Sunday, August 24, 2025
spot_img

नवपाषाण कालीन सभ्यताएं

भारत में नवपाषाण कालीन सभ्यताएँ सामान्यतः मध्यपाषाण कालीन सभ्यताओं के बाद आरम्भ हुईं किंतु कुछ स्थल ऐसे भी थे जिनमें पूर्वपाषाण काल के बाद सीधे ही नवपाषाण काल आ गया। हालांकि ऐसा बहुत कम स्थलों पर देखा गया है। नव पाषाण कालीन सभ्यताएं निओलिथिक पीरियड भी कहलाती हैं।

धरती पर पूर्व-पाषाण-कालीन सभ्यता लगभग 35 लाख वर्ष तक चलती रही। भारत में इस संस्कृति की आयु लगभग 5 लाख साल सिद्ध हुई। इतने लम्बे समय तक मानव का संस्कृति के एक ही चरण में बने रहने का कारण यह था कि पूर्वपाषाण कालीन संस्कृति को जन्म देने वाले ‘होमो सेपियन’ मानव का मस्तिष्क अधिक विकसित नहीं था।

नवपाषाण कालीन सभ्यताएं

मध्यपाषाण कालीन सभ्यता ई.पू.8000 से ई.पू.4000 तक अर्थात् लगभग 4 हजार साल तक धरती पर रही। इसका कारण यह था कि मध्यपाषाण कालीन संस्कृति को जन्म देने वाला ‘क्रोमैगनन मानव’ अधिक बड़े एवं विकसित मस्तिष्क का स्वामी था। इस कारण उसने लगभग चार हजार साल में ही मध्यपाषाण-कालीन संस्कृति को त्यागकर नव-पाषाण कालीन संस्कृति को जन्म दिया।

काल निर्धारण

पश्चिमी एशिया के इतिहास में ई.पू.8000 से ई.पू. 4000 के बीच की अवधि में पहली प्रौद्योगिक क्रांति घटित हुई, क्योंकि इसी अवधि में कृषि, कपड़़ा बुनाई, गृह-निर्माण आदि कलाओं का आविष्कार हुआ। इस प्रकार धरती पर ई.पू.4000 के आसपास नव-पाषाण-काल आरम्भ हुआ परन्तु भारतीय प्रायद्वीप में भी नवपाषाण युग का आरम्भ ई.पू.4000 के लगभग हुआ।

इसी युग में भारतीय प्रायद्वीप में चावल, गेहूँ और जौ आदि महत्त्वपूर्ण अनाजों की खेती आरम्भ हुई। इस भूभाग में आरंभिक गांवों की स्थापना भी इसी युग में हुई। मानव अब सभ्यता की देहली पर पैर रखने जा रहा था। दक्षिणी भारत और पूर्वी भारत में ऐसी कुछ बस्तियों की स्थापना 1000 ई.पू. में भी होती रही।

नवपाषाण कालीन सभ्यताएं : सांस्कृतिक विशेषताएँ

नव-पाषाण-कालीन मानव का जीवन

नव-पाषाण-कालीन संस्कृति के मानव का जीवन पर्याप्त कष्टमय था। उसे पत्थरों के औजारों और हथियारों पर ही पूर्णतः आश्रित रहना पड़ता था, इसलिए वह पहाड़ी क्षेत्रों से अधिक दूरी पर अपनी बस्तियों की स्थापना नहीं कर पाया। बहुत अधिक परिश्रम करने पर भी वह केवल अपने निर्वहन भर के लिए अनाज पैदा कर पाता था।

नव-पाषाण-कालीन संस्कृति के औजार

नव-पाषाण-कालीन संस्कृति के मानव ने पॉलिशदार पत्थर के औजारों का उपयोग किया। पत्थर की कुल्हाड़ियां उसका प्रमुख औजार थीं जो प्रायः समस्त भारत में बड़ी संख्या में मिली हैं। उस युग के लोगों ने काटने के इस औजार का कई प्रकार से उपयोग किया। परशु (कुल्हाड़ी) चलाने में प्रवीण वीर परशुराम का प्रचीन आख्यान प्रसिद्ध है। इस युग के पॉलिशदार औजारों में लघु-पाषाणों के फलक भी हैं।

नव-पाषाण-कालीन संस्कृति के स्थल

नवपाषाण युग के मनुष्यों की बस्तियों को, उनके द्वारा प्रयुक्त कुल्हाड़ियों की किस्मों के आधार पर, तीन महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों में बांट सकते हैं- (1.) उत्तर दिशा में बर्जेहोम, (2.) पूर्व दिशा में चिरंड तथा (3.) दक्षिण दिशा में गोदावरी नदी के दक्षिण में।

(1.) बुर्जहोम

कश्मीर की घाटी में श्रीनगर से 20 किलोमीटर दूर बर्जेहोम नामक स्थान है। यहाँ के नव-पाषाण-कालीन मानव, एक प्लेट पर, गड्ढे वाले घरों में रहते थे। पशुओं और मछलियों के आखेट पर ही उनका जीवन आश्रित था। अनुमान होता है कि वे कृषि अथवा पालतू पशुओं से परिचित नहीं थे। वे पत्थर के पॉलिशदार औजारों का उपयोग करते थे, उनके बहुत से औजार और हथियार हड्ड्यिों से बने हुए हैं।

बुर्जहोम के लोग अपरिष्कृत धूसर मृद्भाण्डों का उपयोग करते थे। बुर्जहोम में पालतू कुत्ते भी स्वामियों के शवों के साथ शवाधानों में गाढ़े जाते थे। गड्ढों वाले घरों में रहने और स्वामी के शव के साथ उसके पालतू कुत्ते को गाढ़ने की प्रथा भारत में नवपाषाण युगीन लोगों में अन्यत्र कहीं भी देखने को नहीं मिलती। बुर्जहोम की बस्ती ई.पू.2400 की है।

(2.) चिरंड

भारत में दूसरा स्थान चिरंड है जहाँ से नवपाषाण-कालीन उपकरणों के साथ पर्याप्त मात्रा में हड्डियों के औजार भी मिले हैं। यह स्थल पटना से 40 किलोमीटर पश्चिम में गंगा के उत्तर में स्थित है। ये औजार उत्तर नवपाषाण-युगीन स्तरों वाले ऐसे क्षेत्र में मिले हैं जहाँ लगभग 100 सेंटीमीटर वर्षा होती है। यहाँ पर चार नदियों- गंगा, सोन, गंडक और घाघरा का मिलन-स्थल होने के कारण खुली धरती उपलब्ध थी। चिरंड से प्राप्त हड्डियों के औजार ई.पू.1600 लगभग के हैं।

(3.) गोदावरी नदी

नवपाषाण युगीन लोगों के एक समूह का निवास दक्षिण भारत में गोदावरी नदी के दक्षिण में निवास करता था। इन्होंने अपनी बस्तियां सामान्यतः ग्रेनाइट की पहाड़ियों के ऊपर अथवा नदी तट के समीप के टीलों पर स्थापित कीं। ये लोग पत्थर की कुल्हाड़ियों के साथ-साथ एक प्रकार के प्रस्तर-फलकों का भी उपयोग करते थे। आग में पकायी गयी लघु मृण्मूर्तियों को देखने से अनुमान होता है कि वे कई पशुओं को पालते थे। वे गाय-बैल, भेड़ और बकरियां रखते थे। वे सिलबट्टे का उपयोग करते थे, जिससे ज्ञात होता है कि वे अनाज पैदा करने की कला जानते थे।

(4.) अन्य स्थल

भारत के पूर्वोत्तर में स्थित असम की पहाड़ियों तथा मेघालय की गारो पहाड़ियों में नव-पाषण-संस्कृति के औजार मिले हैं। इनका काल निर्धारित नहीं किया जा सका है। इनके अतिरिक्त विंध्याचल के उत्तरी भागों में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और इलाहाबाद जिलों से भी अनेक नवपाषाण युगीन स्थल मिले हैं। इलाहाबाद जिले के नवपाषाण युगीन स्थलों की विशेषता यह है कि यहाँ ईसा पूर्व की छठी सहस्राब्दी में भी चावल की खेती की जाती थी। बलोचिस्तान में भी नवपाषाण युग के कुछ स्थल मिले हैं।

नवपाषाण कालीन सभ्यताएं : उत्खनन

भारत में अब तक जिन नवपाषाण युगीन स्थलों अथवा स्तरों का उत्खनन हुआ है, उनमें प्रमुख हैं- कर्नाटक में मास्की, ब्रह्मगिरी, हल्लुर, कीड़कल, संगनकल्लु, टी. नरसीपुर तथा तैक्कलकोट, तमिलनाडु में पेयमपल्ली, आन्ध्रप्रदेश में पिकलीहल और उतनूर। यहाँ नवपाषाण अवस्था का चरण लगभग ई.पू.2500 से ई.पू.1000 तक रहा, यद्यपि उतनूर के लिए प्राचीनतम कार्बन-तिथि ई.पू.2300 है।

नवपाषाण कालीन सभ्यताएं : जीवन शैली

आवास

नव-पाषाण युगीन मानव ने प्राकृतिक आवासों अर्थात् पर्वतीय गुफाओं एवं पेड़ों का आश्रय त्यागकर नदी तटों एवं पर्वतों के समतल स्थानों पर पेड़ों की टहनियों, तनों, सूखी लकड़ियों, घास, पशुओं की हड्डियों तथा खालों आदि से आवास बनाने आरम्भ किए। ये आवास झुण्ड में बनते थे।

औजार

इस युग के औजार एवं हथियार पत्थर से ही बनाए जाते थे किंतु अब उनमें पहले की अपेक्षा अधिक वैविध्य, कौशल एवं सौन्दर्य का समावेश किया गया। नव-पाषाण-कालीन औजारों एवं हथियारों पर पॉलिश की जाने लगी। इनके निर्माण के लिए अच्छे दाने के गहरे हरे रंग के ट्रप का उपयोग किया जाने लगा। इस युग के औजारों में कुल्हाड़ियाँ, चाकू, तीर, ओखली, मूसल, पीसने के औजार, स्क्रैपर तथा पॉइण्टर उपलब्ध हुए हैं।

कृषि

नवपाषाण युग की कुल्हाड़ियां उड़ीसा के पहाड़ी क्षेत्रों में भी मिली हैं। देश के इस भाग में चावल की खेती और छोटे पैमाने की बस्तियों की शुरूआत काफी पहले हुई थी। बाद के नवपाषाण युगीन अधिवासी ऐसे कृषक थे जो मिट्टी और सरकंडों से बनाए गए गोलाकार अथवा चौकोर घरों में रहते थे। गोलाकार घरों में रहने वाले लोगों की सम्पत्ति सामूहिक होती थी। यह निश्चित है कि ये लोग स्थायी अधिवासी बन गए थे। ये रागी और कुलथी पैदा करते थे।

पशु-पालन

पिकलीहल के नवपाषाण युगीन अधिवासी पशुपालक थे। वे गाय-बैल, भेड़-बकरी आदि पालते थे। वे मौसमी पड़ाव डालकर खंभों और खूँटों से गौशालाएं खड़ी करते थे और बाड़ों के भीतर गोबर का ढेर लगाते थे। फिर इस पड़ाव को आग लगाकर आगामी मौसम के पड़ाव के लिए इसे साफ करते थे। पिकलीहल में ऐसे राख के ढेर ओर पड़ावस्थल दोनों ही मिले हैं।

बर्तन

चूँकि नवपाषाण अवस्था के कई अधिवासी समूह अनाजों की खेती करते थे और पालतू-पशु भी पालते थे, इसलिए उन्हें अनाज और दूध रखने और पकाने-खाने के लिए उन्हें बर्तनों की आवश्यकता थी। चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाना इस युग का महत्त्वपूर्ण अविष्कार था। इसी युग में मानव ने मिट्टी के बर्तनों को आग में पकाकर मजबूत बनाना सीखा।

धर्म

नव-पाषाण काल में धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए। चूँकि शवों के साथ दैनिक आवश्यकता की वस्तुएं भी शवाधानों से प्राप्त हुई हैं इसलिए अनुमान होता है कि इस काल का मानव पुर्नजन्म में अथवा मृत्यु के बाद के किसी विशेष तरह के जीवन में विश्वास करता था।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

यह भी देखें-

भारत की पाषाण सभ्यताएँ एवं संस्कृतियाँ

पूर्व-पाषाण कालीन सभ्यताएं (पेलियोलीथिक पीरियड)

मध्यपाषाण कालीन सभ्यताएँ (मीजोलिथिक पीरियड)

नवपाषाण कालीन सभ्यताएँ (निओलिथिक पीरियड)

भारत की आदिम जातियाँ (पाषाण युगीन जातियाँ)

भारत में ताम्राश्म संस्कृतियाँ

महापाषाण संस्कृति

Related Articles

Stay Connected

21,585FansLike
2,651FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

// disable viewing page source