Sunday, August 24, 2025
spot_img

रजिया का दांव

जब शाह तुर्कान के अत्याचारों के कारण दिल्ली सल्तनत में चारों ओर असंतोष फैल गया तो राजनीति की चतुर खिलाड़ी शहजादी रजिया ने शाह तुर्कान से पंजा लड़ाने का निश्चय किया। रजिया का दांव उलटा भी पड़ सकता था किंतु रजिया के लिए यह करो या मरो जैसी स्थिति थी।

राजनीति के दांवपेच

किशोरावस्था से ही अपने पिता का राज्यकार्य संभाल रही शहजादी रजिया को भी राजनीति के दांवपेच भलीभांति आ गये थे। वह रुकुनुद्दीन तथा उसकी मां बेगम तुर्कान से अधिक मजबूत राजनीति कर सकती थी। जब उसने सुना कि प्रांतीय सूबेदार दिल्ली पर आक्रमण करने की योजना बना रहे हैं तो उसने निष्क्रिय बैठे रहना उचित नहीं समझा।

उसने प्रांतीय सूबेदारों के दिल्ली पहुंचने से पहले ही दिल्ली के तख्त पर बैठने की योजना बनाई तथा शाह तुर्कान से दो-दो हाथ करने का निश्चय किया।

राजीनति में सौन्दर्य का घालमेल

शहजादी रजिया भी शाह तुर्कान की तरह बला की खूबसूरत थी। वह तुर्कान से अधिक बुद्धिमान थी। इस समय रजिया का यौवन अपने चरम पर था और वह स्वयं भी दैहिक सौन्दर्य की ताकत को अच्छी तरह समझती थी। जबकि तुर्कान अपना यौवन गंवाकर प्रौढ़ावस्था को प्राप्त कर चुकी थी।

शहजादी रजिया के साथ एक अच्छी बात और यह थी कि वह अभी तक अविवाहित थी और बहुत से अमीरों ने विशेषकर युवा अमीरजादों ने रजिया को पाने के ख्वाब पाल रखे थे। रजिया इन सब बातों से अनजान नहीं थी। उसने मन ही मन एक योजना बनाई और अकेली ही उस योजना को अमल में लाने के लिये तैयार हो गई। युद्ध में विजय प्राप्त करने के लिये उसके पास केवल दो हथियार थे एक तो उसकी बुद्धि और दूसरा उसका दैहिक सौन्दर्य। इन्हीं हथियारों के बल पर रजिया ने अपना भाग्य आजमाने का निश्चय किया।

शहजादी रजिया का दांव

एक शुक्रवार को जब मुसलमान, दिल्ली की जामा मस्जिद में मध्याह्न की नमाज के लिए एकत्रित हो रहे थे, रजिया चुपचाप अपने महल से बाहर निकल पड़ी। उसने भड़काऊ लाल रंग का लिबास पहन रखा था जो नौजवानों को पागल कर देने के लिये काफी था। वह अपनी मोहक अदा के साथ घोड़े पर सवार हुई और आधे मुंह पर नकाब लगाकर अचानक मस्जिद के सामने प्रकट हुई।

उस समय लोग नमाज पढ़कर लौट रहे थे। रजिया ने इन लोगों के समक्ष, शाही तथा मनमोहक अंदाज में शाह तुर्कान के विरुद्ध अभियोग लगाते हुए अपने लिये न्याय की प्रार्थना की। सैंकड़ों मुस्लिम नौजवान शहजादी के के रूप-पाश और मोहक अभिनय के जादू में बंध गये। उन्होंने बेइन्तहा हुस्न की परी रजिया की अभ्यर्थना स्वीकार कर ली।

देखते ही देखते नौजवानों ने शाही महल घेर लिया। रजिया के इस तरह सहायता मांगने की खबर दिल्ली की तंग गलियों में आग की तरफ फैली और हजारों लोग अपने घरों से हथियार लेकर महल की तरफ बढ़ने लगे। बहुत से अमीर तथा अमीरजादे भी अपने सिपाहियों को लेकर रजिया की मदद के लिये पहुंचने लगे।

जब उनकी संख्या कई हजार हो गई तो उनके मन से सुल्तान के सिपाहियों का भय जाता रहा और वे सिपाहियों को धकेल कर महल में घुस गये। सुल्तान के सिपाही भी सुल्तान के प्रति ज्यादा वफादार नहीं थे। महल में घुसी भीड़ ने सुल्तान की माँ शाह तुर्कान को बंदी बना लिया तथा घसीटते हुए महल के बाहर ले लाये। उसके बाद सुल्तान को भी ढूंढ निकाला गया और बंदी बना कर जेल में ठूंस दिया गया।

रजिया का दांव सही बैठा था। सुल्तान के महल पर शहजादी रजिया के चाहने वालों का कब्जा हो गया। 9 नवम्बर 1236 को अपदस्थ सुल्तान रुकुनुद्दीन फीरोजशाह की हत्या कर दी गई। उसी दिन शाह तुर्कान को भी मार डाला गया। इस प्रकार रजिया के लिये मैदान साफ हो गया।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

Related Articles

Stay Connected

21,585FansLike
2,651FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

// disable viewing page source