त बेगों में गिना जाने वाला बापूस कामरान को छोड़कर भाग खड़ा हुआ और हुमायूँ के चरण चूमकर उसका वफादार बन गया। कामरान को बापूस से ऐसी आशा नहीं थी। बापूस के दुर्भाग्य से बापूस का एक घर उसी क्षेत्र में मौजूद था जहाँ कामरान की सेना ठहरी हुई थी। कामरान ने उस घर को गिराकर अपनी भड़ास निकाली। इतना सब होने के उपरांत भी कामरान अभी इतना कमजोर नहीं हुआ था कि वह हुमायूँ का सामना न कर सके। अब भी कामरान के पास लगभग 12 हजार सैनिक थे किंतु अब कामरान का भरोसा अपने सैनिकों पर से पूरी तरह उठ गया था।

 कामरान को आभास हो गया था कि हुमायूँ का सूरज फिर से चढ़ रहा है, इस चढ़ते हुए सूरज का सीधे-सीधे मुकाबला कर पाना कठिन है। इसलिए उसने एक कपट भरी योजना बनाई। कामरान ने हुमायूँ को भुलावे में डालने के लिए अपनी सेना भंग कर दी तथा अपने विश्वस्त साथियों ख्वाजा खाविंद महमूद और ख्वाजा अब्दुल खालिक को क्षमा मांगने हुमायूँ के पास भेजा।

हुमायूँ अपने भाइयों की अपेक्षा अधिक उदार, सहनशील एवं समझदार था। इसलिए हुमायूँ ने कामरान को क्षमा कर दिया तथा दोनों ख्वाजाओं से कहा कि वे कामरान को मेरी सेवा में ले आएं।

वस्तुतः कामरान हुमायूँ से क्षमा नहीं मांगना चाहता था, उसने तो हुमायूँ को चकमा देकर गजनी भाग जाने का कार्यक्रम बनाया था। अतः जब हुमायूँ ने मिर्जा कामरान को क्षमा करने का वचन दिया तो हुमायूँ की सेना ढीली पड़ गई और रात के अंधेरे का लाभ उठाकर कामरान काबुल की तरफ भागा। हुमायूँ सहित कोई नहीं जान सका कि कामरान अचानक ही कहाँ गायब हो गया!

काबुल के निकट पहुंचकर कामरान स्वयं तो बाबा दश्ती के निकट एक तालाब पर रुक गया और अपने आदमियों को नगर में भेजकर वहाँ से अपनी पुत्री हबीबा बेगम, पुत्र इब्राहीम सुल्तान मिर्जा, खिज्र खाँ की भतीजी हजारा बेगम, हरम बेगम की बहिन माह बेगम, हाजी बेगम की माता मेहअफरोज बेगम और बाकी कोका आदि को बुलवा लिया।

गुलबदन बेगम ने लिखा है कि जब कामरान का परिवार बाबा गश्ती पर आया तो कामरान अपने परिवार के साथ ठट्ठा तथा बक्खर की तरफ भाग गया जबकि अबुल फजल ने लिखा है कि कामरान गजनी की तरफ चला गया। जब हुमायूँ को ज्ञात हुआ कि कामरान भाग गया तो हुमायूँ ने मिर्जा हिंदाल को कामरान के पीछे भेजा ताकि हिंदाल कामरान को पकड़कर ले आए।

हुमायूँ ने बापूस आदि कुछ बेगों को काबुल पर अधिकार करने भेजा ताकि कामरान के सैनिक काबुल के लोगों को न सताएं। हुमायूँ ने कांधार दुर्ग में प्रतीक्षा कर रही हमीदा बानो को काबुल विजय का शुभ समाचार भिजवाया तथा स्वयं अपने मंत्रियों एवं सेनापतियों सहित तीपा घाटी से चलकर काबुल चला गया।

एक शुभ मुहूर्त में हुमायूँ ने अपने पिता की पुरानी राजधानी काबुल में प्रवेश किया। जो मुगल सैनिक कल तक अपनी छातियां चौड़ी करके, शाही डंके पीटते हुए कामरान के आगे चला करते थे, आज वही सैनिक हुमायूँ के आगे-आगे चल रहे थे। उनकी छातियों की चौड़ाई, उनके डंके की आवाजें और उनके गर्व की मात्रा में कोई अंतर नहीं आया था। वह युग ऐसा ही था, निष्ठाएं पल भर में बनती-बिगड़ती और बिकती थीं।

इस प्रकार ई.1546 में जब हुमायूँ ने काबुल पर अधिकार किया तब अकबर को अपने पिता को देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। अबुल फजल के अनुसार इस समय अकबर की आयु तीन वर्ष दो मास आठ दिन थी। दूसरे दिन प्रातः हुमायूँ अपने पिता के तख्त पर बैठा। उस दिन दरबारे आम का आयोजन किया गया जिसमें समस्त बेग, मंत्री, अमीर तथा जागीरदार; बादशाह की सेवा में उपस्थित हुए। जन साधारण की विभिन्न कौमों के मुखिया भी दरबार में उपस्थित हुए।

इस प्रकार दर-दर की ठोकरें खाने वाला हुमायूँ एक बार फिर भाग्य के जोर मारने पर बादशाह बन गया। प्राचीन काल से ही धरती के प्रत्येक भू-भाग में राजा, सम्राट, बादशाह और सुल्तान उसे माना जाता था जिसके पास किला हो, कोष हो, सेना हो, धरती हो और प्रजा हो! आज हुमायूँ के पास किला भी था, कोष भी था, सेना भी थी, भूमि भी थी और प्रजा भी थी! जहाँ तक बात मुकुट और सिंहासन की है, वे तो राजा के आभूषण मात्र हैं। वे राजा से हैं, राजा उनसे नहीं है!

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

चालीस लड़कियां हरे कपड़े पहनकर पहाड़ों पर घूमने लगीं (75)

0
चालीस लड़कियां - www.bharatkaitihas.com
चालीस लड़कियां हरे कपड़े पहनकर पहाड़ों पर घूमने लगीं

कुछ दिन बाद नौरोज का त्यौहार मनाया गया। इस अवसर पर चालीस लड़कियां हरे कपड़े पहनकर पहाड़ों पर घूमने लगीं। ये जवान और खूबसूरत लड़कियां कई दिनों तक पहाड़ों पर विचरण करके अपने रूप की छटा बिखेरती रहीं ताकि दूर-दूर तक यह संदेश चला जाए कि बादशाह हुमायूँ के राज्य में हर ओर सुख-शांति है।

ई.1546 में कांधार पर अधिकार करने के बाद हुमायूँ ने काबुल पर भी अधिकार कर लिया। कामरान काबुल को खाली करके ठट्ठा अथवा बक्खर अथवा गजनी चला गया। हुमायूँ ने काबुल में दरबारे-आम का आयोजन करके अपने पुराने अधिकारियों को अवसर दिया कि वे बादशाह की सेवा में फिर से उपस्थित होकर निष्ठा का प्रदर्शन करें।

हुमायूँ ने मिर्जा हिंदाल को अपना विश्वसनीय जानकर उसे गजनी का गवर्नर बना दिया तथा हमीन्दावर एवं तीरी के इलाके उलूक मिर्जा को सौंप दिए। बहुत से मुगल अमीर जो समय-समय पर हुमायूँ से बगावत करके कामरान की तरफ चले गए थे, वे प्रतिदिन बड़ी संख्या में आ-आकर हुमायूँ के समक्ष उपस्थित होते थे और क्षमा-याचना करके हुमायूँ की अधीनता स्वीकार करते थे। हुमायूँ ने उन सभी को बिना किसी संकोच के अपनी सेवा में ले लिया।

कुछ अमीर ऐसे भी थे जिन्होंने हुमायूँ के प्रति बड़े अपराध किए थे, ऐसे लोगों की हिम्मत स्वयं उपस्थित होने के नहीं होती थी। इसलिए वे स्वयं आने की बजाय अपने प्रतिनिधि भिजवाते थे तथा स्वयं उपस्थित न होने के सम्बन्ध में कोई बहाना बताकर क्षमा-याचना करते थे। हुमायूँ ने ऐसे अमीरों के बहाने स्वीकार नहीं किए तथा उनके प्रतिनिधियों से कहा कि तुम्हारे मालिक की बादशाह के प्रति स्वामिभक्ति तभी मानी जाएगी, जब वे स्वयं हमारे हुजूर में हाजिर होंगे।

कुछ दिन बाद ही हुमायूँ ने अकबर का खतना करने के आदेश दिए। इस अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया तथा काबुल से मरियम मकानी अर्थात् हमीदा बानू को भी बुलाया गया। बाबर के खानदान की अन्य समस्त औरतें तो पहले से ही काबुल में मौजूद थीं। अबुल फजल ने लिखा है कि इस अवसर पर ईरान के शाह तहमास्प के राजदूतों ने आकर बादशाह हुमायूँ को विजय की बधाई दी। बादशाह हुमायूँ ईरानी राजदूत मण्डल के अध्यक्ष वलद बेग से बड़ी कृपा-पूर्वक मिला।

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

मीर सैयद अली भी हुमायूँ की सेवा में हाजिर हुआ। वह अफगानिस्तान एवं बलूचिस्तन में अपनी सम्पत्ति तथा ईमानदारी के लिए प्रसिद्ध था। हुमायूँ ने उस पर बड़ी कृपा दिखाई। बलूचों के बहुत से कबीलों के सरदार बादशाह की सेवा में उपस्थित हुए। हुमायूँ ने बलूचों के एक सरदार जिसका नाम लवंग बलूच था, उसे शाल और मस्तंग (मस्तान) का जागीरदार बना दिया। चौसा, कन्नौज और बक्खर आदि के युद्धों में जो सेनापति अथवा सैनिक हुमायूँ के लिए लड़ते हुए मारे गए थे, उनकी विधवाओं, आश्रित भाई-बहिनों, वृद्ध माता-पिता एवं अवयस्क संतानों को वेतन, भूमि, नौकरी आदि देकर उनका सम्मान किया गया। अबुल फजल ने लिखा है कि यादगार नासिर मिर्जा के मन में फिर से दुष्टता उत्पन्न होने लगी। वह मिर्जा अस्करी के धायभाई मुजफ्फर कोका की सलाह सुना करता था। जब ये बातें बादशाह के कानों तक पहुंची तो हुमायूँ ने मुजफ्फर कोका को पकड़कर मरवा दिया और यादगार नासिर मिर्जा को अपने दरबार में बुलाया। जब यादगार नासिर मिर्जा हुमायूँ के दरबार में उपस्थित हुआ तब हुमायूँ तो चुप रहा किंतु कराचः खाँ ने भरे दरबार में यादगार नासिर मिर्जा को खूब खरी-खोटी सुनाई।

इसके बाद बादशाह के आदेश से यादगार नासिर मिर्जा को काबुल के दुर्ग में कैद कर दिया। उसके पास ही मिर्जा अस्करी भी बंदी बनाकर रखा गया था जिसे कांधार विजय के बाद ही बंदी बना लिया गया था और इस समय तक कांधार के दुर्ग से काबुल के दुर्ग में स्थानांतरित कर दिया गया था।

कुछ दिन बाद नौरोज का त्यौहार मनाया गया। इस अवसर पर चालीस लड़कियां हरे कपड़े पहनकर पहाड़ों पर घूमने लगीं। ये जवान और खूबसूरत लड़कियां कई दिनों तक पहाड़ों पर विचरण करके अपने रूप की छटा बिखेरती रहीं ताकि दूर-दूर तक यह संदेश चला जाए कि बादशाह हुमायूँ के राज्य में हर ओर सुख-शांति है।

कुछ समय बाद हुमायूँ को समाचार मिला कि बदख्शां के शासक मिर्जा सुलेमान ने विद्रोह करके स्वयं को बदख्शां तथा कुंदूज का स्वतंत्र शासक घोषित कर दिया है और अपने नाम का खुतबा पढ़वा रहा है। इस पर मार्च 1546 में हुमायूँ ने एक सेना के साथ बदख्शां के लिए प्रस्थान किया। उसने काबुल की सुरक्षा की जिम्मेदारी मुहम्मद अली तगाई पर छोड़ी।

अबुल फजल ने लिखा है कि हुमायूँ ने मिर्जा अस्करी को इस अभियान के लिए अपने साथ लिया। इससे प्रतीत होता है कि हुमायूँ ने मिर्जा अस्करी को क्षमा करके उसे कैद से मुक्त कर दिया था। अबुल फजल ने यह भी लिखा है कि जब हुमायूँ काबुल नगर से निकलकर कराबाग के निकट पहुंचा तो हुमायूँ को यादगार नासिर मिर्जा की तरफ से आशंका हुई। इसलिए हुमायूँ ने मुहम्मद अली तगाई को आदेश भिजवाया कि वह यादगर नासिर मिर्जा को मार डाले।

इस पर मुहम्मद अली तगाई ने बादशाह को उत्तर भेजा कि मैंने तो कभी एक चिड़िया भी नहीं मारी है, मैं मिर्जा को कैसे मार सकता हूँ। तब हुमायूँ ने यह कार्य मुहम्मद कासिम मंजी को सौंपा। मंजी ने यादगार नासिर मिर्जा के गले पर छुरी फेर दी।

सबसे पहले हुमायूँ ने जफर दुर्ग पर चढ़ाई की। जफर दुर्ग पर बड़ी आसानी से हुमायूँ का अधिकार हो गया। इसके बाद हुमायूँ अंदराब पहुंचा। उधर मिर्जा सुलेमान ने तिरगीरान नामक गांव के पास मोर्चा बांधा। इस पर हुमायूँ ने मिर्जा हिंदाल तथा कराचः खाँ को आगे बढ़कर मिर्जा सुल्तान पर हमला करने के लिए कहा।

दोनों पक्षों में हुए तुमुल संघर्ष के बाद मिर्जा सुलेमान खोस्त की घाटी में भाग गया। उसके पक्ष के बहुत से अमीर भागकर हुमायूँ की शरण में आ गए। इनमें वलद कासिम बेग, मिर्जा बेग बरलास प्रमुख थे। हुमायूँ तथा मिर्जा हिंदाल ने अपने घुड़सवार लेकर मिर्जा सुलेमान का पीछा किया किंतु मिर्जा सुलेमान इनके हाथ नहीं आया। हुमायूँ ने मिर्जा हिंदाल को कुंदूज तथा बदख्शां का गवर्नर बना दिया।

इतिहास घूमकर फिर उसी बिंदु पर आ गया था। ई.1525 में जब बाबर जीवित था, तब हुमायूँ इसी मिर्जा हिंदाल को बदख्शां का गवर्नर बनाकर हिंदुस्तान गया था और आज ई.1546 में हुमायूँ ने एक बार फिर हिंदाल को बदख्शां का गवर्नर बनाया।

हुमायूँ ने कुछ दिन खोस्त की घाटी में शिकार खेलने में बिताए तथा इसके बाद वह किशम दुर्ग पर अधिकार करने पहुंचा। किशम दुर्ग पर हुमायूँ का अधिकार तो हो गया किंतु हुमायूँ किशम में बुरी तरह बीमार हो गया। यहाँ तक कि वह कुछ दिनों तक अचेत पड़ा रहा।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

हुमायूँ के मित्रों की औरतें कामरान ने एक-दूसरे को दे दीं (76)

0
हुमायूँ के मित्रों की औरतें - www.bharatkaitihas.com
हुमायूँ के मित्रों की औरतें कामरान ने एक-दूसरे को दे दीं

जब कामरान किसी भी तरह से हुमायूँ को नीचा नहीं दिखा सका तो उसने और अधिक नीचता करने का निश्चय किया तथा हुमायूँ के मित्रों की औरतें एक-दूसरे को बांट दीं! वैसे भी कोई मुगल बादशाह या अमीर किसी की भी औरत को भोगने में शर्म नहीं करता था।

हुमायूँ का चचेरा भाई मिर्जा सुलेमान हुमायूँ से परास्त होकर खोस्त की घाटी में भाग गया तथा हुमायूँ ने जफर दुर्ग एवं किशम दुर्ग पर अधिकार कर लिया। किशम दुर्ग में हुमायूँ बीमार पड़ गया और कुछ दिनों तक अचेत पड़ा रहा।

गुलबदन बेगम ने लिखा है कि जब बक्खर में कामरान को समाचार मिला कि हुमायूँ किशम के किले में बेहोश पड़ा है तो कामरान ने गजनी पहुंचकर बेगा बेगम की बहिन के पति जाहिद बेग को मार डाला तथा गजनी पर अधिकार कर लिया। इसके बाद कामरान कांधार के लिए चल दिया किंतु कांधार दुर्ग पर बैराम खाँ का पहरा था। बैराम खाँ ने कामरान को कांधार दुर्ग में नहीं घुसने दिया। इस पर कामरान कांधार छोड़कर काबुल के लिए रवाना हुआ।

एक दिन सूर्य निकलते ही कामरान ने काबुल नगर पर धावा मारा। इस समय काबुल के दरवाजे खुले हुए थे और भिश्ती तथा घसियारे आदि स्त्री-पुरुष नगर के भीतर और बाहर आ-जा रहे थे। उन्हीं के साथ कामरान तथा उसके सिपाही काबुल नगर में घुस गए। उस समय हुमायूँ की मातस माहम बेगम का भाई अली मामा स्नानघर में था, कामरान ने उसे स्नानघर में ही मार डाला।

कामरान ने मुल्ला अब्दुल खालिक के मदरसे में डेरा डाला। कामरान के सैनिकों ने हुमायूँ के महल का कीमती सामान लूटकर कामरान के डेरे में डाल दिया। कामरान ने हुमायूँ के विश्वस्त अमीर फजायल बेग तथा मेहतर वकील को पकड़कर उनकी आंखों में सलाई फिरवा दी अर्थात् उन्हें अंधा कर दिया।

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

इसके बाद कामरान ने हुमायूँ के परिवार की औरतों को पकड़ कर मिर्जा अस्करी के मकान में बंद कर दिया और उस मकान का दरवार्जा ईंटों की पक्की चिनाई से बंद करवा दिया। इन औरतों को दीवार के ऊपर से खाना पहुंचाया जाता था। हुमायूँ का पुत्र अकबर भी हुमायूँ के हरम की स्त्रियों के साथ इस घर में बंद किया गया। जो मिर्जा, बेग, अमीर और सिपाही कामरान का साथ छोड़कर हुमायूँ की तरफ भाग गए थे, उनके घरों की पहचान करके उन्हें गिराया गया तथा उनके परिवारों को बहुत बुरी सजाएं दी गईं। इन परिवारों की औरतों को दूसरे परिवारों को सौंप दिया गया। यह कामरान के नैतिक पतन की पराकाष्ठा थी। जिन लोगों पर तथा जिन लोगों की सहायता से उसे शासन करना था, कामरान उन्हीं लोगों के परिवारों के साथ मानव-गरिमा से नीचे का बरताव कर रहा था। शाही आदेश से अमीरों की स्त्रियों की अदला-बदली जैसा कुकृत्य इससे पहले किसी भी मुगल विजेता द्वारा नहीं किया गया था। कामरान के साथ आई औरतों को हुमायूँ की औरतों के महलों में ठहराया गया। हुमायूँ के हरम के नौकरों तथा उनकी औरतों पर अत्याचार ढाए गए। हुमायूँ के मित्रों की औरतें दूसरे मर्दों द्वारा बेइज्जत की गईं किंतु हुमायूँ कुछ नहीं कर सका!

कामरान ने अपने भाई-भतीजों, बहिन-भाइयों एवं बुआ-चाचियों आदि किसी के भी साथ किसी सम्बन्ध की परवाह नहीं की। वह बदले की आग में जल रहा था। उसे हर उस व्यक्ति से चुन-चुन कर बदला लेना था जो कामरान के स्थान पर हुमायूँ के पक्ष में था।

कामरान ने जैसा वीभत्स व्यवहार अपने ही कुल के सदस्यों के साथ किया, वैसा व्यवहार तो शेरशाह सूरी सहित किसी भी शत्रु ने हुमायूँ के परिवार के साथ अब तक नहीं किया था। हुमायूँ के परिवार के सदस्यों को विश्वास नहीं हुआ कि निर्दयी समय थोड़ा सा दयालु होकर इतनी शीघ्र ही फिर से बुरा हो जाएगा!

कामरान ने गुलबदन की माता दिलदार बेगम और गुलबदन को अपने पास बुलाया। उसने दिलदार बेगम से कहा कि वह लुहारखाने में जाकर रहे। कामरान ने गुलबदन बेगम से कहा कि मेरा घर भी तुम्हारा ही है, तुम यहीं पर रहो। इस पर गुलबदन बेेगम ने कामरान से कहा कि मैं यहाँ क्यों रहूँ। जहाँ मेरी माता रहेगी, मैं भी वहीं पर रहूंगी।

कामरान ने कहा कि ठीक है, तुम्हारी जहाँ इच्छा हो रहो किंतु तुम खिज्र ख्वाजा खाँ को पत्र लिखो कि जिस प्रकार हिंदाल और अस्करी मेरे भाई हैं, उसी प्रकार खिज्र ख्वाजा खाँ भी मेरा भाई है, इसलिए खिज्र ख्वाजा खाँ तुंरत मुझसे  आकर मिलो, यह समय मेरी सहायता करने का है।

इस पर गुलबदन ने कहा कि वह मेरे दस्तखत नहीं पहचानता है इसलिए तुम्हारी जो मर्जी हो तुम ही उसे पत्र लिखो। गुलबदन बेगम ने लिखा है कि मैंने मिर्जा ख्वाजा खाँ को लिखा कि हालांकि तुम्हारे सब भाई कामरान की तरफ हो गए हैं किंतु तुम कभी सपने में भी कामरान के साथ मत होना, बादशाह की तरफ ही रहना।

पाठकों की सुविधा के लिए बताना समीचीन होगा कि उस काल में जितने पुरुषों के नाम के साथ मिर्जा लगता था, वे तैमूरी खानदान अथवा मुगल खानदान के शहजादे थे और जिन पुरुषों के नाम के आगे ख्वाजा अथवा खोजा लगता था, वे अधिकांशतः बाबर की बेगम माहम सुल्ताना के पीहर पक्ष के अर्थात् हुमायूँ के ननिहाल से आए हुए थे।

खिज्र ख्वाजा खाँ गुलबदन बेगम का पति था। इस समय वह अपने परिवार के साथ खोस्त में था किंतु उसकी पत्नी गुलबदन बेगम काबुल के किले में कामरान की कैद में थी। कामरान चाहता था कि गुलबदन बेगम और उसका पति खिज्र ख्वाजा खाँ हुमायूँ के पक्ष में रहने की बजाय, कामरान के पक्ष में रहे किंतु जब गुलबदन ने खिज्र ख्वाजा खाँ को बुलाने के लिए पत्र नहीं लिखा तो कामरान ने मेहदी सुल्तान तथा शेर अली नामक दो अमीरों को खिज्र ख्वाजा खाँ को लाने के लिए भेजा।

जिस तरह मुगलिया खानदान में बाबर की बेगम माहम सुल्ताना का अत्यधिक सम्मान एवं आदर था, उसी प्रकार मुगलिया खानदान में बाबर की बहिन खानजादः बेगम और गुलबदन बेगम का भी अत्यधिक सम्मान था, उनकी कोई बात टाली नहीं जाती थी। माहम सुल्ताना एवं खानजादः बेगम तो अब काल के प्रवाह में तिरोहित हो चुकी थीं, इसलिए गुलबदन बेगम का अपने किसी भाई के पक्ष में होने का महत्व अत्यधिक बढ़ गया था।

यदि खोस्त का ख्वाजा परिवार अर्थात् गुलबदन के पति का परिवार कामरान के पक्ष में चला जाता तो हुमायूँ को बदख्शां, खोस्त एवं हेरात के क्षेत्र में नैतिक समर्थन प्राप्त हो जाता और हुमायूँ का पक्ष कमजोर हो जाता। इसलिए कामरान ने गुलबदन बेगम एवं खिज्र ख्वाजा खाँ को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया।

घमण्डी कामरान ये सब बातें तो जानता था किंतु यह नहीं जानता था कि गुलबदन बेगम और उसके पति का समर्थन पाने के लिए गुलबदन की माता दिलदार बेगम के साथ भी अच्छा व्यवहार करना होगा। चूंकि कामरान ने गुलबदन की माता को उसके महल से निकालकर शस्त्रागार में रहने के आदेश दिए थे, इसलिए कामरान को गुलबदन बेगम का समर्थन कैसे मिल सकता था!

जब बादशाह को ज्ञात हुआ कि कामरान ने खिज्र ख्वाजा खाँ को बुलाया है तो बादशाह हुमायूँ ने भी खिज्र ख्वाजा खाँ को पत्र लिखकर अपने पास आने के लिए लिखा। इस पर खिज्र ख्वाजा खाँ बादशाह हुमायूँ की सेवा में उपस्थित हो गया। उस समय हुमायूँ उकाबैन नामक स्थान पर ठहरा हुआ था।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

तोपों के आगे अकबर को लटका दिया कामरान ने (77)

0
तोपों के आगे अकबर - www.bharatkaitihas.com
तोपों के आगे अकबर को लटका दिया कामरान ने

कामरान ने अपने सैनिकों को आदेश दिए कि वे तोपों के आगे अकबर को लटका दें। अकबर हुमायूँ का पुत्र था जिसे कामरान हुमायूँ के शिविर से उठा लाया था। कामरान के आदेश से पांच वर्ष के बालक अकबर को काबुल के किले की दीवार पर रस्सियों से लटका दिया गया।

जिस समय कामरान काबुल के किले में हुमायूँ के परिवार एवं पक्ष के लोगों पर अत्याचार कर रहा था, उस समय हुमायूँ किशम के किले मे अचेत पड़ा था। हुमायूँ इस अभियान पर अपने सौतेले भाई मिर्जा अस्करी को भी अपने साथ लाया था।

जब मिर्जा अस्करी ने देखा कि हुमायूँ बेहोश पड़ा है तो उसने फिर से बगावत कर दी तथा मिर्जा कामरान और मिर्जा सुलेमान को हुमायूँ के बीमार होने की सूचना भेज दी। हुमायूँ के स्वामिभक्त सेवक कराचः खाँ ने संकट की इस घड़ी में फिर वीरता का परिचय दिया तथा मिर्जा अस्करी को अपने डेरे में कैद कर लिया।

लगभग दो माह बाद हुमायूँ बिल्कुल ठीक हो गया। उसे बताया गया कि मिर्जा अस्करी ने बगावत की थी इसलिए कराचः खाँ ने उसे कैद कर लिया गया है। मिर्जा कामरान ने भी बादशाह की बीमारी का समाचार सुनकर कांधार पर हमला किया था किंतु बैरम खाँ ने उसका प्रयास निष्फल कर दिया। अब कामरान काबुल पर अधिकार करके बैठा है। वह शाही परिवार की औरतों, मित्रों तथा बादशाह के विश्वस्त अमीरों एवं बेगों के परिवारों पर जुल्म ढा रहा है।

इन समाचारों को सुनकर हुमायूँ के आश्चर्य का पार नहीं रहा। हुमायूँ के पिता ने हुमायूँ को मरते दम तक यह हिदायत दी थी कि हुमायूँ सबसे बड़ा है इसलिए वह अपने भाइयों पर कृपा करे। चाहे वे कितनी ही गलती क्यों न करे, वह सहन करे और उन्हें क्षमा करे।

हुमायूँ ने जीवन भर अपने पिता की इस आज्ञा का पालन किया था किंतु उसके भाई समस्त मर्यादाओं को ताक पर रखकर सारी सीमाएं लांघते जा रहे थे। अपने भाइयों की गद्दारी के कारण ही हुमायूँ को भारत का राज्य खोना पड़ा था और अब उसके भाई हुमायूँ को अफगानिस्तान में भी पैर नहीं टिकाने दे रहे थे।

हुमायूँ किशम से काबुल के लिए कूच करके मनार पहुंच गया। गुलबदन बेगम ने लिखा है कि जब कामरान को ज्ञात हुआ कि हुमायूँ आ रहा है तब कामरान ने शिरोया के पिता शेर अफगन को अपनी सेना देकर हुमायूँ से युद्ध करने भेजा। शेर अफगन डंका बजाता हुआ चल दिया। अस्करी के मकान में बंद हुमायूँ के हरम की औरतों ने मकान की छत पर चढ़कर इस सेना को हुमायूँ के विरुद्ध प्रयाण करते हुए देखा तो वे रोने लगीं और कामरान को बद्दुआएं देने लगीं।

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

डीहे अफगाना नामक स्थान पर हुमायूँ तथा शेर अफगन की सेनाओं के बीच घमासान हुआ। इस युद्ध में शेर अफगन की सेना हार गई। कामरान के पक्ष के बहुत से अमीर जीवित ही पकड़ लिए गए। जब उन्हें जंजीरों में बांधकर हुमायूँ के समक्ष उपस्थित किया गया तो हुमायूँ ने आदेश दिए कि इन बागी मुगलों के टुकड़े-टुकड़े कर दिए जाएं। हुमायूँ के आदेश की पालना की गई। कामरान का एक प्रमुख अमीर जोकी खाँ भी पकड़ा गया था। हुमायूँ ने उसे कैद में रखने के आदेश दिए। इसके बाद बादशाह अपनी जीत के धौंसे बजाता हुआ उकाबैन तक आ गया। यह काबुल के किले के बाहर एक ऊंचा स्थान था जहाँ अपराधियों को बांधकर रखा जाता था। यहाँ से काबुल के किले के भीतर का दृश्य स्पष्ट दिखाई देता था। हुमायूँ ने इसी स्थान पर मोर्चा बांधा तथा काबुल का दुर्ग घेर लिया। काबुल नगर इसी दुर्ग के भीतर बसा हुआ था। सात महीने तक घेरेबंदी चलती रही। इस समय मिर्जा कामरान काबुल के मुख्य महल में आ गया था जिसमें कभी बाबर और बाद में हुमायूँ रहा करता था। इसे बाला हिसार कहते थे।

गुलबदन बेगम ने लिखा है कि एक दिन मिर्जा कामरान बाला हिसार में अपने निवास से निकल कर बाहर आंगन में आ गया और उसे उकाबैन पर खड़े हुमायूँ के किसी सैनिक ने देख लिया। उस सैनिक ने कामरान पर गोली चलाई। कामरान तत्काल भागकर ओट में हो गया। कुछ लेखकों के अनुसार हुमायूँ ने कामरान के निवास के सामने तोपें लगवाईं।

कामरान ने अपने सैनिकों को आदेश दिए कि वे तोपों के आगे अकबर को लटका दें। अकबर हुमायूँ का पुत्र था जिसे कामरान हुमायूँ के शिविर से उठा लाया था। कामरान के आदेश से पांच वर्ष के बालक अकबर को काबुल के किले की दीवार पर रस्सियों से लटका दिया गया।

गुलबदन ने लिखा है कि शाही सैनिकों ने तोपों के आगे अकबर को पहचान लिया तथा इसकी सूचना हुमायूँ को दी। हुमायूँ ने सैनिकों को आदेश दिए कि वे बाला हिसार पर गोलाबारी बंद कर दें।

इसके बाद हुमायूँ की तरफ से गोलाबारी बंद हो गई किंतु कामरान के सैनिक उकाबैन पर नियुक्त हुमायूँ की सेना पर गोले चलाते रहे। इस पर हुमायूँ की सेना ने मिर्जा अस्करी को उनके सामने लाकर खड़ा कर दिया और उसको अपमानित करने लगे। मिर्जा अस्करी हुमायूँ का सौतेला भाई और मिर्जा कामरान का सगा भाई था।

यह एक विचित्र दृश्य था। इस दृश्य की मुगलों ने कभी कल्पना तक नहीं की होगी। एक तरफ तो बाबर के एक बेटे ने बाबर के दूसरे बेटे को तोपों के सामने ला खड़ा किया था तो दूसरी ओर बाबर के तीसरे बेटे ने बाबर के पोते को तोपों के सामने बांध रखा था। ऐसा मुगलों के इतिहास में उससे पहले या बाद में फिर कभी नहीं सुना गया।

गुलबदन बेगम ने लिखा है कि इसके बाद तोपों और बंदूकों का प्रयोग बंद हो गया तथा दोनों ओर के मनुष्य अपने-अपने क्षेत्र से बाहर आकर युद्ध करने लगे जिससे बहुत से मनुष्य मारे जाने लगे। चूंकि हुमायूँ की संतानें, स्त्रियां और प्रजा काबुल दुर्ग में बंद थी इसलिए हुमायूँ तो वैसे भी तोपों और बंदूकों का प्रयोग नहीं करना चाहता था।

शेर अफगन प्रतिदिन काबुल के दुर्ग से निकलता और हुमायूँ के सैनिकों को मारकर पुनः किले में लौट जाता। एक दिन शेर अफगन ने हुमायूँ के एक प्रमुख योद्धा हाजी खाँ को मार डाला। इस पर कराचः खाँ ने हुमायूँ से आज्ञा मांगी कि वह शेर अफगन से युद्ध करके उसे मारना चाहता है। हुमायूँ ने कराचः खाँ को इसकी अनुमति दे दी।

अगले दिन जब शेर अफगन काबुल के किले से बाहर निकला तो कराचः खाँ पहले से ही तैयार था। उसने शेर अफगन को द्वंद्वयुद्ध के लिए ललकारा। शेर खाँ को अपनी वीरता पर बड़ा भरोसा था, इसलिए वह तलवार सूंतकर कराचः खाँ पर टूट पड़ा। कुछ देर की तलवारबाजी के बाद कराचः खाँ ने शेर अफगन को मार दिया। यह कामरान के लिए बड़ा झटका था।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

काबुल दुर्ग में घुसकर हुमायूँ ने औरतों को छुड़ाया (78)

0
काबुल दुर्ग - www.bharatkaitihas.com
काबुल दुर्ग में घुसकर हुमायूँ ने औरतों को छुड़ाया

जब बहुत दिनों तक काबुल दुर्ग के बाहर हुमायूँ और कामरान की सेनाओं में युद्ध चलता रहा तब हुमायूँ की बेगमों ने ख्वाजा दोस्त मदारिचः नामक एक फकीर को बादशाह हुमायूँ के पास भेजकर कहलवाया कि खुदा के लिए मिर्जा कामरान जो कुछ भी चाहता है, उसे मान लीजिए और अपने गुलामों अर्थात् हमें इस संकट से निकालिए।

वस्तुतः ख्वाजा दोस्त मदारिचः कामरान का संदेशवाहक था और वह कामरान के संदेश लेकर हुमायूँ के पास जाया करता था। इस समय तक कामरान की हालत खराब हो चुकी थी और वह ख्वाजा दोस्त मदारिचः के माध्यम से संधि करना चाहता था। कामरान ने हुमायूँ पर दबाव बनाने के लिए हुमायूँ की बेगमों की तरफ से यह संदेश भिजवाया था।

गुलबदन बेगम ने लिखा है कि हुमायूँ ने ख्वाजा दोस्त मदारिचः के साथ बेगमों के लिए बाहर से नौ भेड़ें, सात कंटर (कंटेनर) गुलाबजल, नीबू का शर्बत, तिरसठ थान और कई अधबहियां भेजीं तथा बेगमों को लिखा कि आप लोग दुर्ग में बंद हैं, इसलिए हम दुर्ग को बलपूर्वक नहीं ले सकते। यदि हम बलपूर्वक दुर्ग लेने का प्रयास करते तो अब तक हमारा पुत्र मुहम्मद अकबर भी मृत्यु को प्राप्त हो चुका होता!

इस प्रकार हुमायूँ ने बेगमों और उनके साथ ही कामरान को यह संदेश दे दिया कि यह घेरेबंदी कितनी ही लम्बी क्यों न चले हुमायूँ कामरान की कोई बात नहीं मानेगा। कई दिनों की लड़ाई के बाद कामरान की हालत खराब होने लगी तो कामरान ने हुमायूँ के पास संधि का प्रस्ताव भिजवाया किंतु हुमायूँ ने शर्त रखी कि कामरान की कोई भी बात तभी सुनी जाएगी जब वह स्वयं बादशाह के समक्ष उपस्थित होगा।

हुमायूँ की यह शर्त सुनकर कामरान आग-बबूला हो गया। उसने हुमायूँ के एक प्रमुख अमीर बापूस के तीन पुत्रों को मारकर उनके शव काबुल दुर्ग के बाहर फिंकवा दिए। यह वही बापूस था जो किसी समय कामरान के साथ हुआ करता था और कामरान का साथ छोड़कर हुमायूँ की सेवा में चला गया था। कामरान ने इसी बापूस का घर गिरवाया था जो बाबर की कब्र के पास ही स्थित था। कामरान ने बापूस के जिन तीन पुत्रों के शव काबुल दुर्ग से बाहर फिंकवाए थे, उनकी आयु तीन वर्ष, पांच वर्ष और सात वर्ष थी।

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

बापूस के ये तीनों पुत्र कामरान द्वारा अचानक ही काबुल दुर्ग पर अधिकार किए जाने के कारण काबुल में ही रह गए थे और उन्हें भागने का अवसर नहीं मिला था। कामरान ने उन्हें कैद कर रखा था। कामरान ने कराचः खाँ के पुत्र सरदार बेग और मुसाहिब बेग के पुत्र खुदा दोस्त को दुर्ग के कंगूरों से लटकवा दिया और उनके पिताओं से कहलवाया कि यदि तुम बादशाह से कहकर दुर्ग का घेरा नहीं हटवाओगे तो तुम्हारे पुत्रों को भी बापूस के पुत्रों की तरह मार दिया जाएगा।  इस पर कराचः खाँ ने चिल्लाकर कहा कि हमारे बच्चे कभी न कभी तो मरेंगे ही, इसलिए अच्छा है कि स्वामी का कार्य करते हुए मरें। तुम हमारे बच्चों को मार दो, हम उसका बदला जल्दी ही ले लेंगे। इस पर कामरान ने कासिम खाँ मौजी की पत्नी को भी दुर्ग की दीवार से लटका दिया। अप्रेल 1547 में कामरान ने काबुल से भागने की योजना बनाई। उसने कराचः खाँ के माध्यम से बादशाह से निवेदन करवाया कि मुझे अपने पिछले कामों पर बड़ा खेद है। अब मैं स्वयं में सुधार करके बादशाह की सेवा करना चाहता हूँ। मेरा जीवन बादशाह के हाथों में है। हुमायूँ ने कामरान की इस बात पर दुर्ग का घेरा हल्का करवा दिया।

अबुल फजल ने अकबरनामा में लिखा है कि मिर्जा हिंदाल, कराचः खाँ मुसाहिब बेग आदि कितनी ही लोग चाहते थे कि मिर्जा कामरान बादशाह की अधीनता स्वीकार नहीं करे। अबुल फजल ने यह नहीं लिखा है कि जब ये लोग हुमायूँ के पक्ष में लड़ रहे थे तो वे ऐसा क्यों चाहते थे! संभवतः इन लोगों ने अपने परिवारों के सदस्यों की जान बचाने के लिए कामरान से कोई गुप्त समझौता कर लिया था।

इस समय कामरान बाला हिसार नामक महल में निवास कर रहा था। इस महल में दिन भर कामरान के सैनिकों, दासों एवं गुप्तचरों का आना-जाना लगा रहता था। एक दिन कामरान ने सभी लोगों को बाला हिसार में आने की मनाही कर दी। पूरा दिन सन्नाटे में बीत गया। संध्याकाल में भी कामरान के महल में कोई हलचल नहीं हुई। यहाँ तक कि सोने का समय हो गया।

गुलबदन बेगम ने लिखा है कि जिस समय नगर के लोग सुख से सो रहे थे, तब आधी रात के समय शस्त्र, कवच आदि झनझनाने लगे। लोग चौंक कर उठ बैठे। घुड़साल के सामने लगभग एक हजार सैनिक खड़े थे। हुमायूँ के हरम की औरतों ने उन लोगों से चिल्लाकर पूछा कि क्या हुआ है और तुम लोग यहाँ क्यों खड़े हो किंतु किसी ने जवाब नहीं दिया। थोड़ी देर में वे सब लोग चले गए। इसके कुछ समय बाद कराचः खाँ के पुत्र बहादुर खाँ ने आकर समाचार किया कि मिर्जा कामरान भाग गया।

भागने वालों में ख्वाजा मुअज्जम भी था किंतु वह दुर्ग की दीवार के उस पार जाकर रुक गया और कामरान तथा उसके साथियों के चले जाने के बाद जोर-जोर से चिल्लाने लगा। दुर्ग के भीतर लोगों ने रस्सी फैंककर उसे ऊपर खींच लिया। कामरान के जाने के बाद रात्रि में ही दुर्ग के दरवाजे खोल दिए गए तथा बादशाह को सूचना पहुंचाई गई। हुमायूँ ने तुरंत काबुल में घुसकर काबुल पर अधिकार कर लिया।

उसने तर्दी मुहम्मद खाँ तथा नाजिर के पहरे में शाही औरतों को अस्करी के मकान से बाहर निकलवाया। हुमायूँ ने दिलदार बेगम, बेगा बेगम, हमीदा बानू बेगम और गुलबदन बेगम से मिलकर उन्हें सांत्वना दी तथा अपने साथ शाही महलों में ले गया। हुमायूँ को यह देखकर बहुत अफसोस हुआ कि कामरान ने शाही महल की औरतों को इतने गंदे माहौल में तथा इतने गंदे तरीके से रखा था।

इन सारे कामों में रात बीत गई, दिन निकल आया। काबुल में आज का सूरज विशेष प्रसन्नता के साथ निकला था। शाही हरम की जो औरतें बादशाह के साथ सैनिक शिविर में थीं, वे भी इन औरतों से आकर मिल गईं। उधर रात के अंधेरे में काबुल से निकलकर कामरान बदख्शां की तरफ रवाना हो गया।

उसने बदख्शां के निकट टालिकान में डेरा डाला। गुलबदन बेगम ने लिखा है कि एक दिन बादशाह सुबह की नमाज पढ़कर उठा ही था कि उसे समाचार मिला कि कराचः खां, मुसाहिब खां, मुबारिक खाँ तथा बापूस आदि बहुत से अमीर जो मूलतः कामरान की सेवा में हुआ करते थे और कामरान को छोड़कर हुमायूँ की तरफ हो गए थे, वापस कामरान की सेवा में भाग गए।

यह एक आश्चर्य की बात थी कि जब हुमायूं किले से बाहर संघर्ष कर रहा था, तब ये लोग हुमायूँ की तरफ से लड़ रहे थे और अब जबकि हुमायूँ किले पर विजय प्राप्त कर चुका था और कामरान किला छोड़कर भाग चुका था, तब ये लोग हुमायूँ का साथ छोड़कर कामरान की तरफ चले गए!

हुमायूँ को ज्ञात हुआ कि अब कामरान ने टालिकान दुर्ग पर अधिकार करके उसमें अपना डेरा जमाया है। इस पर हुमायूँ ने एक सेना लेकर टालिकान पर अभियान किया तथा कामरान को घेर लिया। कुछ समय की घेरेबंदी के बाद कामरान ने बादशाह की अधीनता स्वीकार कर ली और वह बादशाह हुमायूँ की सेवा में आ गया।

हुमायूँ अपने सौतेले एवं चचेरे भाइयों से झगड़ा नहीं करना चाहता था। इसलिए हुमायूँ ने सौतेले भाइयों कामरान तथा मिर्जा अस्करी को फिर से अपनी सेवा में ले लिया तथा अपने राज्य का अपने भाइयों में फिर से बंटवारा किया। उसने मिर्जा कामरान को कोलाब, मिर्जा हिंदाल को कांधार और मिर्जा अस्करी को टालिकान का गवर्नर बनाया। हुमायूँ ने अपने चचेरे भाई मिर्जा सुलेमान को दुर्ग जफर का शासक नियुक्त किया।

इसके बाद हुमायूँ लगभग डेढ़ वर्ष तक काबुल में निवास करता रहा। हुमायूँ द्वारा अपने भाइयों को माफ करके फिर से अपनी सेवा में लिया जाना निश्चित रूप से मानवीय स्तर पर हुमायूँ की महानता का परिचायक था किंतु राजनीतिक स्तर पर बहुत बड़ी भूल थी।

डॉ. ईश्वरी प्रसाद ने लिखा है- ‘हुमायूँ की सामान्य काहिली तथा उसकी अपार उदारता प्रायः उसकी विजय के फलों को नष्ट कर देती थी।’

लेनपूल ने लिखा है- ‘उसमें चरित्र तथा दृढ़ता का अभाव था। वह निरन्तर प्रयास करने में असमर्थ था और प्रायः विजय के अवसर पर अपने हरम में व्यसन में मग्न हो जाता था और अफीम के स्वर्गलोक में अपने मूल्यवान समय को व्यतीत कर देता था।’            

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

हुमायूँ की सेना उसे उजबेगों के सामने छोड़कर भाग गई (79)

0
हुमायूँ की सेना - www.bharatkaitihas.com
हुमायूँ की सेना उसे उजबेगों के सामने छोड़कर भाग गई

हुमायूँ की सेना की कायरता तथा भाईयों के असहयोग के कारण हुमायूँ को एक बार फिर से शर्मनाक पराजय का सामना करना पड़ा था किंतु इस समय हुमायूँ अपने विद्रोही भाइयों के विरुद्ध कुछ भी करने की स्थिति में नहीं था।

अप्रैल 1547 में काबुल पर अधिकार करने के बाद हुमायूँ ने अपने भााइयों को पुनः अपनी सेवा में ले लिया तथा अपने राज्य का फिर से बंटवारा किया। एक दिन हुमायूँ ने अपने भाइयों के लिए किशम दुर्ग में भोज का प्रबंध किया। बादशाह के निमंत्रण पर मिर्जा कामरान, मिर्जा अस्करी, मिर्जा हिंदाल तथा मिर्जा सुलेमान भोज के लिए उपस्थित हुए।

इनमें से मिर्जा सुलेमान हुमायूँ का चचेरा भाई था जबकि कामरान, अस्करी और हिंदाल हुमायूँ के सौतेले भाई थे। हुमायूँ ने अपने हरम की औरतों को भी इस भोज में बुलाया।  इस भोज के लिए बादशाह तथाा उसके अमीरों एवं हरम की औरतों के लिए अलग-अलग शामियाने लगाये गये।

हुमायूँ के पूर्वज चंगेज खाँ ने अपने भाइयों एवं परिवार के सदस्यों के लिए बादशाह के समक्ष उपस्थित होने, उसके साथ भोजन करने, उसका स्वागत करने, उसे विदा करने, उसे भेंट देने तथा उसके समक्ष बैठने के सम्बन्ध में कुछ नियम बनाए थे। वही नियम तैमूर लंग द्वारा अपने परिवार के लिए स्वीकार कर लिए गए थे और बाबर तथा हुमायूँ के समय में भी वही नियम प्रचलित थे।

जब हुमायूँ और उसके भाई दावत हेतु बनाए गए शामियाने में गए तो हुमायूँ ने हाथ धोने के लिए बरतन लाने के आदेश दिए। चूंकि इस समय मिर्जा सुलेमान तथा मिर्जा हिंदाल सबसे छोटे थे, इसलिए उन दोनों ने सेवकों के हाथों से बरतन लेकर बादशाह के सामने रख दिए तथा अपने हाथों में झारी लेकर बादशाह के हाथों पर पानी डाला।

नियम के अनुसार शेष चारों भाइयों को शामियाने से बाहर जाकर हाथ धोने चाहिए थे। इसलिए मिर्जा हिंदाल और मिर्जा अस्करी हाथ धोने बाहर चले गए किंतु कामरान ने बादशाह की उपस्थिति का लिहाज न करके उन्हीं बरतनों में हाथ धोए जिनमें बादशाह ने धोए थे। कामरान के बाद मिर्जा सुलेमान ने भी उन्हीं बरतनों में हाथ धो लिए। संभवतः बादशाह ने सुलेमान को यहीं हाथ धो लेने के लिए कह दिया था।

जब सुलेमान हाथ धो रहा था, तब तक मिर्जा अस्करी और मिर्जा हिंदाल हाथ धोकर आ गए। उन्होंने मिर्जा सुलेमान को बादशाह के बर्तनों में हाथ धोते हुए देख लिया। मिर्जा सुलेमान ने उन्हीं बरतनों में नाक सिनक दी। यह देखकर मिर्जा हिंदाल तथा अस्करी चिढ़ गए। उन्होंने सुलेमान से कहा कि यह कैसा गंवारपन है? हमें बादशाह के सामने हाथ धोने का क्या अधिकार है? यदि बादशाह ने तुम्हें यहीं हाथ धोने के लिए कह दिया था, तब क्या तुम्हें बादशाह के सम्मुख नाक साफ करने में लज्जा नहीं आई?

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

अस्करी और हिंदाल की बात सुनकर सुलेमान बड़ा लज्जित हुआ। हुमायूँ ने इस बात को यहीं समाप्त करने के आदेश दिए और सभी भाइयों ने एक ही दस्तरखान पर बैठ कर भोजन किया। बाबर की मृत्यु के बाद इन भाइयों के जीवन में ऐसा अवसर संभवतः पहली बार आया था जब सभी भाइयों ने एक ही दस्तरखान पर बैठकर भोजन किया। हुमायूँ द्वारा इस दावत का आयोजन संभवतः भाइयों के बीच प्रेम बढ़ाने तथा पुरानी बातें भुलाने के उद्देश्य से किया गया था। गुलबदबन बेगम ने इस आयोजन का विस्तार से वर्णन किया है। वह लिखती है कि जब पांचों भाई भोजन कर चुके तब हुमायूँ ने गुलबदन बेगम को शामियाने में बुलवाया। गुलबदन बेगम के आने पर हुमायूँ ने अपने भाइयों से कहा कि एक बार लाहौर में गुलबदन बेगम ने मुझसे कहा था कि मैं अपने सभी भाइयों को एक दस्तरख्वान पर बैठकर भोजन करते हुए देखूं। आज मैंने गुलबदन की उसी इच्छा को पूरा किया है। अल्लाह हम सभी पर रहम करे। मेरे हृदय में यह नहीं है कि मैं किसी मुसलमान का बुरा चाहूँ तब ऐसा कैसे हो सकता है कि मैं अपने भाइयों की बुराई चाहूँ ! अल्लाह तुम सबके हृदय में यही भावना बनाए रखे जिससे हम लोग एक बने रहें।

इस दावत के बाद सभी भाई अपनी-अपनी जागीरों पर चले गए और हुमायूँ अपनी राजधानी काबुल लौट आया। जब हुमायूँ को काबुल में रहते हुए लगभग डेढ़ वर्ष बीत गया तब हुमायूँ हरम की बेगमों को लेकर लमगान होता हुआ बलख के निकट पहुंचा।

यहाँ पहुंचकर हुमायूँ ने अपनी यात्रा का वास्तविक उद्देश्य प्रकट किया। उसने मिर्जा कामरान, मिर्जा सुलेमान, मिर्जा अस्करी तथा मिर्जा हिंदाल को पत्र भिजवाए कि हम उजबेगों से लड़ने जा रहे हैं। इसलिए तुम भी शीघ्र ही अपनी सेनाएं लेकर बलख आ जाओ।

बादशाह का आदेश पाकर मिर्जा मिर्जा सुलेमान और मिर्जा हिंदाल बिना कोई समय गंवाए, बलख के लिए रवाना हो गए। अपने भाइयों के आने से पहले ही हुमायूँ ने बलख पर हमला किया। उजबेगों का सेनापति पीर मोहम्मद हुमायूँ की सेना से लड़ने आया किंतु वह परास्त होकर भाग खड़ा हुआ।

अगले दिन हुमायूँ ने अपना शिविर किसी साफ स्थान पर लगाने का आदेश दिया। जब हुमायूँ का शिविर स्थानांतरित किया जा रहा था तब उसकी सेना में भगदड़ मच गई। हुमायूँ के चोबदारों ने भागती हुई शाही सेना को रोकने का भरसक प्रयास किया किंतु हुमायूँ की सेना उसे उजबेगों के सामने छोड़कर भाग गई।

जौहर तथा निजामुद्दीन नामक लेखकों ने लिखा है कि सेना को भय था कि कामरान पहले की ही तरह काबुल में प्रवेश करके काबुल में रह रहे सैनिकों के परिवारों को दुःख देगा, इसलिए हुमायूँ की सेना में भगदड़ मच गई। एक अन्य लेखक ने लिखा है कि मुगल सेना को समाचार मिला था कि बुखारा से उजबेगों की भारी सेना आ रही है, उस सेना के भय से हुमायूँ की सेना भाग खड़ी हुई।

हुमायूँ अपने घोड़े पर सवार होकर अपनी सेना को रोकने के लिए आया किंतु हुमायूँ की सेना ने उसकी बात नहीं सुनी! संयोगवश उसी दिन मिर्जा हिंदाल अपनी सेना लेेकर हुमायूँ के शिविर के पास पहुंचा। उसने हुमायूँ के शिविर को खाली पाया तो उसे बहुत आश्चर्य हुआ और किसी अनहोनी की आशंका से कुंदूज की तरफ भाग गया।

इस पर हुमायूँ ने गुलबदन के पति खिज्र ख्वाजः खाँ को आदेश दिए कि वह मिर्जाओं का पता लगाए कि मिर्जा लोग बादशाह की सेवा में क्यों नहीं आए? खिज्र खाँ दो दिन बाद समाचार लाया कि मिर्जा हिंदाल कुंदूज पहुंच गया है। इस बीच मिर्जा सुलेमान अपनी सेना लेकर बादशाह से आ मिला। कामरान और मिर्जा अस्करी ने एक बार फिर से मक्कारी की और वे बादशाह की सेवा में नहीं आए।

इस प्रकार हुमायूँ की सेना की कायरता तथा भाईयों के असहयोग के कारण हुमायूँ को एक बार फिर से शर्मनाक पराजय का सामना करना पड़ा था किंतु इस समय हुमायूँ अपने विद्रोही भाइयों के विरुद्ध कुछ भी करने की स्थिति में नहीं था। अतः हुमायूँ ने ख्वाजा खिज्र खाँ तथा मिर्जा सुलेमान को अपनी जागीरों में जाने के आदेश दिए तथा स्वयं भी काबुल लौट गया।

मार्ग में उज्बेगों ने हुमायूँ तथा सुलेमान दोनों पर आक्रमण किए। हुमायूँ के पास बहुत कम सैनिक थे। इसलिए हुमायूँ को स्वयं उज्बेगों के विरुद्ध हुए युद्ध में तलवार चलानी पड़ी। हुमायूँ ने उज्बेगों की इस टुकड़ी को परास्त कर दिया तथा बलख नदी पार करके काबुल पहुंचने में सफल हो गया।

उधर सुलेमान की सेना उज्बेगों से बुरी तरह परास्त हुई किंतु सुलेमान जीवित ही जफर दुर्ग तक पहुंचने में सफल रहा। इस प्रकार हुमायूँ द्वारा बलख पर किया गया यह अभियान बुरी तरह विफल हो गया।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

चचेरे भाई की पत्नी को कामरान ने प्रेमपत्र भिजवाया (80)

0
चचेरे भाई की पत्नी - www.bharatkaitihas.com
चचेरे भाई की पत्नी को कामरान ने प्रेमपत्र भिजवाया

जिस समय हुमायूँ उज्बेगों के विरुद्ध बलख अभियान में व्यस्त था उस समय मिर्जा कामरान और मिर्जा अस्करी को बलख आने के आदेश दिए गए थे किंतु उन दोनों ने पुरानी चाल पर कायम रहते हुए न केवल बादशाह के आदेश की अवहेलना की अपितु हुमायूँ की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर मिर्जा कामरान ने अपने चचेरे भाई की पत्नी को एक प्रेम पत्र भिजवाया।

पाठकों को स्मरण होगा कि हुमायूँ ने अपने सौतेले भाई कामरान को कोलाव का तथा अपने चचेरे भाई मिर्जा सुलेमान को जफर दुर्ग का गवर्नर बनाया था। जिस चचेरे भाई की पत्नी को कामरान ने प्रेमपत्र भिजवाया, वह यही मिर्जा सुलेमान था।

हालांकि मुगलों में स्त्री के सम्बन्ध में नैतिकता लगभग अनुपस्थित थी फिर भी चचेरे भाई की पत्नी को प्रेमपत्र लिखना किसी अपराध से कम नहीं माना जाता था।

मिर्जा सुलेमान की पत्नी बहुत सुंदर थी तथा मिर्जा कामरान की बहुत दिनों से उस पर कुदृष्टि थी। कामरान का विचार था कि मिर्जा सुलेमान तथा मिर्जा हुमायूँ उज्बेगों द्वारा मार डाले जाएंगे। अतः कामरान की दृष्टि में चचेरे भाई की पत्नी को पाने का यह अच्छा अवसर था।

मिर्जा कामरान ने बेगी आगः नामक स्त्री के हाथों एक पत्र और एक रूमाल अपने चचेरे भाई की पत्नी हरम बेगम के पास भिजवाया। बेगी आगः ने कोलाव से जफर दुर्ग पहुंचकर वह पत्र और रूमाल हरम बेगम के सामने रख दिया और उसे मिर्जा कामरान की ओर से मौखिक संदेश भी दिया।

बेगी आगः की इस धृष्टता को देखकर हरम बेगम ने अपने सैनिकों को आदेश दिया कि यह पत्र और रूमाल सुरक्षित करके रखो और जब मिर्जा कामरान बाहर से लौटकर आएं तो ये दोनों चीजें उनके सामने पेश करो। इस पर बेगी आगः ने हरम बेगम को समझाने का प्रयास किया। हरम बेगम ने बेगी आगः की ओर बड़ी घृणा और क्रोध से देखते हुए अपने सैनिकों से कहा कि इस बुढ़िया को पकड़ लो तथा मिर्जा इब्राहीम को हमारी सेवा में आने के लिए कहो।

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

मिर्जा इब्राहीम हरम बेगम का युवा पुत्र था। जब इब्राहीम ने अपने माता के कक्ष में आकर सलाम किया तो हरम बेगम ने इब्राहीम से कहा कि अपने पिता के लौटकर आने तक तुम इस दुष्ट स्त्री को पकड़ कर रखो। बेगम के आदेश की पालना की गई। कुछ लेखकों के अनुसार हरम बेगम स्वयं तलवार हाथ में लेकर शत्रु से युद्ध लड़ा करती थी और युद्ध में अपने पति सुलेमान के साथ जाया करती थी किंतु इस बार वह युद्ध में नहीं गई थी। जब मिर्जा सुलेमान बलख से लौट कर आया तो हरम बेगम ने अपने पति सुलेमान तथा अपने पुत्र इब्राहीम को बुलाकर उनसे कहा कि मिर्जा कामरान ने तुम दोनों को कायर समझ लिया है। इसीलिए उसने मुझे ऐसा पत्र लिखा है। मैं उसकी भयओ लगती हूँ फिर भी उसने मुझे ऐसा पत्र भेजा है। उस काल में मुगलों में छोटे भाई की पत्नी को भयओ कहा जाता था। हरम बेगम ने कहा कि मैं इसी योग्य हूँ कि मुझे ऐसा पत्र लिखा जाए। यह स्त्री, जो है तो इंसान की औलाद किंतु ऐसा वाहियात पत्र लेकर आई है, इस औरत के टुकड़े करवाए जाने चाहिए क्योंकि यह न तो मुझसे डरती है और न तुम दोनों से।

हरम बेगम की ऐसी कठोर बातें सुनकर मिर्जा सुलेमान ने बेगी आगः के टुकड़े कर दिए तथा बादशाह हुमायूँ को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की सूचना भिजवाई। सुलेमान ने हुमायूँ को लिखा कि मिर्जा कामरान हमसे शत्रुता करना चाहता है, इसलिए उसने बादशाह के आदेश की अवहेलना करके बलख पहुंचने में कोताही की है और मेरी पत्नी को ऐसा छिछोरा पत्र भिजवाया है। 

जब कामरान को ज्ञात हुआ कि मिर्जा सुलेमान ने बेगी आगः को मार डाला तथा बादशाह हुमायूँ को शिकायत लिख भेजी है तो कामरान को बादशाह का भय सताने लगा। उसने अपने पुत्र अबुल कासिम को मिर्जा अस्करी के पास भेज दिया और अपनी बेगम खानम से कहा कि वह अपनी पुत्री को लेकर खोस्त और अंदराब चली जाए तथा मेरा संदेश आने तक वहीं पर रहे। इसके बाद कामरान स्वयं अपनी एक पुत्री आयशा सुल्तान बेगम को अपने साथ लेकर कोलाब से टालिकान की ओर चला गया।

मिर्जा कामरान को आशा थी कि चूंकि उसकी पत्नी खानम, उज्बेगों की बेटी है इसलिए उज्बेग, खानम को तंग नहीं करेंगे किंतु जिस प्रकार कामरान में कोई नैतिकता नहीं थी, उसी प्रकार उज्बेगों ने भी नैतिकता नहीं दिखाई। जब उज्बेगों ने खानम को बहुत कम अनुचरों के साथ खोस्त एवं अंदराब की पहाड़ियों में यात्रा करते देखा तो उन्होंने खानम और उसकी पुत्री को लूट लिया। खानम ने अपना सर्वस्व लुटाकर अपने प्राण बचाए और बड़ी कठिनाई से अपने पीहर वालों के पास पहुंची।

मिर्जा कामरान को बलख में हुई हुमायूँ की पराजय के समाचार मिल चुके थे। कामरान यही चाहता था किंतु जब उसने सुना कि हुमायूँ जीवित ही काबुल पहुंच गया तो कामरान समझ गया कि अब जीवन में हुमायूँ से किसी तरह की रहम की आशा करना व्यर्थ है।

इधर जब हुमायूँ को मिर्जा सुलेमान का पत्र मिला तो उसने उसी समय काबुल छोड़ दिया तथा कामरान को पकड़ने के लिए टालिकान की ओर चल पड़ा। जब हुमायूँ किबचाक घाटी में पहुंचा तब कामरान ने उसे देख लिया। कामरान हुमायूँ के पीछे लग गया। जिस समय हुमायूँ एक तंग एवं नीची घाटी से निकल रहा था तब कामरान ने अचानक पहाड़ी के ऊपर प्रकट होकर लोहे के किसी शस्त्र से हुमायूँ के सिर पर पर करारा वार किया।

उस समय हुमायूँ सिर पर एक पगड़ी पहने हुआ था और पगड़ी के नीचे एक टोपी भी थी। हालांकि टोपी और पगड़ी को तो नुक्सान नहीं पहुंचा किंतु हुमायूँ का सिर फट गया तथा उसमें से रक्त की धार बहकर पैरों तक बहने लगी। कामरान ने समझा कि अब हुमायूँ का काम तमाम हो गया। इसलिए वह हुमायूँ को छोड़कर भाग गया।

गुलबदन बेगम ने लिखा है कि ठीक ऐसा ही एक प्रकरण बाबर के साथ भी हुआ था। उस पर भी किसी मुगल ने इसी तरह धोखे से वार किया था। उस समय बाबर एक लम्बी टोपी और पगड़ी पहने हुआ था। बाबर की टोपी और पगड़ी को भी कोई नुक्सान नहीं हुआ था किंतु बाबर के सिर से भी रक्त की धार बहने लगी थी। जिस तरह बाबर उस हमले के बाद जीवित बच गया था, उसी प्रकार हुमायूँ भी बच गया।

वस्तुतः गुलबदन बेगम ने पूरा विवरण नहीं लिखा है, किबचाक घाटी में हुमायूँ और कामरान की सेनाओं के बीच सम्मुख युद्ध हुआ था जिसमें हुमायूँ की सेना परास्त हुई थी और हुमायूँ को घायल हो जाने पर अपने प्राण बचाकर बदख्शां की तरफ भागना पड़ा था।

मिर्जा हिंदाल तो वहाँ था ही, मिर्जा सुलेमान भी अपने पुत्र इब्राहीम एवं सेना के साथ बदख्शां पहुंच गया। इन सेनाओं के साथ हुमायूँ काबुल लौट गया। मिर्जा सुलेमान और मिर्जा इब्राहीम हुमायूँ को छोड़ने के लिए काबुल तक साथ आए। मिर्जा कामरान ने इन लोगों का पीछा किया किंतु इस बार मिर्जा सुलेमान की सेना साथ होने के कारण कामरान, हुमायूँ पर हाथ नहीं डाल सका।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

हरम बेगम ने अपने जेठ हुमायूँ को विशाल सेना तैयार करके दी (81)

0
हरम बेगम - www.bharatkaitihas.com
हरम बेगम ने अपने जेठ हुमायूँ को विशाल सेना तैयार करके दी

जब मिर्जा सुलेमान और उसका पुत्र मिर्जा इब्राहीम बादशाह हुमायूँ को काबुल पहुंचाकर उससे विदा लेने लगे तो हुमायूँ ने उनके माध्यम से सुलेमान की पत्नी हरम बेगम के नाम संदेश भिजवाया कि भयओ से कहना कि बहुत जल्दी एक सेना सुसज्जित करके भेज दे।

हरम बेगम कामरान से अपने अपमान का बदला लेना चाहती थी। जब उसे बादशाह हुमायूँ का यह संदेश मिला तो वह काम पर जुट गई। उसने जफर दुर्ग से लेकर खोस्त तक के पहाड़ी गांवों में घूम-घूम कर सैनिकों की भर्ती की। कुछ ही समय में उसने कई हजार सैनिकों की एक बड़ी सेना खड़ी कर ली। हरम बेगम ने इस सेना के लिए घोड़े, अस्त्र-शस्त्र तथा अन्य सामग्री की व्यवस्था भी की। मुगलों के इतिहास में यह अकेला उदाहरण है जब किसी मुगल बेगम ने अपने बलबूते पर इतनी बड़ी सेना एकत्रित की हो!

हरम बेगम ने यह सेना अपने जेठ हुमायूँ को भेज दी ताकि उसका जेठ अपनी भयओ अर्थात् चचेरे भाई की पत्नी के अपमान का बदला ले सके। भयओ के ही अपमान का क्यों, मुगल हरम में ऐसी कौनसी औरत बची थी जिसका कामरान ने अब तक अपमान नहीं किया था! यही कारण था कि मुगलों की अधिकांश औरतें कामरान के रक्त की प्यासी हो गई थीं। इनमें गुलबदन बेगम और गुलबदन की माता दिलदार बेगम प्रमुख थीं।

जिस इंसान से औरतें नाराज हो जाएं, उसे बचाने के लिए कोई शक्ति आगे नहीं आती, न धरती की कोई शक्ति और न आसमान की कोई शक्ति। उस आदमी का नाश होकर रहता है, कामरान का नाश भी अब निकट आ गया था।

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

मिर्जा सुलेमान की पत्नी हरम बेगम द्वारा तैयार की गई सेना जब हुमायूँ की सेवा में पहुंची तो हुमायूँ ने बदख्शां पर अभियान करने का निश्चय किया जहाँ कामरान सहित सभी बागियों ने डेरा लगा रखा था। जून 1948 में हुमायूँ ने इस सेना के साथ बदख्शां के लिए प्रयाण किया। जब हुुमायूँ की सेना बंगी नदी को पार कर रही थी तब उन्हें एक स्थान पर ख्वाजा खिजरी मिल गया जो बादशाह का पक्ष छोड़कर कराचः खाँ आदि के साथ भाग गया था। ख्वाजा खिजरी को पकड़कर बादशाह के सामने प्रस्तुत किया गया। हुमायूँ के आदेश से हुमायूँ के अमीरों ने ख्वाजा खिजरी को हुमायूँ के सामने ही इतनी लातें और घूंसे मारे कि ख्वाजा खिजरी वहीं पर मर गया। एक दिन इस्माईल बेग दुलदाई भी पकड़ा गया, यह भी हुमायूँ को छोड़कर, कराचः खाँ के साथ भागा था। इसे भी हुमायूँ के आदेश से लात-घूंसे मारे गए किंतु मुनीम खाँ बादशाह के पैरों में गिरकर इस्माईल बेग के प्राणों की भीख मांगने लगा। हुमायूँ मुनीम खाँ का बड़ा सम्मान करता था, इसलिए हुमायूँ ने इस्माईल बेग दुलदाई को छोड़ दिया।

बंगी नदी पार करके हुमायूँ ने टालिकान घेर लिया। इस समय टालिकान दुर्ग पर कामरान के आदमियों ने कब्जा कर रखा था और कामरान भी बदख्शां से टालिकान आ गया था। हुमायूँ ने टालिकान के दुर्ग पर तोपों से गोले बरसाने के आदेश दिए। इस गोलाबारी में मुबारिज बेग की मृत्यु हो गई। किसी समय वह हुमायूँ का विश्वस्त अमीर हुआ करता था किंतु कराचः खाँ के बहकावे में आकर कामरान की तरफ हो गया था।

मुबारिज बेग की मृत्यु से हुमायूँ को बड़ा दुःख हुआ। उसने कामरान को पत्र लिखा कि तू लड़ाई-झगड़े का यह मार्ग छोड़ दे। अपने आदमियों पर और इस दुर्ग पर रहम कर। पत्रवाहकों ने यह पत्र कामरान को सौंप दिया किंतु कामरान ने हुमायूँ का प्रस्ताव ठुकरा दिया।

जब घेरा चलते हुए एक साल बीत गया, तब कामरान की स्थिति खराब होने लगी। एक दिन उसने एक तीर में पत्र बांधकर हुमायूँ के शिविर की तरफ फैंका जिसमें लिखा था कि अब मैंने सब-कुछ देख लिया है। मैं अपने किए पर पश्चाताप करता हूँ। मुझे सेवा में उपस्थित होने की अनुमति प्रदान की जाए। बादशाह की अनुमति का पत्र मक्का के मीर अरब के मार्फत मुझे भेजा जाए।

जब बादशाह को यह पत्र मिला तो बादशाह ने मीर अरब को अपने पास बुलाया तथा उससे कहा कि वह कामरान को पत्र लिखकर उसे मक्का जाने के लिए कहे। इस पर मीर अरब स्वयं कामरान से मिलने टालिकान के दुर्ग में गया। कामरान ने मीर से कहा कि मैंने पाप किया है। अब आप जो कहेंगे, मैं करूंगा।

इस पर मीर ने कहा कि बादशाह के जो अमीर, बेग और सैनिक भाग कर आपके पास आए हैं, उनकी गर्दनों में फंदा डालकर उन्हें बादशाह के सामने प्रस्तुत किया जाए। आप बादशाह के नाम का खुतबा पढ़ें तथा चुपके से हज्जाज चले जाएं।

मिर्जा कामरान ने मीर की बात मान ली तथा कहा कि मैं मक्का जाने के लिए तैयार हूँ किंतु बापूस को मेरे साथ जाने दिया जाए। मीर ने हुमायूँ के पास लौटकर सारी बातें बताईं। हुमायूँ ने कामरान को क्षमा करने तथा बापूस के साथ हज्जाज जाने की अनुमति देना स्वीकार कर लिया।

यह कैसी विडम्बना थी कि जिस बापूस ने कामरान का साथ छोड़कर हुमायूँ की सेवा ग्रहण की थी, जिस बापूस का घर कामरान ने गिरवाया था और जिस बापूस के तीन पुत्रों को मारकर उनके शव कामरान ने दुर्ग से बाहर फिंकवाए थे, आज उसी बापूस को अपने साथ मक्का ले जाने के लिए कामरान बेताब था!

अगले दिन हुमायूँ अपना शिविर छोड़कर निकटवर्ती बाग में चला गया। उसने हाजी मुहम्मद को आदेश दिया कि मिर्जा कामरान कुछ आदमियों के साथ मक्का जा रहा है। उसके चले जाने तक सल्तनत की सुरक्षा का पूरा प्रबंध किया जाए। मिर्जा के साथ शाही बर्ताव किया जाए। उसे शाही खिलअत तथा घोड़ा दिया जाए।

जब कामरान को ज्ञात हुआ कि बादशाह दुर्ग के सामने से हट गया है, तब कामरान ने टालिकान दुर्ग के दरवाजे भीतर से खुलवाए और वह अपने परिवार एवं विश्वस्त अनुचरों के साथ दुर्ग से बाहर आ गया। कामरान का काफिला चुपचाप मक्का की तरफ रवाना हो गया तथा हुमायूँ की सेना ने टालिकान दुर्ग में घुसकर दुर्ग पर अधिकार कर लिया।

जब रात हुई तो उन भगोड़े अमीरों एवं बेगों को बादशाह के समक्ष प्रस्तुत किया गया जो बादशाह को छोड़कर कामरान की तरफ भाग गए थे। सबसे पहले कराचः खाँ को गले में तलवार लटकाकर उपस्थित किया गया। हुमायूँ ने उसकी पुरानी सेवाओं का स्मरण करके उसे क्षमा कर दिया।

उसके बाद मुसाहिब बेग को भी गले में तलवार लटकाकर प्रस्तुत किया गया। बादशाह ने उसे भी क्षमा कर दिया। इस प्रकार जितने भी भगोड़े बादशाह के सामने लाए गए, बादशाह ने उन सबको क्षमा कर दिया। मिर्जा अस्करी अब भी बेड़ियों में बांधकर रखा गया। उसने क्षमा पाने के लिए बादशाह से कोई याचना नहीं की।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

कामरान का पश्चाताप देखकर बुग्गा फाड़कर रोने लगा हुमायूँ! (82)

0
कामरान का पश्चाताप - www.bharatkaitihas.com
कामरान का पश्चाताप

बाबर ने हुमायूँ को अपना उत्तराधिकारी बनाया था किंतु हुमायूँ के तीनों सौतेले भाइयों ने हुमायूँ से बगावत करके जीवन भर उससे युद्ध किया। इस कारण हुमायूँ के दुश्मनों ने हुमायूँ की सल्तनत नष्ट कर दी। इस पर भी हुमायूँ अपने सौतेले भाइयों से इतना प्रेम करता था कि कामरान का पश्चाताप देखकर हुमायूँ को बड़ा दुख हुआ और वह भरे दरबार में बुग्गा फाड़कर रोने लगा!

टालिकान के दुर्ग से निकलने के बाद कामरान बहुत धीमी गति से आगे बढ़ा। उसे अपने पिता का राज्य छोड़कर जाने की कोई जल्दी नहीं थी। बादामदरा नामक स्थान पर पहुंचकर कामरान ने मक्का जाने का निश्चय त्याग दिया तथा बापूस को बादशाह हुमायूँ के पास भेजकर कहलवाया कि मैंने बादशाह के प्रति बहुत अपराध किए हैं। इसलिए मैं मक्का जाने की बजाय बादशाह की सेवा में रहकर पश्चाताप करना चाहता हूँ।

संभवतः हुमायूँ भी यही चाहता था, इसलिए उसने कामरान का पश्चाताप देखकर यह प्रस्ताव सहर्ष स्वीकार कर लिया तथा उसे अपने दरबार में उपस्थित होने की अनुमति दे दी। जब मिर्जा कामरान बादशाह हुमायूँ के समक्ष उपस्थित हुआ तो हुमायूँ ने इस प्रसन्नता में मिर्जा अस्करी की बेड़ियां भी खुलवा दीं।

हुमायूँ ने कामरान के स्वागत में एक बड़े दरबार का आयोजन किया तथा अपने अमीरों को कामरान के स्वागत के लिए उसके सामने भेजा। निश्चत समय पर कामरान ने दरबार में आकर गलीचे का चुम्बन किया तथा धरती पर दण्डवत् गिरकर बादशाह से अपने अपराधों की क्षमा मांगी। कामरान का पश्चाताप देखकर हुमायूँ ने कहा कि बहुत उपचार हो चुका। आओ अब भाइयों की तरह बगलगीर हो जाओ।

हुमायूँ ने मिर्जा कामरान को धरती से उठाकर उसे सीने से लगाया। इस भावुक क्षण में हुमायूँ का गला भर आया और वह अचानक ही बुग्गा फाड़कर रोने लगा। यह एक आश्चर्य की ही बात थी कि हुमायूँ के भाइयों ने जीवन भर हुमायूँ के साथ विश्वासघात किया था और अनेक बार हुमायूँ की पीठ में छुरी भौंकी थी किंतु हुमायूँ अपने भाइयों से एक-तरफा प्रेम करता रहा। वह अपने पिता की इस सीख को कभी नहीं भूला कि उसके भाई चाहे उसके प्रति कितना ही अपराध क्यों न करें, वह अपने भाइयों को क्षमा करे और उन पर कृपा करता रहे।

हुमायूँ अपने भाइयों के प्रेम में इतना अंधा था कि वह समझ ही नहीं सका कि यह कामरान का पश्चाताप नहीं है, उसका एक और छल है। इस पश्चाताप के दिखावे की आड़ में वह हुमायूँ और अधिक गहरे दुख देने वाला था!

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

आज भी हुमायूँ उसी भावना से भरा हुआ था। बादशाह को बच्चों की तरह रोते देखकर बहुत से दरबारी भी रोने लगे। इनमें से बहुतों ने कभी न कभी अपने बादशाह से गद्दारी की थी किंतु उन्हें भी बादशाह ने उसी तरह क्षमा कर दिया था, जिस तरह वह अपने भाइयों को क्षमा करता रहता था। बादशाह से गले मिलने के बाद मिर्जा कामरान बादशाह के दायीं ओर बैठाया गया। इस पर बादशाह ने कहा कि वह और निकट खिसककर बैठे। मिर्जा सुलेमान सदैव हुमायूँ के बाईं ओर बैठता था। आज हुमायूँ ने उसे भी अपने दायीं ओर बैठाया। जब सभी दरबारी यथा-स्थान बैठ गए तब बड़ा भारी उत्सव मनाया गया। सभी को फल, मेवा एवं शाही व्यंजन परोसे गए। यह सभा देर शाम तक चलती रही। हुमायूँ ने कामरान का डेरा अपने डेरे के पास ही लगवाया था किंतु कामरान ने इच्छा प्रकट की कि वह आज की रात मिर्जा अस्करी के डेरे में बिताना चाहता है। बादशाह ने कामरान को मिर्जा अस्करी के डेरे पर जाने की अनुमति दे दी। अगले दिन बादशाह अपने समस्त भाइयों, मिर्जाओं, बेगों एवं अमीरों के साथ बंदगशा चश्मे पर पहुंचा।

किसी समय बाबर ने भी यहाँ मुकाम किया था और एक शिलालेख लगवाया था। तैमूर लंग के समय में इस पूरे क्षेत्र में हिन्दू प्रजा निवास किया करती थी किंतु तैमूर की सातवीं पीढ़ी अर्थात् हुमायूँ के समय तक इस क्षेत्र के समस्त हिंदू नष्ट हो चुके थे और पूरी तरह मुस्लिम प्रजा का निवास हो चुका था।

जिस स्थान पर कभी बाबर ने दरबार किया था, हुमायूँ ने भी उसी स्थान पर एक दरबार का आयोजन करके अपने राज्य को एक बार फिर से अपने भाइयों में बांट दिया। हुमायूँ ने इस स्थान पर इस आशय का एक शिलालेख भी लगवाया। कहा नहीं जा सकता कि इस स्थान पर बाबर एवं हुमायूँ द्वारा लगवाए गए शिलालेख अब कहाँ हैं!

मिर्जा कामरान को कोलाब का प्रदेश फिर से जागीर में दिया गया। मिर्जा सुलेमान को जफर का दुर्ग एवं जागीर दिए गए। उसके पुत्र मिर्जा इब्राहीम को टालिकान की जागीर एवं दुर्ग दिया गया। मिर्जा हिंदाल को कुंदूज, घूरी, कहमर्द, बलकन, इश्कमिश और नारी के दुर्ग एवं जागीरें दिए गए।

हुमायूँ ने मिर्जा कामरान को अपनी जागीर पर जाने के आदेश दिए तथा मिर्जा अस्करी को उसके साथ जाने की अनुमति दी। चाकर खाँ नामक एक अमीर कामरान का वकीले मुतलक अर्थात् प्रधानमंत्री हुआ करता था। हुमायूँ ने चाकर खाँ को भी कामरान के साथ जाने की अनुमति दे दी। इसी प्रकार करातीगीन नामक एक अमीर मिर्जा अस्करी का प्रमुख मंत्री हुआ करता था। करातीगीन को मिर्जा अस्करी के साथ जाने की अनुमति दी गई। शेर अली को मिर्जा हिंदाल के साथ भेजा गया।

इस दरबार के अंत में हुमायूँ ने प्रत्येक शहजादे को निशान और नक्कारा प्रदान किया। निशान का आशय झण्डे से और नक्कारे का आशय नगाड़े से है। अंत में बादशाह ने शर्बत पिया तथा अपने भाइयों को भी शर्बत पिलाकर विदा किया। मिर्जा कामरान, सुलेमान एवं हिंदाल को तमनतोग प्रदान किया गया।

तमनतोग याक की पूंछ से बनता था। यह शाही प्रभुत्व का प्रतीक चिह्न था तथा मुगल सल्तनत में सर्वोच्च पद का द्योतक था। उस काल में यह चिह्न बादशाह ही धारण किया करता था और शहजादों एवं मिर्जाओं को यह चिह्न धारण करने की अनुमति नहीं होती थी किंतु अपने भाइयों को संतुष्ट करने के लिए हुमायूँ ने उस प्राचीन परम्परा को तोड़ दिया ताकि हुमायूँ के प्रत्येक भाई को लगे कि वह स्वयं ही बादशाह है। 

इस आयोजन के बाद हुमायूँ काबुल के लिए चल दिया तथा उसके भाई भी अपनी-अपनी जागीरों में चले गए। इस यात्रा में हुमायूँ बड़ा प्रसन्न था। उसे लगता था कि उसके तथा उसके भाइयों के बीच का झगड़ा सदा के लिए समाप्त हो गया है।

मार्ग में हुमायूँ परियान के किले में ठहरा। तैमूर लंग के समय में यहाँ कतूर नामक स्थान हुआ करता था जिस पर हिंदुओं का शासन था। उस काल में इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में हिन्दू प्रजा निवास करती थी। तैमूर लंग ने यहाँ के समस्त हिंदुओं को मारकर परियान का किला बनवाया था।

हुमायूँ ने इस दुर्ग का नाम बदलकर इस्लामाबाद रख दिया तथा बेग मीराक को इस दुर्ग का किलेदार नियुक्त करके इस दुर्ग की मरम्मत करवाने के आदेश दिए। इसके बाद हुमायूँ काबुल के लिए रवाना हो गया।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

हुमायूँ की कृपा और भाइयों की दुष्टता (83)

0
हुमायूँ की कृपा - www.bharatkaitihas.com
हुमायूँ की कृपा और भाइयों की दुष्टता

हुमायूँ के विरुद्ध बारबार बगावत करने पर भी हुमायूँ अपने भाइयों से प्रेम ही करता रहा। हुमायूँ की कृपा देखकर उसके सौतेले भाइयों की दुष्टता छोड़ देनी चाहिए थी किंतु हुमायूँ के भाइयों ने अपना स्वभाव नहीं बदला, उन्होंने प्रेम की भाषा नहीं समझी और पूर्ववत् दुष्टता का दामन पकड़े रहे।

हुमायूँ ने अपने गद्दार भाइयों कामरान तथा अस्करी के अपराधों को भुलाकर उन्हें फिर से गले लगा लिया तथा अपने भाइयों में अपनी सल्तनत का फिर से बंटवारा कर दिया। इसके बाद हुमायूँ पारियान दुर्ग होता हुआ काबुल लौट आया। हुमायूँ को लगा कि अब सब-कुछ पहले जैसा हो जाएगा किंतु हुमायूँ की कृपा से भी उसके दुष्ट भाइयों का दिल नहीं पसीजा।

एक दिन एक उज्बेग शहजादा अब्बास सुल्तान, हुमायूँ से मिलने काबुल आया। हुमायूँ ने उसका स्वागत किया तथा अपनी छोटी बहिन गुलचेहर बेगम का उससे विवाह कर दिया। उन्हीं दिनों काश्मीर के शासक मिर्जा हैदर ने अपना एक दूत हुमायूँ के पास भेजकर उसे काश्मीर आने के लिए आमंत्रित किया।

हुमायूँ के सौभाग्य से उन्हीं दिनों ईरान से भी शाह का एक दूत आकर हुमायूँ से मिला। हुमायूँ ने उसके हाथों ईरान के शाह के लिए बहुत से उपहार भिजवाए। हुमायूँ ने अनुभव किया कि उसके जीवन का बुरा समय बीत गया है और अच्छे दिन लौट आए हैं। फरवरी 1549 के आरम्भ में हुमायूँ ने बल्ख पर अभियान करने का निश्चय किया ताकि कुछ साल पहले असफल रहे अभियान को अब पूर्ण किया जा सके।

हुमायूँ ने एक बार फिर से अपने सौतेले एवं चचेरे भाइयों को बल्ख आने के लिए लिखा और स्वयं भी एक सेना लेकर बल्ख के लिए रवाना हो गया। सबसे पहले मिर्जा सुलेमान का पुत्र मिर्जा इब्राहीम अपनी सेना लेकर हुमायूँ की सेना से आ मिला। हुमायूँ काबुल से चलकर ईस्तालिफ, पंजसीर, अन्दाब और नारी होता हुआ नीलबर नामक स्थान पर पहुंचा। मिर्जा हिन्दाल तथा मिर्जा सुलेमान भी नीलबर में हुमायूँ से आ मिले।

TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

मिर्जा कामरान तथा मिर्जा अस्करी पहले की तरह इस बार भी नहीं पहुंचे। हुमायूँ को विश्वास था कि इस बार वे दोनों अवश्य आएंगे। जब हुमायूँ बकलान के निकट पहुंचा तो उसने अपनी सेना ऐबक नामक कस्बे पर आक्रमण करने भेजी। यह कस्बा बल्ख पर अधिकार जमाए बैठे उज्बेगों के अधीन था। हुमायूँ की सेना ने तीन दिन तक ऐबक दुर्ग की घेराबंदी करके उसे अपने अधिकार में ले लिया। यहाँ से हुमायूँ ट्रांसऑक्सियाना विजय के लिए जाना चाहता था किंतु वह कामरान की प्रतीक्षा में ऐबक में ही ठहरा रहा। हुमायूँ का यह निर्णय हुमायूँ के लिए एक बार फिर से भारी पड़ गया। तब तक बल्ख के उज्बेगों ने दूर-दूर के उज्बेग राज्यों से उज्बेगों की सेनाएं बुला लीं और वे हुमायूँ की सेना पर टूट पड़े। स्वयं हुमायूँ को भी इस युद्ध में तलवार चलानी पड़ी और बड़ी कठिनाई से उज्बेगों को खदेड़ा जा सका। हुमायूँ चाहता था कि उज्बेगों का पीछा करके उन्हें नष्ट किया जाए किंतु हुमायूँ के कुछ अमीर तुरंत काबुल लौट जाना चाहते थे। उन्हें कामरान का भय सता रहा था। इसलिए उन्होंने हुमायूँ की सेना में यह अफवाह फैला दी कि कामरान काबुल के लिए रवाना हो गया है।

हुमायूँ के कुछ अमीर इस अफवाह पर विश्वास करके अपनी सेनाएं लेकर एक बार फिर से हुमायूँ को छोड़कर काबुल की तरफ भाग गए। वे बादशाह की बजाय अपने परिवारों को बचाना अधिक श्रेयस्कर समझते थे।

हुमायूँ के सामने अब तक यह अच्छी तरह स्पष्ट हो गया था कि जब तक हुमायूँ अपनी सेना के मन से कामरान का भय समाप्त नहीं करता, तब तक हुमायूँ को किसी भी अभियान में सफलता नहीं मिल सकती। कामरान पर हुमायूँ की कृपा का कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।

इसलिए हुमायूँ एक बार फिर बल्ख अभियान को अधूरा छोड़कर काबुल की तरफ लौट पड़ा। जब उज्बेगों को ज्ञात हुआ कि हुमायूँ काबुल लौट रहा है, तो उज्बेगों की सैनिक टोलियों ने हुमायूँ पर पीछे से आक्रमण करना आरम्भ कर दिया।

जब हुमायूँ अपने सैनिकों के साथ एक जंगल से होकर निकल रहा था, तब उज्बेग बिल्कुल निकट आ गए और हुमायूँ के दस्ते पर तीर बरसाने लगे। एक तीर हुमायूँ के घोड़े को आकर लगा और घोड़ा धरती पर गिर कर मर गया। हुमायूँ की सेना हुमायूँ को जंगल में ही छोड़कर भाग गई। ऐसा वह पहले भी कर चुकी थी।

हुमायूँ के अंगरक्षकों ने बड़ी कठिनाई से उसे अपने घेरे में लिया। हैदर मुहम्मद अख्ता नामक एक अमीर ने बादशाह को अपना घोड़ा दिया जिस पर बैठकर हुमायूँ उज्बेगों की पकड़ से दूर हो गया। अबुल फजल ने लिखा है कि हुमायूँ ने अपने कुछ सैनिक काबुल की तरफ दौड़ाए ताकि वे अकबर के पास पहुंचकर सैनिक सहायता ला सकें।

उज्बेग अब भी हुमायूँ के पीछे लगे हुए थे। हुमायूँ चहार चश्मा घाटी, घूरबंद, सियारान तथा कराबाग होता हुआ मामूरा नामक स्थान पर पहुंचा। यहीं पर अकबर अपनी सेना लेकर आ पहुंचा। इस समय अकबर की आयु 6-7 साल की थी। इसलिए अबुल फजल की यह बात सही प्रतीत नहीं होती कि अकबर सेना लेकर आया। 6-7 साल का बालक इस लायक नहीं होता कि किसी सेना का नेतृत्व कर सके।

अकबर द्वारा लाई गई सेना के साथ हुमायूँ काबुल पहुंचा। इस प्रकार एक बार फिर से मिर्जा कामरान तथा मिर्जा अस्करी द्वारा साथ नहीं दिए जाने के कारण हुमायूँ का अभियान बुरी तरह से विफल हो गया।

काबुल पहुंचकर हुमायूँ ने अपने अमीरों एवं वजीरों के पदों में बड़े बदलाव किए। वह अपने अमीरों की कायरता से परेशान था जो किसी भी तरह विश्वसनीय नहीं थे। इसलिए हुमायूँ ने पुराने वजीर को हटाकर अफजल खाँ को वजीर नियुक्त किया तथा ख्वाजा मुहम्मद बेग को अपना दीवान बनाया। संभवतः इन लोगों ने मुसीबत के क्षणों में हुमायूँ का साथ नहीं छोड़ा था।

अब हुमायूँ ने मिर्जा कामरान और मिर्जा अस्करी की सुधि ली जो वायदा करके भी हुमायूँ की सेवा में नहीं पहुंचे थे। मिर्जा कामरान ने इस बार भी पुराना वाला रवैया अपनाया था। उसने हुमायूँ की कृपा पर विचार करके, हुमायूँ की सेवा में उपस्थित होने की बजाय मिर्जा सुलेमान से अपना पुराना वैर चुकता करने के लिए टालिकान पहुंचने का निर्णय लिया। कामरान ने अपनी राजधानी कुलाब को मिर्जा अस्करी के संरक्षण में छोड़ा और स्वयं सेना लेकर टालिकान के लिए रवाना हो गया।

इस समय मिर्जा सुलेमान टालिकान में नहीं होकर बल्ख की सीमा पर हुमायूँ के साथ था। जब सुलेमान को ज्ञात हुआ कि कामरान टालिकान पर चढ़कर आया है तो सुलेमान ने हुमायूँ से अनुमति लेकर अपने पुत्र मिर्जा इब्राहीम को टालिकान के लिए रवाना किया। जब हुमायूँ उज्बेगों से परास्त होकर काबुल चला गया तो मिर्जा सुलेमान और मिर्जा इब्राहीम टालिकान जाने की बजाय बदख्शां की घाटी में चले गए ताकि मिर्जा कामरान से बचा जा सके।

हुमायूँ की पराजय और सुलेमान के पलायन के बाद मिर्जा कामरान ने कुंदूज पर शासन कर रहे अपने सौतेले भाई मिर्जा हिंदाल को संदेश भिजवाया कि वह हुमायूँ का साथ छोड़कर कामरान की तरफ हो जाए। मिर्जा हिंदाल एक बार हुमायूँ को छोड़ने की गलती कर चुका था और अब वह इस गलती को दोहराना नहीं चाहता था। इसलिए मिर्जा हिंदाल ने मिर्जा कामरान का प्रस्ताव ठुकरा दिया।

इस पर कामरान ने कुंदूज को घेर लिया। कामरान ने उज्बेगों को भी अपनी सहायता के लिए बुलवा लिया। मिर्जा हिंदाल कामरान तथा उज्बेगों की सम्मिलित सेनाओं का सामना नहीं कर सकता था। इसलिए उसने एक चाल चली। यह एक ऐसी शातिर चाल थी जो दुनिया के हर कोने में चली जाती थी और हर बार अपने उद्देश्य में सफल रहती थी।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

- Advertisement -

Latest articles

सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व में फंसी कबीर की राम-भक्ति - bharatkaitihas.com

सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व में फंसी कबीर की राम-भक्ति

0
हिन्दू सनातन धर्म परम्परा (Sanatan Dharma Tradition) में सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व उपनिषदों के काल से ही दिखाई देने लगता है। कबीर की रामभक्ति भी इसी...
काशी नामकरण का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य - bharatkaitihas.com

काशी नामकरण का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य

0
काशी (Kashi) को पुराणों] धर्मशास्त्रों, विविध हिन्दू ग्रंथों, इतिहास ग्रंथों  तथा लोकपरंपरा में अनेक नामों से पुकारा जाता है। इसके प्रमुख नाम निम्नलिखित हैं— काशी...
तिरुक्कुरल विश्व साहित्य का गौरव - bharatkaitihas.com

तिरुक्कुरल : विश्व साहित्य का गौरव

0
तिरुक्कुरल (Thirukkural) केवल एक पुस्तक नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक संपूर्ण संहिता है। इसे 'तमिल वेद' और 'विश्व नीतिशास्त्र' के रूप...
डिजिटल क्रांति www.bharatkaitihas.com

डिजिटल क्रांति और भविष्य की तैयारी

0
चारों ओर डिजिटल क्रांति का शोर है किंतु हमारे पास भविष्य की क्या तैयारी है! क्या हमने कभी इस पर गंभीरता से विचार किया...
वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट : नीले पानी में नहाती औरतों का रहस्य - www.bharatkaitihas.com

वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट : नीले पानी में नहाती औरतों का रहस्य

0
वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट एक ऐसी पहेली, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दिग्गज कोड-ब्रेकर्स से लेकर आज के सबसे एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सुपर कंप्यूटर्स...